दिल्ली के नाइट क्लब में छलक कर महिला पर गिरी बियर, नाराज बाउंसरों ने इतना पीटा कि हो गई मौत
दिल्ली के सराय रोहिल्ला इलाके के एक नाइटक्लब में महिला पर बियर गिरने झगड़ा हो गया. इसमें क्लब के बाउंसरों ने 29 साल के ड्राइवर दलजीत की लाठी-डंडों और कांच की बोतलों से पिटाई कर दी, इसमें उसकी मौत हो गई.
दिल्ली के सराय रोहिल्ला इलाके के एक नाइटक्लब में बियर गिरने को लेकर विवाद हो गया. आरोप है कि इस दौरान क्लब के बाउंसरों और वेटरों ने 29 साल के ड्राइवर दलजीत और उसके दोस्तों की लाठी-डंडों और कांच की बोतलों से पिटाई कर दी. इस घटना में दलजीत की मौत हो गई. पुलिस ने मामले में पांच लोगों को गिरफ्तार किया है. वहीं, अन्य संदिग्धों की पहचान कर उन्हें पकड़ने की कोशिश की जा रही है.
क्या है पूरा मामला?
दलजीत अपने कुछ दोस्तों के साथ सराय रोहिल्ला थाना इलाके के एक नाइटक्लब में गया था. वहां बियर पीने के दौरान उसके एक दोस्त से एक महिला पर बियर गिर गई, जिसके बाद विवाद शुरू हो गया. आरोप है कि क्लब के बाउंसरों ने दलजीत और उसके दोस्तों के माफी मांगने के बावजूद उनके साथ मारपीट की.
इस दौरान क्लब के कुछ वेटर भी मारपीट में शामिल हो गए. उन्होंने दलजीत और उसके दोस्तों पर डंडों और कांच की बोतलों से हमला कर दिया. जब उन्होंने वहां से भागने की कोशिश की, तो हमलावरों ने उन्हें खींचकर वापस अंदर कर लिया और दोबारा पिटाई की. इस दौरान दलजीत को सबसे ज्यादा चोटें लगीं.
घर के दरवाजे पर गिरा दलजीत
मारपीट के बाद दलजीत के दोस्त उसे रघुवीर नगर उसके घर लेकर गए. घर पहुंचते ही वो दरवाजे के पास गिर पड़ा. इसके तुरंत बाद उसे गुरु गोबिंद सिंह अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. दलजीत रघुवीर नगर का रहने वाला था. उसके परिवार में पत्नी, आठ साल का बेटा और पिता हैं.
कैसे शुरू हुआ विवाद?
दलजीत के साथ आए परिवार वालों और दोस्तों का आरोप है कि घटना उस समय हुई, जब वो और उसके दोस्त बियर पी रहे थे. इस दौरान उसके एक दोस्त से क्लब के मालिक के साथ आई एक महिला पर बियर गिर गई. इसके बाद विवाद शुरू हो गया. पुलिस ने मामले में पांच लोगों को गिरफ्तार किया है. इसके अलावा अन्य संदिग्धों की पहचान कर उन्हें पकड़ने की कोशिश की जा रही है. पुलिस ने नाइटक्लब का CCTV डिजिटल वीडियो रिकॉर्डर (DVR) जब्त कर लिया है. घटना की फुटेज की जांच की जा रही है.