)
Delhi-NCR Weather: दिल्ली एनसीआर में मौसम बदलने वाला है. मानसून जाने के बाद से सुबह में हल्की ठंड का एहसास हो रहा है. आज सुबह भी ठंडी हवाएं चल रही थी. वैसे तो दिन के समय अभी भी मौसम में गर्मी बनी हुई है. वहीं पहाड़ों में बर्फबारी का दौर जारी है. ऐसे में उत्तर भारत के कुछ राज्यों में हल्की बारिश भी जारी है. वहीं आज दिल्ली के कुछ इलाकों में हल्की बारिश की संभावना है. IMD के अनुसार, आज देशभर के 14 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों बारिश या आंधी-तूफान का अलर्ट है. इसमें दिल्ली का नाम शामिल है.
बुधवार को कैसा था मौसम?
वहीं अगर बुधवार के मौसम की बात करें, तो दिल्ली में बीते बुधवार को न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो सामान्य से 2.7 डिग्री ज्यादा था. वहीं अधिकतम तापमान 36.8 डिग्री सेल्सियस के आसपास था. वहीं CPCB के अनुसार, बुधवार को दिल्ली में एक्यूआई 134 अंक रिकॉर्ड किया गया. इसे मध्यम श्रेणी में रखा जाता है. वहीं कल भी मौसम विभाग ने दिल्ली के कुछ इलाकों में बारिश की उम्मीद जताई थी, लेकिन कल कहीं बारिश नहीं हुई. यहां तक कि दोपहर के समय धूप और रात के समय गर्मी का भी एहसास होने लगा.
ये वेदर सिस्टम हैं एक्टिव
मौसम विभाग के अनुसार, इस समय कई वेदर सिस्टम देखे जा रहे हैं. वर्तमान समय में उत्तराखंड और उससे सटे हिमाचल प्रदेश के ऊपर हवा के ऊपरी स्तर पर एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन बना हुआ है. एक ट्रफ उत्तर पश्चिम उत्तर प्रदेश से उत्तर-पूर्वी मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और ओडिशा होते हुए उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी तक फैला हुआ है. इतना ही नहीं हरियाणा और आसपास के इलाकों में हवा के ऊपरी लेवल पर एक कमजोर साइक्लोनिक सर्कुलेशन भी है.
आज कैसे रहेगा मौसम?
IMD ने आज दिल्ली के कुछ जगहों में हल्की बादलों के आने-जाने का अनुमान जताया है. आज राजधानी में अधिकतम तापमान के 34, जबकि न्यूनतम तापमान 23 डिग्री के आसपास रहने वाला है. आज आसमान में बादल छाए रह सकते हैं. वहीं 9 अक्टूबर यानी कि कल मौसम पूरी तरह से करवट ले सकता है. मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली-NCR में आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है. साथ ही दोपहर के समय कुछ जगहों पर हल्की बूंदाबांदी भी हो सकती है.
कितने की स्पीड से चलेंगी हवाएं
कल यानी कि 9 अक्टूबर को लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिल सकती है. होने वाली बूंदाबांदी से उमस भरी गर्मी से लोगों का पीछा छूट सकता है. हवाओं के रुख में तेजी देखने को मिल सकती है. वहीं 9 और 10 अक्टूबर को दिल्ली एनसीआर में हवा की स्पीड दिन में 20 से 25 किलोमीटर प्रति घंटा तक देखी जा सकती है, लेकिन इसका असर ज्यादा दिन तक नहीं रहने वाला है.
12 और 13 को कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग ने बताया कि 10 और 11 अक्टूबर को राजधानी और इसके आसपास के इलाकों में छिटपुट हल्के बादलों की मौजूदगी की संभावना है. इन दोनों ही दिन दिल्ली में अधिकतम तापमान के 32 से 34 डिग्री तक रहने की संभावना है. मौसम विभाग ने 12 और 13 अक्टूबर को दिल्ली एनसीआर में मौसम के साफ रहने की संभावना जताई है.