एक प्लॉट, दो फायदे! नीचे दुकान और ऊपर मकान, क्या है पूरी योजना?
Mandola Vihar Yojana: दिल्ली-एनसीआर में घर के साथ कारोबार शुरू करने की योजना बना रहे लोगों के लिए अच्छी खबर है. दिल्ली से सटे लोनी के मंडोला विहार में आवास विकास परिषद नई प्रीमियम प्लॉट योजना लाने की तैयारी कर रहा है.
Delhi News: दिल्ली एनसीआर में हर कोई अपना घर चाहता है. साथ ही अगर अपना खुद का कारोबार हो तो वो और अच्छा है. जो भी लोग दिल्ली एनसीआर में अपना घर और कारोबार शुरू करने की प्लानिंग कर रहे हैं, उनके लिए बड़ी खबर है. दिल्ली से सटे लोनी के मंडोला विहार में आवास विकास परिषद नई प्रीमियम प्लॉट योजना लाने की तैयारी कर रहा है. इस योजना की सबसे खास बात ये है कि सफल आवेदक एक ही भूखंड पर नीचे दुकान और ऊपर अपना मकान बना सकेंगे. पहली बार परिषद इस तरह की सुविधा के साथ प्रीमियम प्लॉट लोगों के लिए उपलब्ध करा रहा है.
दीपावली पर लॉन्च हो सकती है योजना
आवास विकास परिषद इस योजना दीपावली के आसपास लॉन्च करने की तैयारी में है. इस योजना की खासियत मंडोला विहार की लोकेशन को भी माना जा रहा है. ये क्षेत्र दिल्ली-देहरादून के काफी नजदीक है. इसके अलावा दिल्ली-सहारनपुर हाईवे और ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे से भी इसकी कनेक्टिविटी है. इसके जरिए लोगों को दिल्ली और एनसीआर के दूसरे हिस्सों तक आने-जाने में आसानी होगी.
40 वर्ग मीटर से शुरू होंगे आवासीय प्लॉट
इस योजना के तहत अलग-अलग आवासीय प्लॉट रखे जाएंगे. इसमें 40 वर्ग मीटर और 200 वर्ग मीटर के प्लॉट शामिल होंगे. वहीं इसकी संभावित कीमत करीब 38 हजार रुपये प्रति वर्ग मीटर के आसपास बताई गई है. ऐसे में 40 वर्ग मीटर के प्लॉट 15 लाख रुपये और 200 वर्ग मीटर का प्लॉट करीब 76 लाख रुपये का हो सकता है. वहीं मीडल क्लास को ध्यान में रखते हुए योजना में सेमी-फर्निश्ड आवास का ऑप्शन भी रखा गया है. इनमें 60, 75, 112 और 162 वर्ग मीटर कारपेट एरिया वाले आवास शामिल होंगे. इसमें उन लोगों को ज्यादा फायदा होगा, जो पूरी तरह से तैयार घर की जगह सेमी-फर्निश्ड आवास लेना चाहते हैं.
छोटे उद्योगों के लिए भी प्लॉट
मंडोला विहार योजना में MSME के तहत प्रदूषण से मुक्त लघु उद्योगों के लिए भी जमीन उपलब्ध कराए जाएंगे. इसके लिए 300 और 450 वर्ग मीटर के प्लॉट प्रस्तावित हैं. परिषद का उद्देश्य इन भूखंडों के माध्य से वहां के स्तर पर कारोबार और रोजगार के अवसर बढ़ाना है.
मंडोला विहार योजना करीब 2700 एकड़ में फैली हुई है. इलाके में प्रदूषण की समस्या को देखते हुए परिषद करीब 40 हजार पौधे लगाने की प्लानिंग कर रहा है. परिषद प्रदूषण रहित उद्योगों को बढ़ावा देने के साथ क्षेत्र में हरियाली बढ़ाने की दिशा में भी काम करना चाहता है.
कुल मिलाकर मंडोला विहार की नई योजना में लोगों को आवासीय प्लॉट, सेमी-फर्निश्ड आवास और एमएसएमई प्लॉट के विकल्प मिलेंगे. सबसे खास सुविधा एक ही भूखंड पर दुकान और मकान बनाने की होगी, जिससे लोग अपने घर के साथ छोटा कारोबार भी शुरू कर सकेंगे.