दिल्ली के गीता कॉलोनी से एक आग लगने का मामला सामने आया है, जहां रविवार तड़के सुबह भीषण आग लग गई. सूचना मिलते ही आग पर काबू पाने के लिए दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं. बताया गया कि आग में 8 से 10 झुग्गियां जलकर खाक हो गईं. वहीं आग लगने की ये घटना रविवार तड़के 3 बजे के आसपास की है. जैसे ही आग लगने की बात सामने आई दमकल विभाग की गाड़ियां और पुलिस टीमें मौके पर पहुंचीं. आग कई झुग्गियों में फैल चुकी थी. काफी कोशिश करने के बाद दमकल विभाग ने आग पर काबू पा लिया है. आग लगने की इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है.
फायर ऑफिसर दीपक हुड्डा ने बताया कि झुग्गियों में आग लगने की सूचना मिलते ही हम तुरंत मौके पर पहुंच गए. लगभग 6 दमकल गाड़ियां तैनात की गईं और हमने आग बुझाने का काम शुरू किया. किसी के घायल होने या जान जाने की कोई खबर नहीं है. हमें ये सूचना सुबह करीब 3.06 या 3.07 बजे मिली थी. इस घटना में लगभग 8 से 10 झुग्गियां प्रभावित हुई हैं.
आग में अपनी झुग्गी गंवाने वाले एक व्यक्ति ने बताया, हम यहां एक झुग्गी में रहते थे, जिसमें तीन कमरे बने हुए थे. पास ही एक हैंडपंप भी था. हम सो रहे थे, तभी अचानक किसी के चिल्लाने की आवाज आई. पीछे रहने वाले भरत नाम के एक व्यक्ति ने चिल्ला कर बताया कि बहुत भीषण आग लग गई है. आग इतनी तेज थी कि हम बड़ी मुश्किल से अपनी जान बचाकर निकल पाए.
एक दूसरे पीड़ित व्यक्ति ने बताया कि मुझे सही समय तो नहीं पता क्योंकि मैं काम पर गया हुआ था, लेकिन घर से फोन आया तो मैं तुरंत वापस आ गया. मेरे बच्चे यहीं थे, उन्होंने मुझे फोन करके बताया कि झुग्गियों में आग लग गई है. यहां लगभग 15 से 16 झुग्गियां थीं, जो पूरी तरह जलकर खाक हो गई है. अंदर का सारा सामान बर्बाद हो गया है, जिससे हम सभी का बहुत बड़ा नुकसान हुआ है.
Input- IANS