App

दिल्ली के इस मशहूर चौक का बदलेगा नाम! अब अटल बिहारी वाजपेयी के नाम पर होगी पहचान

Delhi News: दिल्ली के आजादपुर चौक का नाम अब पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के नाम पर रखा जाएगा. मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने ऐलान किया कि चौक को अब अटल चौक के नाम से जाना जाएगा. दिसंबर में यहां अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा स्थापित करने की भी योजना है.

दिल्ली के इस मशहूर चौक का बदलेगा नाम! अब अटल बिहारी वाजपेयी के नाम पर होगी पहचान

Delhi News: दिल्ली में फिर एक चौक का नाम बदला जा रहा है. आजदपुर इलाके के आजदपुर चौक का नाम अब पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के नाम पर रखा जाएगा. इसकी घोषणा दिल्ली सीएम रेखा गुप्ता ने की. उन्होंने कहा कि आजादपुर चौक को अब अटल चौक के नाम से जाना जाएगा. इतना ही नहीं दिसंबर के महीने में यहां पर अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा स्थापित करने की प्लानिंग चल रही है. 
        
CMO कार्यालय ने क्या कहा? 
सीएम कार्यालय (CMO) की तरफ से जारी बयान के अनुसार, रेखा गुप्ता ने अधिकारियों को चौक और इससे जुड़ी सड़क के बेहतर रखरखाव के निर्देश दिए हैं. साथ ही उन्होंने ये भी कहा कि इलाके में साफ-सफाई, हरियाली और लोगों के लिए बेहतर सार्वजनिक सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए.

स्वच्छता अभियान में शामिल हुईं मुख्यमंत्री
सीएम मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के मौके पर सेवा मेरा योगदान अभियान के तहत आजादपुर में आयोजित स्वच्छता अभियान में हिस्सा लिया. इस दौरान उन्होंने खुद सफाई अभियान में भाग लिया और आसपास के इलाके का निरीक्षण भी किया.

निरीक्षण के दौरान सीएम ने क्या कहा? 
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने सेंट्रल वर्ज, फुटपाथ, सड़क किनारे बनी दीवारों, जल निकासी व्यवस्था और दूसरे पब्लिक जगहों की स्थिति को भी देखा. उन्होंने अधिकारियों से इलाके में सफाई और रखरखाव से जुड़ी समस्याओं की जानकारी ली और उन्हें जल्द दूर करने के निर्देश दिए.

अवैध विज्ञापनों पर भी निर्देश
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने फुटपाथ पर फल लगाने वालों की तरफ से किए गए अतिक्रमण, दीवारों पर लगे अनऑथराइज्ड विज्ञापनों और टूटे-फूटे सार्वजनिक ढांचे का भी जायजा लिया. उन्होंने संबंधित अधिकारियों से इन समस्याओं को दूर करने के लिए कार्रवाई करने को कहा. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पब्लिक प्लेस की सफाई और रखरखाव में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए. साथ ही, केवल अस्थायी सफाई के बजाय समस्याओं का स्थायी समाधान किया जाए.

दीवारों को वॉल पेंटिंग से सजाने की योजना
इसके अलावा सीएम ने इलाके की दीवारों को बेहतर बनाने के लिए वॉल पेंटिंग कराने के निर्देश भी दिए. उनका कहना है कि साफ-सुथरे और व्यवस्थित सार्वजनिक जगहों से क्षेत्र का माहौल बेहतर होगा. आजादपुर चौक के नामकरण और प्रतिमा स्थापना की योजना के साथ इलाके के सौंदर्यीकरण पर भी काम किया जाएगा. सरकार की तरफ से अधिकारियों को सफाई, हरियाली, सड़क, फुटपाथ और जल निकासी जैसी सुविधाओं को बेहतर करने पर ध्यान देने को कहा गया है.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Akanchha Singh

Akanchha Singh

जी-न्यूज में ट्रेनी सब एडिटर. वर्तमान में दिल्ली-एनसीआर हरियाणा डिजिटल टीम में दिल्ली-एनसीआर-हरियाणा की राजनीति, हाइपर लोकल, क्राइम की खबरों पर नजर. यूटिलीटी की खबरों में दिलचस्पी है. 2023 में संस्थान से जुड़े. माखन लाल चतुर्वेदी भोपाल से पत्रकारिता में डिग्री हासिल की.
Read More