)
दिल्ली में विपक्ष का प्रदर्शन जारी है. इसी बीच इंडिया ब्लॉक के सांसदों के लंच वाली जगह पर उस समय हंगामा हो गया जब एक शख्स प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के समर्थन में नारे लगाते हुए वहां पहुंचा. इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उसके साथ मारपीट की. सामने आए इनपुट के मुताबिक शख्स के हाथ में एक पोस्टर भी था और वह कांग्रेस और राहुल गांधी के खिलाफ नारे लगाते हुए भीड़ के बीच पहुंचा था.
असल में कांग्रेस कार्यकर्ताओं का आरोप है कि प्रदर्शन कर रहे शख्स ने राहुल गांधी के खिलाफ आपत्तिजनक नारे लगाए और इसी वजह से उसके साथ मारपीट हुई. जानकारी के मुताबिक उसे कश्मीर का मुस्लिम युवक बताया गया है. मारपीट के बाद उसने कहा कि भारत को नेपाल और बांग्लादेश जैसा बनाने की साजिश के विरोध में वो प्रदर्शन कर रहा था.
#WATCH | Delhi | A youth, claiming to be a fan of PM Modi, arrived at Connaught Place, where he was roughed up by protesters. The protesters alleged that the man was verbally abusing the LoP, Lok Sabha, Rahul Gandhi. https://t.co/eavftUiz1C
— ANI (@ANI) October 8, 2026
पीटे गए युवक ने कहा कि उसने सिर्फ यही सवाल उठाया कि जब विपक्ष चुनाव जीतता है तो ईवीएम को लेकर कोई सवाल क्यों नहीं उठाए जाते. युवक ने कहा कि भारत में ईवीएम राजीव गांधी के समय 1998 में आई थी. उसने खुद को कश्मीर का रहने वाला बताते हुए कहा कि उसने राहुल गांधी को गाली नहीं दी थी. युवक ने कहा कि वह देश का नागरिक है.
मालूम हो कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने आज 8 अक्टूबर को विपक्षी सांसदों के लिए फिर लंच का आयोजन किया है. दोपहर 1:45 बजे कनॉट प्लेस के K-14, आउटर सर्किल स्थित मोएट्स में होने वाले इस लंच में लोकसभा और राज्यसभा के विपक्षी सांसदों को बुलाया गया है. खास बात यह है कि लगातार दूसरे दिन विपक्षी सांसदों के लिए कनॉट प्लेस में लंच रखा गया है.
कनॉट प्लेस से जंतर-मंतर और चुनाव आयोग का दफ्तर भी ज्यादा दूर नहीं है. ऐसे में लंच के बाद विपक्षी सांसद क्या रुख अपनाते हैं, इस पर नजर रहेगी. अगर लंच के बाद आज भी विरोध प्रदर्शन या मार्च होता है, तो यह लगातार दूसरा दिन होगा जब खड़गे के लंच के बाद विपक्ष सड़क पर उतरेगा. हालांकि, अभी तक विपक्ष की ओर से आज के लंच के बाद की रणनीति को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है.
फिलहाल एसआईआर और वोटर लिस्ट के मुद्दे पर कांग्रेस समेत विपक्षी दलों का चुनाव आयोग के खिलाफ विरोध लगातार जारी है. पिछले दो दिनों से इंडिया गठबंधन के सांसद दिल्ली में चुनाव आयोग के दफ्तर की ओर मार्च निकाल रहे हैं. मगर पुलिस ने बैरिकेडिंग और भारी सुरक्षा के जरिए उन्हें आगे बढ़ने से रोक दिया. इस दौरान राहुल गांधी, प्रियंका गांधी समेत कई विपक्षी नेताओं को हिरासत में लिया गया.
कांग्रेस का आरोप है कि प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने कुछ नेताओं के साथ कथित तौर पर बदसलूकी भी की. हालांकि दिल्ली पुलिस की तरफ से बताया गया कि पुलिसकर्मियों के साथ भी बदसलूकी की गई है. विपक्ष के लीडर्स एसआईआर और मतदाता सूची से जुड़े मुद्दों पर चुनाव आयोग से जवाब मांग रहे हैं और इस्तीफे की बात कर रहे हैं.