दिल्ली में पिछले दिनों NSUI के प्रदर्शन के दौरान महिला पुलिस कांस्टेबल चंचल यादव के साथ मारपीट का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है. एक दिन पहले राहुल गांधी ने प्रदर्शनकारियों के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस की थी. अब कांस्टेबल ने इस मामले में FIR दर्ज कराई है. जानकारी के मुताबिक घटना के समय चंचल नई दिल्ली इलाके में ड्यूटी पर तैनात थीं. वहीं प्रदर्शन के दौरान हिरासत में ली गई एक महिला प्रदर्शनकारी ने भी चंचल यादव और अन्य पुलिसकर्मियों पर मारपीट के आरोप लगाए हैं. दोनों पक्षों की ओर से लगाए गए आरोपों के बीच अब इस एफआईआर ने मामले में नया ट्विस्ट ले लिया है.
असल में NSUI के कार्यकर्ता दिल्ली में प्रदर्शन कर रहे थे. इस दौरान प्रदर्शनकारियों को संभालने की कोशिश कर रहे पुलिसकर्मियों और प्रदर्शनकारियों के बीच विवाद हुआ. आरोप है कि इसी दौरान NSUI की एक महिला कार्यकर्ता ने बस की चाबी छीन ली और उसे बस से बाहर जमीन पर फेंक दिया. महिला कांस्टेबल चंचल यादव ने जब उसे रोकने की कोशिश की तो महिला कार्यकर्ता ने कथित तौर पर उनके साथ मारपीट की. आरोप यह भी है कि इस दौरान कांस्टेबल को बस से बाहर जमीन पर गिरा दिया गया.
घटना के बाद कांस्टेबल चंचल यादव ने मेडिकल लीगल केस MLC कराया था और अपने वरिष्ठ अधिकारियों को भी मामले की जानकारी दी. अब उन्होंने इस मामले में FIR दर्ज कराई है. पुलिस के मुताबिक घटना से जुड़ी जानकारी जुटाई जा रही है.
दूसरी तरफ प्रदर्शन के दौरान हिरासत में ली गई एक महिला प्रदर्शनकारी ने पुलिसकर्मियों पर मारपीट करने का आरोप लगाया है. उसका दावा है कि हिरासत में लेने के बाद उसे डिटेंशन बस के अंदर पीटा गया. प्रदर्शनकारी ने आरोप लगाया कि कांस्टेबल चंचल यादव ने उसका गला दबाया, नाखूनों से खरोंचा और थप्पड़ मारे. उसके मुताबिक, इस दौरान उसके कान में पहनी बाली धंस गई, जिसके बाद उसे अस्पताल में इलाज कराना पड़ा.
महिला प्रदर्शनकारी ने अपनी शिकायत में यह भी आरोप लगाया कि उसे बाद में पुलिस थाने के कमरा नंबर 107 में ले जाया गया. उसके दावे के मुताबिक वहां सादे कपड़ों में मौजूद कई पुलिसकर्मियों ने उसे डंडों और मुक्कों से पीटा. उसने यह भी आरोप लगाया कि मारपीट के दौरान राजनीतिक गतिविधियों में शामिल होने को लेकर उसके बारे में अपमानजनक टिप्पणियां की गईं.
राहुल गांधी ने प्रदर्शनकारियों के साथ की थी प्रेस कॉन्फ्रेंस
इससे पहले दिल्ली में प्रदर्शन के दौरान पुलिस की कथित मारपीट और अभद्र व्यवहार को लेकर राहुल गांधी ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत की थी. मंगलवार को उन्होंने कुछ प्रदर्शनकारी लड़के-लड़कियों को कैमरे के सामने लाकर उनकी आपबीती सुनी. प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि वे शांतिपूर्ण तरीके से विरोध कर रहे थे, लेकिन पुलिसकर्मियों ने उनके साथ मारपीट की. उन्होंने दावा किया कि उन्हें संसद मार्ग से दिल्ली गेट तक पीटते हुए ले जाया गया.
फिलहाल इस पूरे घटनाक्रम में एक तरफ महिला कांस्टेबल ने NSUI की महिला कार्यकर्ता पर मारपीट का आरोप लगाते हुए FIR दर्ज कराई है. वहीं दूसरी तरफ महिला प्रदर्शनकारी ने पुलिसकर्मियों पर हिंसा के आरोप लगाए हैं. दोनों पक्षों के दावों की पुष्टि के लिए मामले की जांच और उपलब्ध साक्ष्य और वीडियो महत्वपूर्ण साबित होंगे.