SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

महादेव सट्टा ऐप मामले में CBI की रेड, सौरभ चंद्राकर के खुलासों के बाद 6 राज्यों में 33 ठिकानों पर दबिश; लाइव बेटिंग पैनल ध्वस्त

महादेव सट्टा ऐप केस में सौरभ चंद्राकर से पूछताछ में हुए खुलासों के बाद सीबीआई ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 6 राज्यों में 33 ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की है.

Edited By Sumit Rai
Published: Nov 14, 2026, 10:27 IST | Updated: Nov 14, 2026, 10:31 IST
Image Credit: सीबीआई ने 6 राज्यों में 33 ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की है.
Join

महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने एक बार फिर बड़ा और कड़ा एक्शन लिया है. ओमान से प्रत्यर्पण के बाद मुख्य आरोपी सौरभ चंद्राकर से पूछताछ में हुए खुलासों के आधार पर सीबीआई ने देश के 6 राज्यों के कुल 33 ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की है. इस कार्रवाई के दौरान जांच एजेंसी ने कई लाइव बेटिंग और जुए के पैनलों को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया है. साथ ही मौके से मोबाइल, डिजिटल डिवाइस, आपत्तिजनक दस्तावेज, म्यूल बैंक अकाउंट और हवाला नेटवर्क से जुड़े पुख्ता सबूत बरामद किए हैं.

विदेशी धरती से संचालित हो रहे इस अवैध सिंडिकेट में शामिल अन्य फरार आरोपियों और कुछ सरकारी कर्मचारियों की संदिग्ध भूमिका भी अब सीबीआई की जांच के दायरे में आ गई है. इसके साथ ही जांच एजेंसी जल्द ही विदेश में बैठे अन्य आरोपियों के प्रत्यर्पण की तैयारी में जुटी है, जिन्हें जल्द ही भारत लाया जा सकता है.

19 नवंबर तक ED की रिमांड पर सौरभ चंद्राकर

ओमान से प्रत्यर्पण के बाद भारत लाए गए सौरभ चंद्राकर को कल (13 नवंबर) PMLA कोर्ट में पेश किया गया था, जिसके बाद कोर्ट ने प्रवर्तन निदेशालय (ED) की गिरफ्तारी की अनुमति दे दी और 19 नवंबर तक ईडी की रिमांड पर भेज दिया. इसके बाद महादेव ऑनलाइन बुक सट्टेबाजी सिंडिकेट के प्रमोटर और सह-मालिक सौरभ चंद्राकर को ईडी ने गिरफ्तार कर लिया. करीब तीन साल तक उसका पीछा करने के बाद ED उसे भारत वापस लाने में कामयाब हुई है. सौरभ चंद्राकर 7 दिनों तक ईडी की रिमांड पर रहेगा और एजेंसी महादेव सट्टा ऐप मामले में पूछताछ करेगी. उसे 7 दिनों तक ईडी दफ्तर में में कड़ी सुरक्षा में रखा जाएगा.

ईडी के एक अधिकारी ने बयान में बताया कि कि प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने विशेष अदालत की अनुमति से 'प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट, 2002' (पीएमएलए) की धारा 19 के तहत उसे गिरफ्तार किया. बयान के मुताबिक, ईडी की कस्टडी में सौरभ चंद्राकर के सामने उसके साथियों के बयान, डिजिटल डाटा, उसकी विदेशी कंपनियों से जुड़े दस्तावेज और मनी लॉन्ड्रिंग के अपराध से जुड़े सबूत रखे जाएंगे. ईडी ने बताया कि सौरभ चंद्राकर और एक अन्य सह-प्रमोटर रवि उप्पल, दुबई स्थित अपने हेड ऑफिस से 'महादेव ऑनलाइन बुक' (कई ऑनलाइन बेटिंग वेबसाइटें) चलाते थे. वे भारत और यूएई में 'बेटिंग पैनल' की फ्रेंचाइजी के जरिए अपना काम करते थे.

ये भी पढ़ें- सौरभ चंद्राकर के बाद अब रवि उप्पल पर कसा शिकंजा, दुबई में गिरफ्तार हुआ महादेव ऐप का मास्टरमाइंड; ED निकालेगी मनी ट्रेल

3 साल से बच रहा था सौरभ चंद्राकर

बयान में कहा गया है कि खिलाड़ियों का पैसा दूसरे लोगों के नाम वाले बैंक खातों में जाता था और फिर हवाला के जरिए भारत से बाहर भेज दिया जाता था. 20 अक्टूबर 2023 को ईडी की मुख्य शिकायत में अनुमान लगाया गया था कि यह सिंडिकेट हर महीने लगभग 450 करोड़ रुपए कमाता था. सौरभ चंद्राकर ने सितंबर 2023 में ईडी द्वारा जारी समन का कोई जवाब नहीं दिया और कानून लागू करने वाली एजेंसियों की जांच से बचता रहा.
बयान के अनुसार, ईडी की अर्जी पर विशेष अदालत ने 4 सितंबर 2023 को उसके खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी किया था. इसके कुछ समय बाद इंटरपोल ने भी उसके खिलाफ रेड नोटिस जारी कर दिया. 22 मार्च 2025 को छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय ने वारंट के खिलाफ उनकी चुनौती को खारिज कर दिया. (इनपुट- न्यूज़ एजेंसी आईएएनएस)

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

न्यूज़ मीडिया में 13 सालों से अधिक के अनुभव के साथ सुमित राय एक डिजिटल पत्रकार हैं. वर्तमान में सुमित राय Zee News (MP-CG) की डिजिटल टीम के लीड की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं. मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की राजनीति, प्रशासनिक फैसलों, क्राइम और हाइपरलोकल मुद्दों के सटीक और गहरे विश्लेषण पर उनकी मजबूत पकड़ है.भोपाल स्थित माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय (MCU) से जर्नलिज्म में मास्टर डिग्री पूरी करने के बाद सुमित ने मीडिया जगत में अपनी पहचान बनाई. अपने करियर के दौरान उन्होंने राजस्थान पत्रिका, दैनिक जागरण, दैनिक भास्कर, एनडीटीवी और लोकमत हिंदी जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है. ग्राउंड रिपोर्टिंग के साथ-साथ जटिल राजनीतिक और सामाजिक घटनाक्रमों पर आसान भाषा में 'एक्सप्लेनर' और 'ओपिनियन' लिखना उनकी मुख्य पहचान है. वे न्यूज़ डेस्क मैनेजमेंट और क्वालिटी एश्योरेंस के उच्च मानकों को बनाए रखते हैं, ताकि पाठकों तक प्रामाणिक, निष्पक्ष और तथ्य-आधारित खबरें ही पहुंचे.सुमित राय से संपर्क करने के लिए आप उन्हें sumit2.kumar@zeemedia.com पर ईमेल कर सकते हैं. इसके अलावा, आप एक्स (ट्विटर), फेसबुक और लिंक्डइन पर उनके हैंडल @imSumitKRai के जरिए उनसे सीधे जुड़ सकते हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES