द्वारका में चाकूबाजी से सनसनी, 30 साल के युवक को चाकू से गोदकर मार डाला
दिल्ली के द्वारका में चाकू से मारकर हत्या का मामला सामने आया है. यहां एक 30 साल के व्यक्ति की बीते शनिवार रात 10 बजे चाकू गोदकर हत्या कर दी गई. इसके पहले दिल्ली के नजफगढ़ इलाके में महिला की चाकू मारकर हत्या कर दी गई थी.
दिल्ली के द्वारका इलाके से एक मामला सामने आया है, जहां 30 साल के व्यक्ति की चाकू मारकर हत्या कर दी गई. ये घटना बीते शनिवार रात करीब 10 बजे की है. दिल्ली पुलिस के अनुसार हमलावर पीड़ित के परिचित थे. गंभीर रूप से घायल पीड़ित को दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. वहीं पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
महिला पर क्यों किया हमला?
इससे पहले भी नजफगढ़ इलाके में एक महिला की चाकू मारकर हत्या कर दी गई थी. वो अपने बेटे को एक हमले से बचाने की कोशिश कर रही थी. मृतक महिला की पहचान सीमा ऋषि के रूप में हुई है. 15 अक्टूबर की देर रात हुए हमले के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां 17 अक्टूबर को चोटों के कारण उनकी मौत हो गई. आरोपी की पहचान सतीश लांबा उम्र 30 साल के रूप में हुई है.
पीड़ित महिला के पति ने क्या कहा?
पीड़ित महिला के पति, कमल ऋषि ने बताया, वहां तीन लोग थे, जिन्होंने हम पर चाकू से हमला किया. किसी के बताने पर मेरी पत्नी पहले वहां पहुंची, फिर मैं भी पहुंच गया. वहां पहुंचते ही पहले मुझ पर हमला हुआ और फिर मेरी पत्नी पर. हम तो बस मामला शांत कराने गए थे. पहले हम अपनी पत्नी को एक सरकारी केंद्र ले गए, जहां से उसे दीन दयाल अस्पताल रेफर कर दिया गया.
ध्रुव ने क्या कहा?
पीड़ित महिला के बेटे ध्रुव ऋषि ने बताया कि वो अपने दोस्तों के साथ घर लौट रहा था, तभी मोटरसाइकिल पर सवार तीन लोगों ने उनका रास्ता रोक लिया. इसके बाद उनके बीच बहस शुरू हो गई, जो जल्द ही गाली-गलौज और मारपीट में बदल गई. आरोपियों ने ध्रुव के साथ मारपीट की, जिसके बाद उसके दोस्त वहां से चले गए.
ध्रुव ने आगे बताया कि उसके एक दोस्त ने घर जाकर उसकी मां को घटना की जानकारी दी. इसके बाद उसके माता-पिता मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक ध्रुव वहां से निकल चुका था. इसी दौरान आरोपियों ने उसके माता-पिता पर चाकू से हमला कर दिया. ध्रुव ने बताया कि वह आरोपियों में से एक को जानता है, क्योंकि वह उसी मोहल्ले में रहता है और उसका पड़ोसी है. हालांकि, वह बाकी लोगों को नहीं पहचानता.
ये भी पढ़ें- यमुना नदी का बुरा हाल, कालिंदी कुंज में फिर तैरती दिखी सफेद झाग की परत