आज शाम 5 बजे कनॉट प्लेस न जाएं? तिरंगा यात्रा पर दिल्ली पुलिस की सख्त एडवाइजरी जारी
दिल्ली में CJP ने आज शाम 5 बजे कनॉट प्लेस के सेंट्रल पार्क में तिरंगा यात्रा निकालने का ऐलान किया है.पुलिस ने लोगों से प्रदर्शन में शामिल नहीं होने की अपील की है. पुलिस के अनुसार, राष्ट्रीय ध्वज लेकर राष्ट्रगान गाने के लिए 11 लोगों के समूह को अनुमति दी गई है.
दिल्ली में CJP ने आज शाम 5 बजे कनॉट प्लेस के सेंट्रल पार्क में राष्ट्रीय ध्वज के साथ इकट्ठा होने और तिरंगा यात्रा निकालने के ऐलान किया है. इसके बाद से ही दिल्ली पुलिस अलर्ट पर है. पुलिस ने लोगों से प्रदर्शन में शामिल नहीं होने की अपील की है. पुलिस ने आगे बताया कि सीमित संख्या में लोगों को उपयुक्त स्थान पर मार्च की अनुमति देने पर विचार किया जा रहा है. कुछ लोगों को झंडा फहराने की परमिशन दे सकती है, लेकिन BNS की धारा 163 लगे होने के कारण भीड़ इक्कठा नहीं होने दिया जाएगा. वहीं बीते कल दिल्ली हाईकोर्ट ने प्रदर्शन पर रोक लगाने से इनकार कर दिया था.
दिल्ली हाईकोर्ट ने क्या कहा?
दिल्ली हाईकोर्ट CJP को गुरुवार को राजधानी के बीचों बीच प्रोटेस्ट करने से रोकने की मांग वाली याचिका पर रोक लगाने से मना कर दिया था. कोर्ट ने पुलिस के आश्वासन को रिकॉर्ड किया है कि वो प्रोटेस्ट को कंट्रोल करेगी. इसके बाद ही शाम के समय दिल्ली पुलिस ने प्रोटेस्ट में शामिल नहीं होने की अपील की.
धारा 163 लागू
कनॉट प्लेस में सुरक्षा को देखते हुए पुलिस ने बताया कि आसपास के इलाकों में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 के तहत प्रतिबंधात्मक आदेश लागू किया गया है. वहीं पुलिस ने साफ तौर पर कहा है कि उल्लंघन करने वालों पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
अभिजीत दीपके ने क्या कहा?
CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके ने 16 अक्टूबर शाम 5 बजे लोगों से तिरंगा लेकर कनॉट प्लेस के सेंट्रल पार्क में आने की अपील की है. उन्होंने बीते गुरुवार शाम सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर सवाल उठाते हुए लिखा कि अगर हम 100 जगहों का ऐलान कर दें, तो क्या प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उन सभी 100 जगहों को बंद करा देंगे?
NDMC ने क्यों बंद किया सेंट्रल पार्क?
दिल्ली पुलिस ने अपने बयान में कहा कि AAP सरकार ने भी लोगों से इस प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की है. पुलिस ने मौजूदा सुरक्षा और कानून-व्यवस्था का हवाला देते हुए कहा कि NDMC ने उसे जानकारी दी है कि सेंट्रल पार्क 16 और 17 अक्टूबर को प्रशासनिक कारणों से बंद रहेगा.
दो दिन पार्क बंद?
DCP नेहा यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि NDMC ने दिल्ली पुलिस को जानकारी दी है कि पार्क 16 और 17 अक्टूबर को बंद रहेगा. साथ ही ये भी कहा कि पार्क के आसपास किसी भी तरह की भीड़ जुटने नहीं दी जाएगी. पुलिस ने कनॉट प्लेस और आसपास के बाजारों के व्यापारिक संगठनों की शिकायतों का भी जिक्र किया. इन संगठनों का कहना है कि भीड़ और गैरकानूनी जमावड़े से उनके कारोबार पर असर पड़ रहा है.