App

मजबूत रुपये ने बिगाड़ा मिजाज, चांदी में ₹6400 की गिरावट, सोना भी धड़ाम; क्या है एक्सपर्ट की राय

इंटरनेशनल मार्केट के साथ ही घरेलू बाजार में भी आज सोना और चांदी दोनों ही धड़ाम हो गए. ग्लोबल मार्केट में कमजोरी और भारतीय रुपये की मजबूती के कारण सर्राफा बाजार दबाव में आया है. खासतौर पर घरेलू वायदा बाजार में चांदी के रेट में बड़ी गिरावट देखने को मिल रही है.

मजबूत रुपये ने बिगाड़ा मिजाज, चांदी में ₹6400 की गिरावट, सोना भी धड़ाम; क्या है एक्सपर्ट की राय
Image Credit: (AI / प्रतीकात्मक फोटो) घरेलू वायदा बाजार MCX में चांदी के रेट में बड़ी गिरावट देखने को मिली.

मिडिल ईस्ट में लगातार बढ़ रहे तनाव और क्रूड ऑयल के फिर से 110 डॉलर प्रति बैरल के पार जाने के बाद इंटरनेशलन मार्केट के साथ ही घरेलू बाजार में सोने और चांदी के दाम में बड़ी गिरावट देखी जा रही है. दोनों कीमती धातुओं के नीचे आने और रुपये की स्थिति के चलते सर्राफा बाजार भी दबाव में है. खासतौर पर घरेलू वायदा बाजार में चांदी के दाम में ज्यादा तेज गिरावट दर्ज की गई. आज (22 अक्टूबर) के कारोबारी सत्र की शुरुआत में सुबह के समय सोने के दाम 1.13 प्रतिशत गिरकर 4,093 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गए. इंटरनेशनल वायदा मार्केट कॉमेक्स पर सोने और चांदी दोनों में ही गिरावट देखी जा रही है. कॉमेक्स पर सोना 21 डॉलर गिरकर 4,128 डॉलर प्रति औंस पर देखा गया. इसी तरह चांदी टूटकर 57 डॉलर प्रति औंस के करीब कारोबार कर रही है.

सोने और चांदी के दाम में गिरावट का कारण डॉलर के मुकाबले रुपये की मजबूती और क्रूड ऑयल के दाम में आई तेजी को माना जा रहा है. इसके अलावा यूएस में 10 साल की बॉन्ड यील्ड मजबूत हुई है. अक्टूबर के आखिर में फेड रिजर्व की तरफ से जारी किये जाने वाले नतीजे भी सोने के दाम तय करेंगे. इन सभी कारणों से गोल्ड की डिमांड पर असर देखा जाता है और सोना नीचे आने लगता है.

मजबूत रुपये और क्रूड ऑयल की बढ़ती कीमत से महंगाई का दबाव बना हुआ है. ब्रेंट क्रूड 110 डॉलर के करीब बना हुआ है और अमेरिका में 10 साल की बॉन्ड यील्ड 5.12 प्रतिशत पर बनी हुई है. अगले हफ्ते आने वाले अमेरिकी फेड रिजर्व के नीतिगत फैसले और महंगाई दर के आंकड़े सोने की चाल तय करने में अहम भूमिका निभाएंगे.
-जतिन त्रिवेदी, एलकेपी सिक्योरिटीज

MCX और बुलियन मार्केट में बिकवाली हावी

भारतीय वायदा मार्केट MCX की बात करें तो यहां भी सोने और चांदी के दाम आज सुबह-सुबह नीचे आ गए और गिरावट का सिलसिला बना हुआ है. 4 दिसंबर को डिलीवरी वाला सोना 2040 रुपये गिरकर 144039 रुपये प्रति 10 ग्राम पर ट्रेंड कर रहा है. चांदी की बात करें तो 4 दिसंबर 2026 को ही डिलीवरी वाली चांदी भी आज जबरदस्त तरीके से टूट गई. सुबह करीब 11.30 बजे चांदी 6425 रुपये प्रति किलो टूटकर 202743 रुपये प्रति किलो पर कारोबार करते देखी गई. बुलियन मार्केट का भी हाल कुछ ऐसा ही है, यहां सोना 1940 रुपये गिरकर 144,430 रुपये प्रति 10 ग्राम और चांदी 6110 रुपये कमजोर होकर 203,400 रुपये प्रति किलो पर देखी गई.

