SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

Gold-Silver Price: शादी के सीजन में खरीदारी का 'गोल्डन चांस' या करें कुछ दिन इंतजार? जानें ज्वैलर्स और एक्सपर्ट की क्या है राय

सोने और चांदी की कीमतों में भारी गिरावट के बाद शादी के सीजन में ज्वेलरी खरीदने वालों की दिलचस्पी बढ़ी है. ज्वैलर्स इसे खरीदारी का सुनहरा मौका बता रहे हैं.

Written By Gaurav Singh
Published: Nov 20, 2026, 20:51 IST | Updated: Nov 20, 2026, 21:29 IST
Image Credit: ज्वैलर्स का कहना है कि मौजूदा स्तर लंबे समय बाद खरीदारों को मिला एक बड़ा अवसर है। AI
Join

Gold-Silver Price : पिछले कुछ महीनों में सोने और चांदी की कीमतों में आई बड़ी गिरावट ने ज्वेलरी बाजार में खरीदारों की दिलचस्पी बढ़ा दी है. खासकर शादी-विवाह के सीजन से पहले सोने के दाम करीब 50,000 रुपए प्रति 10 ग्राम तक टूटने से ग्राहक खरीदारी के लिए बाजार पहुंच रहे हैं. ज्वैलर्स का कहना है कि मौजूदा स्तर लंबे समय बाद खरीदारों को मिला एक बड़ा अवसर है.

राजकोट के राधिका ज्वेलर्स के संचालक मुकेश भाई ने कहा कि सोने-चांदी की कीमतों में गिरावट का मुख्य कारण घरेलू नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय बाजार है. उन्होंने कहा, 'भारत अपनी जरूरत का अधिकांश सोना और चांदी आयात करता है. इसलिए वैश्विक कीमतों में उतार-चढ़ाव का सीधा असर भारतीय बाजार पर पड़ता है. जिस तरह अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेजी के दौरान कीमतें बढ़ी थीं, उसी तरह अब गिरावट भी वहीं से प्रभावित होकर आई है.'

रिद्धिसिद्धि बुलियंस लिमिटेड के मैनेजिंग डायरेक्टर और इंडिया बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन लिमिटेड (IBJA) के प्रेसिडेंट और जैन इंटरनेशनल ट्रेड ऑर्गनाइजेशन के चेयरमैन पृथ्वीराज कोठारी ने बताया कि जिस किसी की भी शादी होने वाली है. उसके लिए यह करेक्शन एक असली मौका है.

कोठारी कहते हैं, 'सोने के मौजूदा स्पॉट रेट, 52-हफ्तों के उच्चतम स्तर (5,602 डॉलर प्रति औंस और 1,80,779 रुपये प्रति 10 ग्राम) से लगभग 28-33% नीचे हैं. इसका मतलब यह है कि आज उतने ही बजट में सोने के उच्चतम स्तर के मुकाबले लगभग एक-तिहाई ज्यादा सोना खरीदा जा सकता है.
 

सोने में बड़ी गिरावट

उन्होंने कहा कि बाजार को इतनी बड़ी गिरावट की उम्मीद नहीं थी. उन्होंने कहा कि पिछले साल दिवाली के समय सोने का भाव करीब 1.50 लाख रुपए प्रति 10 ग्राम के आसपास था, जबकि अब कुछ श्रेणियों में यह घटकर करीब 1.15 लाख रुपए प्रति 10 ग्राम तक आ गया है. ऐसे में जनवरी-फरवरी के शादी सीजन की तैयारी कर रहे परिवारों के लिए यह एक 'गोल्डन अपॉर्च्युनिटी' है. उन्होंने कहा कि मौजूदा स्तर पर खरीदारी करने वालों को अच्छा फायदा मिल सकता है.

भविष्य की कीमतों पर राय देते हुए मुकेश भाई ने कहा कि उन्हें नहीं लगता कि सोने में अब बहुत बड़ी गिरावट की गुंजाइश बची है. उन्होंने कहा कि बाजार शायद अपने निचले स्तर के करीब पहुंच चुका है और यहां से यदि गिरावट आती भी है तो वह 2 से 5 प्रतिशत तक सीमित रह सकती है.

वहीं, चांदी के बारे में उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष की तुलना में इसके भाव फिर लगभग उसी दायरे में लौट आए हैं. उन्होंने कहा, 'चांदी में पहले आई तेज तेजी के बाद करेक्शन आना स्वाभाविक था. मौजूदा स्तर चांदी का अधिक वास्तविक मूल्य दर्शाता है और आगे की दिशा ऊपर की ओर रहने की संभावना ज्यादा है.'

ज्वेलरी खरीदने वाले ग्राहकों में खुशी की लहर

वहीं, ज्वेलरी खरीदने पहुंचीं ग्राहक जोशी सीमा बेन ने कहा कि उनके बेटे की शादी है और वह गहनों की खरीदारी करने आई हैं. उन्होंने कहा कि सोने के दाम में आई गिरावट उनके लिए अतिरिक्त खुशी की बात है. उन्होंने कहा, 'शादी के मौसम में कीमतों का कम होना खरीदारों के लिए बड़ी राहत है और यदि भाव इसी तरह अनुकूल रहे तो वह आगे भी खरीदारी करेंगी.'

इस बीच, शुक्रवार को एमसीएक्स पर दिसंबर डिलीवरी वाले सोने में 3.7 प्रतिशत यानी 4,770 रुपए की गिरावट दर्ज की गई और यह 1,22,681 रुपए प्रति 10 ग्राम पर ट्रेड करता नजर आया. वहीं, एमसीएक्स पर दिसंबर डिलीवरी वाली चांदी में सोने से ज्यादा गिरावट देखने को मिली और यह 5 प्रतिशत से ज्यादा यानी 8000 रुपए से ज्यादा गिरकर 1,49,475 रुपए प्रति किलोग्राम पर ट्रेड करता नजर आया.

दिन के कारोबार में सोने ने 1,21,424 रुपए का निम्नतम स्तर छुआ, जबकि चांदी ने 1,46,868 रुपए का इंट्रा-डे लो छुआ.

(Disclaimer: ये आर्टिकल सिर्फ आपके जानकारी के लिए है. हम निवेशकों को सलाह देते हैं कि निवेश संबंधी कोई फैसला लेने से पहले एक्सपर्ट से सलाह लें, क्योंकि मार्केट में तेजी से बदलाव हो सकता है.)

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

जी न्यूज में सीनियर सब-एडिटर हैं और वर्तमान में बिजनेस व फाइनेंशियल न्यूज कवर करते हैं.  देश की राजनीति से लेकर दुनिया के बनते-बिगड़ते सत्ता समीकरणों और घटनाओं को कवर कर चुके हैं  पढ़ाई-लिखाई की बात करें तो UPTU से इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग में ग्रेजुएशन किया है. उत्तर प्रदेश से ताल्लुक रखने वाले गौरव ने अपने करियर की शुरुआत डिजिटल मीडिया से की और पिछले 6 वर्षों से लगातार इस क्षेत्र में सक्रिय हैं. आप गौरव सिंह से Gaurav.Singh@India.Com पर ईमेल के जरिए सीधे जुड़ सकते हैं. 
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES