दिल्ली सचिवालय में सीएम रेखा गुप्ता की अध्यक्षता में बैठक हुई. इस दौरान दिल्ली सीएम ने साफ तौर पर कहा है कि राजधानी में सार्वजनिक जगह पर किसी भी तरह की गंदीग, कूड़े के ढेर, अव्यवस्था या अंधेरा नजर नहीं आना चाहिए. बैठक में सीएम ने राजधानी को साफ-सुथरा, रोशन और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए अधिकारियों को पूरी तत्परता से काम करने के निर्देश दिए हैं.
क्या कहा सीएम रेखा गुप्ता?
उन्होंने संबंधित विभागों को खुद फील्ड में उतर कर क्या व्यवस्था है, इसका जायजा लेने के लिए कहा. साथ ही जो भी कमियां दिखाई दें उसे दिवाली से पहले दूर करने के निर्देश दिए. इस बैठक में कई विभागों और अन्य निकायों के प्रमुख मौजूद थे. सीएम रेखा गुप्ता के अनुसार, राजधानी को साफ-सुथरा और सुंदर बनाए रखना सरकार की पहली प्राथमिकता है. राजधानी को साफ-सुथरा रखने के लिए केवल रिपोर्टों तक ही सीमित नहीं रहना होगा, बल्कि अधिकारियों को जमीन पर उतर कर काम करना होगा.
लापरवाही नहीं की जाएगी बर्दाश्त?
उन्होंने अधिकारियों को साफ तौर पर निर्देश दिया है कि सड़कों, चौराहों, फ्लाईओवरों, बाजारों, रिहायशी इलाकों और सार्वजनिक जगहों पर रोजाना सफाई की जाए. अगर कहीं भी कूड़ा या कचरा दिखता है, तो उसे तुरंत हटाया जाए. साथ ही सड़कों पर धूल को कंट्रोल करने के लिए रोजाना सफाई अभियान चलाया जाए, जिससे लोगों को स्वच्छ और सुंदर वातावरण मिल सके.
सीएम ने आगे कहा कि सभी विभाग पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम करें. कमी दिखते ही उसे दूर करें. त्योहारों के दौरान दिल्लीवासियों को गंदगी, अंधेरे या अव्यवस्था का सामना न करना पड़े. इस काम में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
स्टाफ की कमी दूर करेगी सरकार
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को फील्ड पर जाकर व्यवस्था को देखने के लिए कहा. साथ ही कहा कि स्थिति का आकलन सामने से जाकर करें. सभी अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था, सड़कों की स्थिति, सार्वजनिक सुविधाओं और रोशनी का निरीक्षण करना होगा. वहीं अगर किसी भी क्षेत्र में कमियां मिलती हैं, तो संबंधित एजेंसियों के साथ तालमेल बैठाएं और तुरंत समाधान करें.
उन्होंने कहा कि केवल निर्देश दे देना पर्याप्त नहीं है, बल्कि काम हो रहा है कि नहीं इसकी निगरानी करना और परिणाम सुनिश्चित करना भी अधिकारियों की जिम्मेदारी है. दिल्ली को लाइटों से रोशन करने के काम में कर्मचारियों की कमी आड़े नहीं आनी चाहिए. उन्होंने ये भी कहा कि अगर इन कामों को करने में स्टाफ की कमी है, तो तुरंत खाली जगहों को भरा जाए.
सार्वजनिक जगहों पर पोस्टर नहीं किया जाएगा बर्दाश्त?
वहीं सीएम ने सड़कों, चौराहों फ्लाईओवर, पिलरों सरकारी भवनों और बाजारों में लगे पोस्टर को भी तत्काल प्रभाव से हटाने को कहा. उन्होंने आगे कहा कि राजधानी की सुंदरता और सार्वजनिक संपत्तियों को अगर कोई नुकसान पहुंचाता है, तो इस तरह की गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. इतना ही नहीं जो भी पोस्ट लगाता है उसके खिलाफ संपत्ति विरूपण निवारण अधिनियम (डिफेसमेंट एक्ट) के तहत कार्रवाई की जाएगी. वहीं नियम के अनुसार FIR भी दर्ज किया जाएगा. दिल्ली के सुंदर बनाने की कोशिश हर सार्वजनिक जगह पर दिखनी चाहिए.
सरकारी परिसरों में चलाएं विशेष सफाई अभियान
दिवाली से पहले सीएम ने सारे सरकारी कार्यालयों, अस्पतालों और स्कूलों में साफ-सफाई अभियान चलाने को कहा है. इतना ही नहीं पार्कों और सार्वजनिक शौचालयों की साफ-सफाई तथा रखरखाव पर जोर दिया जाए. उन्होंने अधिकारियों को जहां-जहां अंधेरा है, उस जगह की पहचान करने को कहा. साथ ही ये भी कहा कि वहां पर रोशनी की व्यवस्था की जाए.