दिल्ली: स्कूल में गार्ड रूम के पीछे मिला छात्रा का जला हुआ शव… बैग में मिला संदिग्ध सामान और 3 पेज का नोट
दिल्ली के कृष्णा नगर में 12वीं की छात्रा की जलने से मौत हो गई. छात्रा ने अपने ऊपर ऊपर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा ली. पुलिस को मौके से कुछ सामान और तीन पेज का नोट मिला है.
राजधानी दिल्ली के कृष्णा नगर स्थित सर्वोदय बाल एवं बालिका विद्यालय में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. जहां 12वीं कक्षा में पढ़ने वाली एक छात्रा ने कथित तौर पर अपने ऊपर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा ली. घटना में छात्रा की मौके पर ही मौत हो गई. छात्रा अपने साथ बैग में कुछ ज्वलनशील पदार्थ लेकर आई थी. स्कूल परिसर में हुई इस घटना से हड़कंप मच गया और शिक्षकों व विद्यार्थियों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
छात्रा के बैग से कुछ संदिग्ध सामान मिला
शिक्षकों के अनुसार, घटना के बाद पुलिस को छात्रा के बैग से कुछ संदिग्ध सामान मिलने की जानकारी सामने आई है. हालांकि, बरामद सामान की प्रकृति और घटना के पीछे की वजह को लेकर अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. मिली जानकारी के अनुसार, पता चलता है कि तीन पेज का एक नोट भी पुलिस को मिला है.
12वीं की छात्रा ने आग लगाकर की आत्महत्या
दिल्ली पुलिस ने कहा कि कृष्णा नगर के एक स्कूल से आग लगने की घटना के बारे में एक PCR कॉल मिली. सूचना मिलने पर पुलिस स्टाफ तुरंत मौके पर पहुंचा, जहां स्कूल के गार्ड रूम के पीछे लगभग 18 साल की 12वीं क्लास की एक स्टूडेंट जली हुई हालत में मिली. शुरुआती कार्रवाई के दौरान, मौके से कुछ सामान और मृतक का स्कूल बैग बरामद किया गया. क्राइम टीम को मौके का मुआयना करने और जरूरी सबूत इकट्ठा करने के लिए बुलाया गया.घटना के कारणों की जांच की जा रही है.
शव को अब पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा अस्पताल
स्थानीय BJP विधायक अनिल गोयल ने कहा, यह एक बड़ी, दुर्भाग्यपूर्ण घटना है. उनकी आत्महत्या के पीछे के कारण जांच का विषय हैं. पुलिस, स्थानीय प्रशासन और SDM ऑफिस के अधिकारी सभी इसकी जांच कर रहे हैं. शव को अब पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया है.
मंत्री आशीष सूद ने मांगी विस्तृत जानकारी
वहीं मंत्री आशीष सूद ने स्कूल प्रबंधन और पुलिस अधिकारियों से घटना के बारे में विस्तृत जानकारी मांगी. उन्होंने घटना के आसपास की परिस्थितियों और विभिन्न संबंधित पहलुओं को समझने के लिए स्थानीय निवासियों से भी बातचीत की. मंत्री ने मामले की जांच की प्रगति और उपलब्ध साक्ष्यों के बारे में भी जानकारी मांगी.
शिक्षा मंत्री आशीष सूद ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि कृष्णा नगर स्थित जीएसकेवी स्कूल में छात्रा की दुखद मृत्यु अत्यंत पीड़ादायक और गंभीर चिंता का विषय है. हम सभी इस दिल दहला देने वाली घटना से व्यथित हैं. दिल्ली पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और स्कूल प्रबंधन ने सभी उपलब्ध साक्ष्य पुलिस को सौंप दिए हैं.
उन्होंने आगे कहा कि हमारी प्राथमिकता निष्पक्ष और गहन जांच सुनिश्चित करना है ताकि घटना से संबंधित सभी तथ्य सामने आ सकें. मामले की सटीक परिस्थितियां और अन्य पहलू जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट रूप से स्थापित हो सकेंगे. जांच के निष्कर्षों के आधार पर कानून के अनुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी.
पुलिस मामले की जांच में जुटी
पुलिस मामले की जांच कर रही है. छात्रा ने यह खौफनाक कदम किन परिस्थितियों में उठाया, इसकी पड़ताल की जा रही है. घटना से स्कूल प्रशासन और छात्र-छात्राओं में शोक का माहौल है. जांच पूरी होने के बाद ही मामले की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी.
(ANI के इनपुट के साथ राकेश चावला की रिपोर्ट)