)
Delhi News: दिल्ली की DTC बसों में महिलाओं के फ्री सफर के लिए पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड अनिवार्य किया. इसके बाद से काफी संख्या में महिलाओं के परेशान होने की बात सामने आ रही है. कई महिलाएं ऐसी हैं, जिन्होंने पिंक सहेली कार्ड नहीं बनवाया है. इसे देखते हुए DTC बसों में दिए जाने वाले पेपर आधारित पिंक टिकट को 10 अक्टूबर तक जारी रखने का फैसला लिया है.
क्यों बढ़ी डेट?
महिलाओं को ये मोहलत इसलिए दी गई है, जिससे वो पिंक सहेली कार्ड बनवा सके. दिल्ली सरकार ने DTC बसों में महिलाओं को फ्री सफर करने के लिए पिंक सहेली कार्ड एक अक्टूबर से अनिवार्यकर दिया था. इस कारण से महिलाओं को पहले दिन काफी दिक्कत का सामना करना पड़ा. जिन महिलाओं ने अभी तक पिंक सहेली कार्ड नहीं बनवाया था, उन्हें किराया देकर टिकट खरीदना पड़ा. इस कारण से महिलाओं ने नाराजगी भी जताई.
किसने जारी किया सर्कुलर
इस परेशानी को देखते हुए कंडक्टरों को मैसेज देकर पिंक टिकट फिर से जारी करना शुरू कर दिया गया. वैसे तो पिंक टिकट को दो अक्टूबर से प्रतिबंधित करने को कहा गया था, लेकिन महिला यात्रियों की दिक्कत को देखते हुए 10 अक्टूबर तक जारी रखने का फैसला लिया गया. वहीं इसे लेकर किसी तरह का कोई सर्कुलर जारी नहीं किया गया था.
कब तक चलेगा जागरूकता अभियान
DTC के एक बड़े अधिकारी ने बताया कि पिंक टिकट ये रियायत पिंक टिकट के लिए दी गई है,लेकिन बसों में पहले महिला यात्रियों से पिंक स्मार्ट कार्ड मांगा जाएगा. अगर उनके पास स्मार्ट कार्ड नहीं होता है, तो उन्हें पिंक टिकट दिया जाएगा. वहीं एक जागरूकता अभियान चलाया जाएगा. इसमें बताया जाएगा कि महिलाएं जल्द ही बिना पिंक स्मार्ट कार्ड के फ्री सफर नहीं कर सकेंगी. ये अभियान 10 अक्टूबर तक चलेगा.
क्या है इस प्रक्रिया का उद्देश्य
दिल्ली में महिलाओं के लिए पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड बनवाने की प्रक्रिया अभी भी जारी है. DTC की तरफ से कार्ड के लिए रजिस्ट्रेशन और उसे जारी करने की सुविधा है. महिलाएं बस डिपो और बस टर्मिनल पर निर्धारित केंद्रों से अपना स्मार्ट कार्ड बनवा सकती हैं. सरकार के अनुसार, इस पहल का उद्देश्य महिला यात्रियों को सार्वजनिक परिवहन में बेहतर और सुविधाजनक सेवाएं उपलब्ध कराना है. महिलाओं से जल्द पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड बनवाने की अपील की गई है. मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में दिल्ली सरकार सार्वजनिक परिवहन को ज्यादा सुलभ, सुविधाजनक, आधुनिक और तकनीक आधारित बनाने के लिए लगातार काम कर रही है. सरकार ने महिला यात्रियों से जल्द अपने पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड बनवाने को कहा है.