उत्तर-पूर्वी दिल्ली के वेलकम इलाके में शुक्रवार रात एक चार मंजिला मकान की दूसरी मंजिल का छज्जा अचानक भरभराकर सड़क पर गिर गया. हादसे में एक बच्ची घायल हो गई. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई. सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और इमारत में फंसे लोगों को रेस्क्यू कर सुरक्षित बाहर निकाला. दिल्ली पुलिस और बिजली विभाग की टीम ने भी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया.
जानकारी के अनुसार, हादसा वेलकम इलाके के एक्स ब्लॉक में फोटो चौक के पास हुआ. बताया जा रहा है कि चार मंजिला पुरानी इमारत की दूसरी मंजिल का छज्जा अचानक टूटकर सड़क पर गिर गया. छज्जा गिरने से एक बच्ची घायल हो गई, जिसे इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में ले जाया गया. हादसे के समय रात होने के कारण सड़क पर लोगों की आवाजाही कम थी, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया.
घटना की सूचना मिलने पर दमकल विभाग, दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (DDMA) और दिल्ली पुलिस को सूचित किया गया. संबंधित टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया. दिल्ली पुलिस की क्राइम टीम भी घटना वाली जगह पर पहुंचकर हादसे की जांच में जुट गई. सुरक्षा के मद्देनजर मकान को खाली करा लिया गया है.
वेलकम में हुए इस हादसे ने इलाके की पुरानी इमारतों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं. वहां मौजूद लोगों के अनुसार, छज्जा अचानक टूटकर सड़क पर गिरा. अगर उस समय सड़क पर लोगों की आवाजाही ज्यादा होती है, तो हादसा गंभीर रूप ले सकता था. फिलहाल, छज्जा गिरने के वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा.
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले ही उत्तर-पूर्वी दिल्ली के न्यू सीमापुरी इलाके में एक छह मंजिला इमारत ढह गई थी. उस हादसे में कई लोग घायल हुए थे और कई लोगों की जान चली गई थी. अब वेलकम में पुरानी इमारत का छज्जा गिरने की घटना ने एक बार फिर जर्जर और पुरानी इमारतों की सुरक्षा तथा संबंधित विभागों की जिम्मेदारी पर सवाल खड़े कर दिए हैं.
(दिल्ली से राकेश कुमार की रिपोर्ट)