SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

Delhi में 1 नवंबर की रैली से बाजारों पर कितना पड़ेगा असर? जानें 10 हजार करोड़ के कारोबार पर खतरे और ट्रैफिक का पूरा गणित

दिल्ली के रामलीला मैदान में 1 नवंबर को प्रस्तावित रैली से दिवाली से पहले पुरानी और मध्य दिल्ली के 20 बाजारों में ट्रैफिक व कारोबार प्रभावित होने की आशंका है. CTI चेयरमैन ने 10 हजार करोड़ रुपये तक के संभावित कारोबारी नुकसान का दावा करते हुए रैली की तारीख या जगह बदलने की मांग की है.

Written By Renu Akarniya
Published: Oct 30, 2026, 08:43 PM IST | Updated: Oct 30, 2026, 09:00 PM IST
Image Credit: AI IMAGE
Join

दिल्ली के रामलीला मैदान में 1 नवंबर को प्रस्तावित कांग्रेस और इंडिया गठबंधन की SIR के खिलाफ रैली को लेकर व्यापारियों, ट्रांसपोर्टरों और फैक्ट्री मालिकों की चिंताएं बढ़ गई हैं. ऐसे समय में जब त्योहारों का सीजन है, दीपावली बिल्कुल नजदीक है, तब इस रैली को लेकर व्यापारी वर्ग ज्यादा चिंतित, परेशान और आक्रोशित है.

व्यापारी वर्ग ज्यादा चिंतित, आक्रोशित व्यापारियों ने दी चेतावनी
व्यापारिक लगातार इस रैली के विरोध में है और इसको रद्द करने की मांग कर रहे हैं. व्यापारियों का साफ कहना है की लगातार हो रहे दिल्ली में धरने प्रदर्शन की वजह से पहले ही व्यापारियों को काफी नुकसान हो चुका है. ऐसे में जब दीपावली का त्योहार बिल्कुल नजदीक है और ऐसे में रैली का आयोजन करना व्यापारियों के हित में नहीं है. व्यापारियों ने साफ कर दिया है कि अगर इसी प्रकार से रैली धरने प्रदर्शन होंगे तो व्यापारियों को भी लाठी लेकर सड़कों पर उतरना पड़ेगा.

1 नवंबर की रैली को स्थगित करने की मांग
इस त्योहारी सीजन में व्यापारियों को नुकसान का न उठाना पड़े इसको लेकर दिल्ली के कई ट्रेडर्स एसोसिएशन ने राहुल गांधी को पत्र लिखा है. ट्रेडर्स एसोसिएशन 1 नवंबर की रैली को स्थगित करने की मांग कर रहे हैं.

CTI के चेयरमैन ने सोनिया गांधी को लिखा पत्र
चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (CTI) के चेयरमैन बृजेश गोयल ने कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी को पत्र लिखकर रैली को दिवाली के बाद आयोजित करने या इसका स्थान बदलने की अपील की है. उन्होंने कहा कि रैली से उनका विरोध नहीं है, लेकिन त्योहार से ठीक पहले इसकी तारीख और जगह को लेकर व्यापारियों में चिंता है. इस रैली के कारण मध्य दिल्ली और पुरानी दिल्ली के बाजारों में यातायात प्रभावित हो सकता है और कारोबार को भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है.

रामलीला मैदान में करीब 10 लाख लोगों के आने की आशंका
बृजेश गोयल ने कहा कि आयोजकों की ओर से रैली में करीब 10 लाख लोगों के आने की बात कही जा रही है. इतनी बड़ी संख्या में लोगों को लाने के लिए लगभग 15 से 20 हजार बसों, टेम्पो और अन्य वाहनों की जरूरत पड़ सकती है.

यातायात व्यवस्था पर पड़ेगा भारी दबाव 
उन्होंने कहा कि रामलीला मैदान में 200 बसों की पार्किंग की भी पर्याप्त व्यवस्था नहीं है, ऐसे में हजारों वाहन पुरानी और मध्य दिल्ली में पहुंचेंगे तो यातायात व्यवस्था पर भारी दबाव पड़ेगा. इससे जाम और लॉकडाउन जैसी स्थिति बन सकती है.

त्योहार से पहले रैली में बाजारों पर पड़ेगा असर 
10 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर हुए कार्यक्रम का उदाहरण देते हुए CTI चेयरमैन ने कहा कि उस दौरान करीब पांच से सात हजार लोगों की मौजूदगी से मध्य दिल्ली में जाम लग गया था और लगभग 20 बाजार बंद हो गए थे. इस बार रैली दिवाली के प्रमुख खरीदारी वाले दिनों के आसपास हो रही है. छह नवंबर को धनतेरस और आठ नवंबर को दिवाली है. ऐसे में त्योहार से चार दिन पहले इतनी बड़ी रैली होने से बाजारों की गतिविधियां प्रभावित होने की आशंका है.

