App

हूती हमलों के बाद खाड़ी देशों की फ्लाइट्स पर संकट बरकरार, एयरलाइंस फूंक-फूंककर रख रहीं कदम

एयर इंडिया, इंडिगो और अकासा एयर ने सुरक्षा कारणों से कई उड़ानें 21 से 24 अक्टूबर तक रद्द या स्थगित की हैं, जबकि EASA ने कुछ खाड़ी देशों के हवाई क्षेत्र को लेकर चेतावनी 16 नवंबर तक बढ़ा दी है.

हूती हमलों के बाद खाड़ी देशों की फ्लाइट्स पर संकट बरकरार, एयरलाइंस फूंक-फूंककर रख रहीं कदम
Image Credit: EASA ने संयुक्त अरब अमीरात, बहरीन, कुवैत, ओमान और कतर के आसपास के हवाई क्षेत्र में उड़ानों को लेकर अपनी चेतावनी 16 नवंबर तक बढ़ा दी है. | सोशल मीडिया

Flight Disruption : मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव और हूती विद्रोहियों के मिसाइल और ड्रोन हमलों के कारण खाड़ी देशों के लिए हवाई सेवाएं अब भी प्रभावित हैं. हालांकि, रियाद के किंग खालिद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पिछले सप्ताह के अंत में परिचालन फिर से शुरू हो गया था, लेकिन सुरक्षा कारणों से कई उड़ानें अब भी रद्द की जा रही हैं. इसका असर खास तौर पर खाड़ी देशों और पश्चिमी देशों की यात्रा करने वाले भारतीय यात्रियों पर पड़ रहा है. कई एयरलाइंस ने सुरक्षा चिंताओं के चलते अपनी उड़ानों में कटौती की है, जिससे यात्रियों के यात्रा कार्यक्रम प्रभावित हुए हैं.

फ्लाइट्स को लेकर चेतावनी 16 नवंबर तक बढ़ाई गई

यूरोपीय संघ विमानन सुरक्षा एजेंसी (ईएएसए) ने संयुक्त अरब अमीरात, बहरीन, कुवैत, ओमान और कतर के आसपास के हवाई क्षेत्र में उड़ानों को लेकर अपनी चेतावनी 16 नवंबर तक बढ़ा दी है. एजेंसी ने कहा कि मिसाइलों, ड्रोन, लड़ाकू विमानों और वायु रक्षा प्रणालियों के इस्तेमाल की आशंका के कारण संबंधित हवाई क्षेत्र में सभी ऊंचाइयों पर नागरिक विमानों के लिए जोखिम बना हुआ है. इसके चलते कई अंतरराष्ट्रीय एयरलाइंस ने प्रभावित देशों के लिए अपनी सेवाएं अस्थायी रूप से रोक दी हैं या उड़ान मार्ग बदल दिए हैं ताकि ईरान, इराक, इजरायल और खाड़ी क्षेत्र के संवेदनशील हवाई क्षेत्रों से बचा जा सके.

उड़ानें 24 अक्टूबर तक कैंसिल

एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस ने रियाद, जेद्दा और दम्माम के लिए अपनी उड़ानें 24 अक्टूबर तक निलंबित कर दी हैं. यात्रियों को रिफंड और री-बुकिंग संबंधी जानकारी के लिए एयरलाइन की ताजा एडवाइजरी देखने की सलाह दी गई है. टाटा समूह की इन एयरलाइंस ने कहा है कि वे स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं और हालात सामान्य होने पर उड़ानें फिर शुरू करने का फैसला लेंगी.

इंडिगो ने उड़ानें 24 अक्टूबर तक रद्द कीं

वहीं, इंडिगो ने भी रियाद, जेद्दा, दम्माम और मदीना के लिए अपनी उड़ानें 24 अक्टूबर तक रद्द कर दी हैं. यात्रियों को एयरपोर्ट जाने से पहले अपनी उड़ान की स्थिति जांचने की सलाह दी गई है. इसके अलावा अकासा एयर ने रियाद के लिए अपनी उड़ानें 24 अक्टूबर तक और जेद्दा के लिए 21 अक्टूबर तक स्थगित कर दी हैं. प्रभावित यात्रियों को नवीनतम उड़ान जानकारी और उपलब्ध विकल्पों की जांच करने की सलाह दी गई है.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Gaurav Singh

Gaurav Singh

जी न्यूज में सीनियर सब-एडिटर हैं और वर्तमान में बिजनेस व फाइनेंशियल न्यूज कवर करते हैं.  देश की राजनीति से लेकर दुनिया के बनते-बिगड़ते सत्ता समीकरणों और घटनाओं को कवर कर चुके हैं  पढ़ाई-लिखाई की बात करें तो UPTU से इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग में ग्रेजुएशन किया है. उत्तर प्रदेश से ताल्लुक रखने वाले गौरव ने अपने करियर की शुरुआत डिजिटल मीडिया से की और पिछले 6 वर्षों से लगातार इस क्षेत्र में सक्रिय हैं. आप गौरव सिंह से Gaurav.Singh@India.Com पर ईमेल के जरिए सीधे जुड़ सकते हैं. 
Read More