गिरावट को लेकर केडिया एडवाइजरी के डायरेक्टर अजय केडिया ने निवेशकों को एसआईपी के जरिये सोने में निवेश जारी रखने की सलाह दी. इंटरनेशनल मार्केट में क्रूड ऑयल के दाम में तेजी की वजह से यह गिरावट देखी जा रही है. फेड रिजर्व की तरफ से 27-28 अक्टूबर को होने वाली मीटिंग में ब्याज दर के बदलाव की उम्मीद कम है. आरबीआई की तरफ से पिछले दिनों उठाए गए कदमों के कारण भारतीय बाजार में सोना नीचे आ रहा है. लॉन्ग टर्म के हिसाब से सोने और चांदी के दाम में निवेश किया जा सकता है.
- अजय केडिया, केडिया एडवाइजरी

इस बीच बैंक ऑफ अमेरिका (BOFA) की तरफ से अनुमान जताया गया कि मौजूदा दबाव जारी रहने पर सोना आगे चलकर 3,700 डॉलर प्रति औंस तक गिर सकता है. भारतीय करेंसी में यह लेवल करीब 1.12 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के बराबर बैठता है. इस अनुमान ने भी निवेशकों के बीच सतर्कता को बढ़ा दिया है.

घरेलू बाजार में क्या है सोने का रेट

इंडिया बुलियन एंड ज्वैलर एसोसिएशन (IBJA) की तरफ से हर दिन सुबह और शाम के समय सोने व चांदी के रेट जारी किये जाते हैं. IBJA की तरफ से 22 अक्टूबर को जारी किये गए दाम के अनुसार 24 कैरेट वाला सोना 1900 रुपये प्रति 10 ग्राम टूटकर 143152 रुपये पर पहुंच गया. दूसरी तरफ चांदी की बात करें तो यह एक ही कारोबारी सत्र में 6000 रुपये से ज्यादा टूटकर 200748 रुपये प्रति किला के लेवल पर आ गई. 22 कैरेट वाला सोना गिरकर 131127 रुपये प्रति 10 ग्राम पर और 18 कैरेट गोल्ड 107364 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया.

(डिस्क्लेमर: सोने-चांदी में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है. अगर आप गोल्ड या सिल्वर में निवेश करना चाहते हैं, तो वित्तीय जानकारों की सलाह जरूर लें.)

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Kriyanshu Saraswat

Kriyanshu Saraswat

क्रियांशु सारस्वत वरिष्ठ बिजनेस जर्नलिस्ट (Business Journalist) हैं, उन्हें डिजिटल और प्रिंट मीडिया में 17 साल का अनुभव है. मौजूदा समय में वह Zee News (Hindi) की डिजिटल टीम में बतौर 'असिस्टेंट न्यूज एडिटर' कार्यरत हैं. क्रियांशु को बिजनेस, पर्सनल फाइनेंस, टैक्सेशन, कमोडिटी और सरकारी योजनाओं आदि से जुड़ी खबरों को आसान भाषा में पाठकों तक पहुंचाने में महारथ हासिल है. Zee News से पहले क्रियांशु ने टाइम्स इंटरनेट, हिन्दुस्तान, दैनिक जागरण और अमर उजाला की वेबसाइट में अहम संपादकीय जिम्मेदारियां निभाई हैं. इस दौरान क्रियांशु ने ऑटो, टेक्नोलॉजी और लाइफस्‍टाइल लीड की जिम्मेदारी संभाली है. अभी क्रियांशु बिजनेस लीड हैं. यूपी से ताल्‍लुक रखने वाले क्र‍ियांशु पत्रकार‍िता में पोस्ट ग्रेजुएट हैं.
Read More