दिल्ली के 20 बड़े बाजार हो सकते हैं प्रभावित, 10 हजार करोड़ के कारोबार पर खतरा
गोयल ने कहा कि रामलीला मैदान के आसपास पांच किलोमीटर के दायरे में लगभग 20 ऐतिहासिक बाजार हैं, जहां प्रतिदिन 10 से 12 हजार करोड़ रुपए तक का कारोबार होता है. उन्होंने जामा मस्जिद, कश्मीरी गेट, चांदनी चौक, खारी बावली, सदर बाजार, नया बाजार, अजमेरी गेट, करोल बाग, गफ्फार मार्केट, कनॉट प्लेस, पालिका बाजार, दरियागंज और मीना बाजार समेत कई बाजारों का उल्लेख किया. उन्होंने कहा कि इन बाजारों में अलग-अलग स्तर पर रोजाना करोड़ों रुपए का कारोबार होता है. अगर एक या दो दिन बाजार बंद रहते हैं तो व्यापार को कम से कम 10 हजार करोड़ रुपए का नुकसान हो सकता है.

करीब 500 ट्रांसपोर्ट और माल की सप्लाई पर पड़ सकता है असर
बृजेश गोयल ने बताया कि नरेला, बवाना, मंगोलपुरी, उद्योग नगर और पीरागढ़ी जैसे औद्योगिक क्षेत्रों से रोजाना करीब 500 छोटे टेम्पो और टाटा एस वाहन बाजारों में माल पहुंचाते हैं. इसके अलावा लगभग तीन हजार वाहन इन बाजारों से एनसीआर और देश के दूसरे हिस्सों में सामान लेकर जाते हैं. 31 अक्टूबर की दोपहर से ही रैली में शामिल होने वाले वाहनों के आने की संभावना जताई जा रही है. ऐसे में ट्रांसपोर्टर असमंजस में हैं कि वे 31 अक्टूबर के लिए माल की बुकिंग लें या नहीं. 31 अक्टूबर और 1 नवंबर, दोनों दिनों को लेकर कारोबारियों में चिंता है. अगर वाहनों की आवाजाही प्रभावित होती है तो माल की लोडिंग-अनलोडिंग रुक सकती है. इससे धनतेरस और दिवाली के लिए आने वाला सामान बाजारों तक नहीं पहुंच पाएगा.

रैली की तारीख या स्थान बदलने का अनुरोध कर रहे व्यापारी
CTI चेयरमैन ने कहा कि व्यापारियों में इस मुद्दे को लेकर नाराजगी है. विभिन्न बाजारों की एसोसिएशन पत्र लिखकर और वीडियो संदेश जारी कर अपनी चिंता जाहिर कर रही हैं. व्यापारी रैली की तारीख या स्थान बदलने का अनुरोध कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि दिवाली सभी समुदायों का बड़ा त्योहार है. हिंदू, मुस्लिम, सिख और ईसाई समुदाय के लोग इसे उत्साह से मनाते हैं. उन्होंने चिंता जताई कि रैली के कारण बाजारों में कारोबार प्रभावित हुआ तो व्यापारियों के लिए त्योहार का समय मुश्किल हो सकता है.

व्यापारियों को रैली से कोई आपत्ति नहीं, त्योहार के बाद आयोजन की अपील
बृजेश गोयल ने यह स्पष्ट किया कि व्यापारियों को रैली से कोई आपत्ति नहीं है. उनका अनुरोध केवल इतना है कि इसे दिवाली के बाद आयोजित किया जाए या किसी दूसरे स्थान पर कराया जाए. उन्होंने राहुल गांधी के नारे का उल्लेख करते हुए कहा कि वे नफरत के बाजार में मोहब्बत की दुकान चलाने की बात करते हैं, इसलिए व्यापारियों की मोहब्बत की दुकानें भी चलती रहनी चाहिए. उन्होंने राहुल गांधी और सोनिया गांधी से अपील की कि व्यापारियों को दिवाली के दौरान शांतिपूर्वक कारोबार करने का अवसर दिया जाए, ताकि बाजार खुले रहें और लोग प्रेम तथा उत्साह के साथ त्योहार मना सकें.

ये भी पढ़ें: 1 नवंबर से दिल्ली में इन गाड़ियों की एंट्री पर रोक? CNG-EV समेत किन वाहनों को मिली छूट; डिटेल में जानें सब कुछ

(IANS के इनपुट के साथ संजय कुमार वर्मा की रिपोर्ट)

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

रेनू अकर्णिया, वर्तमान में Zee News में सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं और दिल्ली-एनसीआर और हरियाणा की लेटेस्ट, ट्रेंडिंग कंटेंट, यूटिलिटी जुड़ी खबरों पर काम कर रहे हैं. रेनू पिछले 3 सालों से डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं. पत्रकारिता में ग्रेजुएशन करने के बाद उन्होंने 2022 में Zee News से करियर की शुरुआत की.  लोकल चैनल समाचार प्लस में इंटर्न से शुरुआत की और कारवां बढ़ता हुआ जी न्यूज पहुंचा.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES