App

विदेश से दिल्ली का क्राइम कनेक्शन, कारोबारियों को धमकी और फिर फायरिंग! कांड करने वाले दो दबोचे गए

दिल्ली के रोहिणी से एक मामला सामने आया है. यहां पुलिस ने दो ऐसे बदमाशों को गिरफ्तार किया है, जो विदेश में बैठे एक गैंग के लिए काम कर रहे थे. इन दोनों बदमाशों का संबंध कारोबारियों के ठिकानों पर हुई फायरिंग की घटनाओं से है.

विदेश से दिल्ली का क्राइम कनेक्शन, कारोबारियों को धमकी और फिर फायरिंग! कांड करने वाले दो दबोचे गए
Image Credit: Zee Media File Photo

दिल्ली पुलिस की रोहिणी जिला स्पेशल स्टाफ की टीम ने विदेश में बैठे एक गैंग के लिए काम करने वाले दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों की पहचान रोहित उम्र 22 साल और हसीब उम्र 24  साल के रूप में हुई है. पुलिस ने इनके पास से एक 30 बोर पिस्टल, एक दूसरी पिस्टल, 12 जिंदा कारतूस, एक खाली कारतूस का खोखा और वारदात में इस्तेमाल की गई स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की है.

कहां से मिल रहे थे हथियार?  

पुलिस ने बताया कि दोनों बदमाशों का संबंध पूठ खुर्द और कीर्ति नगर में कारोबारियों के ठिकानों पर हुई फायरिंग की घटनाओं से है. इन मामलों में कारोबारियों को रंगदारी के लिए धमकियां मिल रही थीं. 19 अक्टूबर को पूठ खुर्द गांव में टाइल्स के गोदाम पर दो अज्ञात बदमाशों ने फायरिंग की थी. इसके अगले दिन 20 अक्टूबर को कीर्ति नगर में एक मार्बल कारोबारी की इमारत पर भी दो बदमाशों ने गोलियां चलाई थीं. जांच में सामने आया कि रोहित और हसीब को विदेश में बैठे गैंग से जुड़े नितिन डबास उर्फ विक्की हड्डल के निर्देश पर हथियार और कारतूस मिले थे.

सूचना के आधार पर पकड़ा  

आरोप है कि दोनों ने विक्की के कहने पर कीर्ति नगर में कारोबारी की इमारत पर दो गोलियां चलाई थी. वारदात के बाद वो मौके से एक खाली कारतूस का खोखा भी उठा ले गए थे. पुलिस के अनुसार, 20 और 21 अक्टूबर की रात रोहिणी जिला स्पेशल स्टाफ को सूचना मिली कि विदेश में बैठे गैंग के दो स्थानीय बदमाश अवैध हथियार लेकर सेक्टर-24 के बांके बिहारी मंदिर के पास आने वाले हैं. इसके बाद ACP अजमेर सिंह की निगरानी में इंस्पेक्टर संदीप गोदारा के नेतृत्व में टीम बनाई गई. पुलिस टीम ने मंदिर के पास मोटरसाइकिल पर आ रहे दोनों आरोपियों को रुकने का इशारा किया, लेकिन दोनों भागने लगे. पुलिसकर्मियों ने पीछा कर दोनों को पकड़ लिया.

तलाशी के दौरान उनके पास से दो पिस्टल, 12 जिंदा कारतूस और एक खाली कारतूस का खोखा बरामद हुआ. पुलिस ने बताया कि बरामद हथियारों का इस्तेमाल पूठ खुर्द और कीर्ति नगर में हुई फायरिंग की घटनाओं में किया गया था. मोटरसाइकिल भी चोरी की निकली है, जिसे 16 अक्टूबर को न्यू उस्मानपुर इलाके से चोरी किया गया था.

रंगदारी के चार मामले सुलझाने का दावा

पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी से रंगदारी के चार मामलों को सुलझाने में मदद मिली है. इस मामले में बुध विहार थाने में आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है. रोहित उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले का रहने वाला है और पहले भी एक आपराधिक मामले में शामिल रहा है. वहीं, हसीब उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले का रहने वाला है. पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि गैंग के दूसरे सदस्य कौन हैं और उन्हें हथियार कहां से मिल रहे थे.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Akanchha Singh

Akanchha Singh

जी-न्यूज में ट्रेनी सब एडिटर. वर्तमान में दिल्ली-एनसीआर हरियाणा डिजिटल टीम में दिल्ली-एनसीआर-हरियाणा की राजनीति, हाइपर लोकल, क्राइम की खबरों पर नजर. यूटिलीटी की खबरों में दिलचस्पी है. 2023 में संस्थान से जुड़े. माखन लाल चतुर्वेदी भोपाल से पत्रकारिता में डिग्री हासिल की.
Read More