)
Delhi News: राजधानी में अक्टूबर की शुरुआत अपने साथ पॉल्यूशन लेकर आई है. अक्टूबर की शुरुआत इस बार पिछले चार साल के मुकाबले ज्यादा प्रदूषित है. गुरुवार को दिल्ली का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 166 दर्ज किया गया, जो कि मध्यम श्रेणी में आता है. वहीं आंकड़ों के अनुसार, 1 अक्टूबर को इससे ज्यादा AQI आखिरी बार 2022 में देखने को मिला था. उस समय AQI 186 रहा था.
कहां किस श्रेणी में था AQI?
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के आंकड़े बताते हैं कि गुरुवार को दिल्ली के 44 निगरानी केंद्रों पर हवा की गुणवत्ता अलग-अलग रही. इनमें से 37 केंद्रों पर AQI मध्यम श्रेणी में था, जबकि 5 केंद्रों पर हवा खराब श्रेणी में देखने को मिली. वहीं, दो निगरानी केंद्रों पर हवा की स्थिति संतोषजनक रही.
आने वाले दिनों में भी प्रदूषण से राहत नहीं
वहीं आने वाले दिनों में भी दिल्ली की हवा में बहुत बड़ा सुधार होने की उम्मीद नहीं है. बता दें कि 2 से 4 अक्टूबर के बीच राजधानी में AQI मध्यम श्रेणी में रह सकता है. इसके बाद अगले छह दिनों तक भी हवा के मध्यम से संतोषजनक श्रेणी में रहने का अनुमान है. यानी आने वाले दिनों में लोगों को प्रदूषण से पूरी तरह राहत मिलने की संभावना कम है.
कैसे होती है हवा की क्वालिटी खराब?
जैसे-जैसे हवा की रफ्तार कम होती है प्रदूषक तत्व वातावरण में ज्यादा देर तक बने रह सकते हैं. ऐसे में हवा की गुणवत्ता और खराब होने की उम्मीद रहती है. जब वेंटिलेशन इंडेक्स 6,000 वर्गमीटर प्रति सेकंड से नीचे और औसत हवा की गति 10 किलोमीटर प्रति घंटे से कम होती है, तो प्रदूषकों के फैलाव की स्थिति अनुकूल नहीं रहती. ऐसे मौसम में प्रदूषण के कण हवा में जमा होने लगते हैं.
गुरुवार को कैसा रहा मौसम?
दूसरी तरफ दिल्ली में गुरुवार को मौसम सामान्य रहा. राजधानी में अधिकतम तापमान 35.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.5 डिग्री ज्यादा था. न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 0.7 डिग्री ज्यादा है. दिनभर हवा में नमी का स्तर 42 से 91% के बीच देखने को मिला.
आज का कैसे रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के अनुसार, राजधानी में शुक्रवार को आसमान साफ रहने की संभावना है. इस दौरान अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रह सकता है. हालांकि, कम हवा की रफ्तार बनी रही तो प्रदूषण का स्तर मध्यम श्रेणी में बना रह सकता है.