)
Delhi News: दिल्ली में पानी की व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए दिल्ली सरकार ने नई पहल की है. राजधानी में इंटेलिजेंट कमांड एंड कंट्रोल सेंटर की शुरुआत की गई है. इसके मदद से पानी की पाइपलाइन, ट्रीटमेंट प्लांट से लेकर घरों तक होने वाली सप्लाई पर आसानी से नजर रखी जा सकेगी. इस सेंटर का उद्घाटन दिल्ली के जल मंत्री प्रवेश वर्मा ने किया. फिलहाल इस व्यवस्था के तहत चंद्रावल में पानी की सप्लाई को मैनेज किया जा रहा है. ये इलाका कुल आबादी का 10% कवर करता है. इसको धीरे-धीरे पूरी दिल्ली में लागू करने की तैयारी है.
कहां से आ रहा पानी
इंटेलिजेंट कमांड एंड कंट्रोल सेंटर के माध्यम से पानी से जुड़ी सारी जानकारियां एक जगह पर मिल सकेगी. इसके जरिए ये पता लगाया जा सकेगा कि पानी कहां से शुरू होकर ट्रीटमेंट प्लांट तक जा रहा है और वहां से किन पाइपलाइनों के जरिए लोगों के घरों तक जा रहा है. इसके बाद पानी की सप्लाई के रूट की निगरानी भी की जा सकेगी.
अगर किसी इलाके में पाी की सप्लाई कम या ज्यादा हो रही है, तो व्यवस्था में बदलाव किया जा सकेगा. अगर जरूरत पड़ी तो पाइपलाइन के वाल्व को बंद या चालू करने का काम भी किया जा सकेगा. इससे अलग-अलग इलाकों में पानी की जरूरत के हिसाब से सप्लाई को बेहतर तरीके से मैनेज करने में मदद मिलेगी.
दिल्ली में लागू होगी व्यवस्था
दिल्ली सरकार इस स्मार्ट सिस्टम को दूसरे इलाकों में भी लागू करने की प्लानिंग कर रहा है. फिलहाल चंद्रावल में इसकी मदद से पानी की सप्लाई पर नजर रखी जा रही है. सरकार का लक्ष्य है कि तकनीक के इस्तेमाल से पानी घरों तक पहुंचाने को और व्यवस्थित बनाया जाए, जिससे लोगों को उनकी जरूरत के अनुसार पानी मिल सके
जल मंत्री प्रवेश वर्मा ने बताया कि दिल्ली में वाटर ट्रीटमेंट प्लांट के आधार पर अलग-अलग क्षेत्रों में पानी की सप्लाई का प्रबंधन किया जा रहा है. नए सिस्टम के जरिए इस व्यवस्था की निगरानी को और बेहतर बनाने की दिशा में काम किया जा रहा है.