दिल्ली के हर्ष विहार में निर्माणाधीन मकान का हिस्सा गिरा, 2 लोगों के दबे होने की आशंका; रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
हर्ष विहार इलाके में निर्माणाधीन मकान का एक हिस्सा गिरने का मामला सामने आया है. 2 लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका जताई जा रही है.
उत्तर-पूर्वी दिल्ली के हर्ष विहार इलाके के मिलन गार्डन में निर्माणाधीन मकान का एक हिस्सा गिरने का मामला सामने आया है. इस हादसे में 2 लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका जताई जा रही है.
दमकल विभाग के अधिकारी के मुताबिक, रविवार शाम 6:46 बजे हादसे की सूचना मिली. मकान की पहली मंजिल पर निर्माण कार्य चल रहा था, जिस दौरान यह हादसा हुआ. मौके पर दमकल की पांच गाड़ियां भेजी गई और राहत और बचाव कार्य जारी है.
वहीं उत्तर पूर्वी दिल्ली के एडिशनल डीसीपी संदीप लांबा ने बताया कि रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है. उन्होंने कहा, हमें शाम को कॉल आया कि एक बिल्डिंग गिर गई है. असली बिल्डिंग एक पुरानी, एक मंजिला बिल्डिंग थी. उसके ऊपर एक और मंजिल बनाई जा रही थी. उन्होंने कहा कि यह इलाका पूरी तरह से घिरा हुआ है, जिससे यह पहचानना भी मुश्किल हो रहा है कि असल में कौन सी बिल्डिंग गिरी है. रेस्क्यू टीमें अभी काम पर हैं. NDRF आ गई है, साथ ही लोकल पुलिस, फायर ब्रिगेड और सिविल डिफेंस के लोग भी रेस्क्यू में लगे हुए है. लोकल लोगों समेत सभी मिलकर काम कर रहे हैं. वे किनारों से काफी मलबा हटा रहे हैं. NDRF अपनी डॉग स्क्वॉड और दूसरे रिसोर्स लेकर आ गई है. अभी तक किसी को बचाया नहीं गया है. नीचे लोगों के फंसे होने की संभावना है, लेकिन अभी कुछ भी कन्फर्म नहीं है.
एक स्थानीय व्यक्ति का कहना है, बिल्डिंग के लिए कंक्रीट स्लैब डाली जा रहा थी. पहले से मौजूद निचला स्लैब कमजोर था और उसके ऊपर नया स्लैब डाला जा रहा था. इस वजह से निचला स्लैब टूट गया, जिससे उसके ऊपर का पूरा नया स्लैब गिर गया. परिवार वालों के मुताबिक उनके दो लोग अंदर फंसे हुए हैं.
(राकेश चावला की रिपोर्ट)