SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

सेंसेक्स 700 अंक टूटा, निफ्टी 23000 के नीचे आया; इन 3 कारणों से गिर रहा शेयर बाजार

अमेरिकी बाजार में गिरावट देखे जाने के बाद भारतीय शेयर बाजार में भारी गिरावट देखी जा रही है. कारोबारी सत्र के दौरान सेंसेक्स 700 अंक टूट गया और निफ्टी 23,000 अंक के नीचे चला गया. बाजार में आई गिरावट के कारण क्या है? आइए जानते हैं-

Written By Kriyanshu Saraswat
Published: Oct 19, 2026, 02:43 PM IST | Updated: Oct 19, 2026, 02:47 PM IST
Image Credit: (File Pic) आज के कारोबारी सत्र के दौरान बैंकिंग शेयर में भारी गिरावट देखी जा रही है.
Join

हफ्ते के पहले ही दिन शेयर बाजार में कारोबार के दौरान जबरदस्त गिरावट देखने को मिल रही है. इससे एक बार फिर से निवेशकों को बड़ा झटका लगा है. स्टॉक मार्केट का प्रमुख सूचकांक सेंसेक्स 700 अंक की भारी गिरावट के साथ 74,032 अंक के लेवल पर आ गया. दूसरी तरफ निफ्टी 50 सूचकांक भी 23,000 के मनोवैज्ञानिक आंकड़े से नीचे आ गया. पिछले कारोबारी सत्र में तेजी के साथ बंद हुए शेयर बाजार के अचानक क्रैश होने के पीछे कमजोर बैंक नतीजे, सुस्त ग्लोबल संकेत और क्रूड ऑयल के ऊंचे दाम का दबाव बताया जा रहा है. बाजार में आई गिरावट के पीछे कौन से 3 कारण हैं? आइए जानते हैं-

कमजोर तिमाही नतीजे

बाजार में सोमवार को आई गिरावट का अहम कारण दूसरी तिमाही (Q2) के निराशाजनक नतीजे रहे. बैंकिंग शेयर में सबसे ज्यादा बिकवाली देखने को मिली. एक्सिस बैंक (Axis Bank) के शेयर में 5% तक की गिरावट आई. भले ही एक्सिस बैंक का सालाना आधार पर मुनाफा 38% बढ़ा हो. लेकिन बढ़े हुए खर्च के कारण शेयर में बिकवाली देखी गई. इसके अलावा सबसे बड़े प्राइवेट बैंक HDFC और दूसरे बैंकों के शेयर पर भी दबाव देखा गया. इसका असर यह हुआ कि निफ्टी का प्राइवेट बैंक इंडेक्स बुरी तरह पिट गया.

ग्लोबल मार्केट से मिले कमजोर संकेत

अमेरिकी मार्केट में पिछले हफ्ते हुई भारी बिकवाली का असर एशियाई और भारतीय बाजार पर भी देखा गया. आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से जुड़ी कंपनियों में बिकवाली के चलते नैस्डैक (Nasdaq) और एसएंडपी 500 में जोरदार गिरावट देखने को मिली. साउथ कोरिया का कोस्पी इंडेक्स भी 3% से ज्यादा टूट गया. घरेलू लेवल पर एलटीएम (LTM) जैसी दिग्गज आईटी कंपनियों के कमजोर नतीजों ने टेक शेयरों की हालत खराब कर दी. इसके बाद चौतरफा बाजार में बिकवाली का माहौल देखा जा रहा है.

क्रूड ऑयल के महंगे दाम और महंगाई का डर

ब्रेंट क्रूड के दाम भले ही कुछ फिसलकर 107 डॉलर प्रति बैरल के करीब आ गए हो. लेकिन पिछले हफ्ते क्रूड के दाम में आई भारी तेजी के बाद क्रूड अभी भी ऊंचे लेवल पर ही बना हुआ है. क्रूड के 100 डॉलर प्रति बैरल के पार चलने से बाजार पर दबाव बना हुआ है. भारत अपनी जरूरत का अधिकांश क्रूड ऑयल आयात करता है. ऐसे में क्रूड के दाम बढ़ने का असर देश के आयात बिल पर पड़ता और इसमें इजाफे से महंगाई का खतरा बना रहता है. इसके अलावा रुपये पर भी दबाव देखा जाता है. मैक्रो-इकोनॉमिक चिंता के चलते निवेशकों की तरफ से बाजार में सतर्कता बरती जा रही है और जमकर बिकवाली का दौर चल रहा है.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

क्रियांशु सारस्वत वरिष्ठ बिजनेस जर्नलिस्ट (Business Journalist) हैं, उन्हें डिजिटल और प्रिंट मीडिया में 17 साल का अनुभव है. मौजूदा समय में वह Zee News (Hindi) की डिजिटल टीम में बतौर 'असिस्टेंट न्यूज एडिटर' कार्यरत हैं. क्रियांशु को बिजनेस, पर्सनल फाइनेंस, टैक्सेशन, कमोडिटी और सरकारी योजनाओं आदि से जुड़ी खबरों को आसान भाषा में पाठकों तक पहुंचाने में महारथ हासिल है. Zee News से पहले क्रियांशु ने टाइम्स इंटरनेट, हिन्दुस्तान, दैनिक जागरण और अमर उजाला की वेबसाइट में अहम संपादकीय जिम्मेदारियां निभाई हैं. इस दौरान क्रियांशु ने ऑटो, टेक्नोलॉजी और लाइफस्‍टाइल लीड की जिम्मेदारी संभाली है. अभी क्रियांशु बिजनेस लीड हैं. यूपी से ताल्‍लुक रखने वाले क्र‍ियांशु पत्रकार‍िता में पोस्ट ग्रेजुएट हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES