SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

FPI की बड़ी बिकवाली! सितंबर में ₹45536 करोड़ निकाले, बड़ी कंपनियों के शेयर हुए सस्ते

सितंबर 2026 में विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों ने भारतीय शेयर बाजार से ₹45,536 करोड़ निकाल लिए. जबकि प्राइमरी मार्केट में ₹9,676 करोड़ निवेश किया है.

Written By Gaurav Singh
Published: Oct 04, 2026, 14:53 IST | Updated: Oct 04, 2026, 15:12 IST
Join

FPI : विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों (FPI) ने सितंबर 2026 में भारतीय शेयर बाजार में भारी बिकवाली की और कुल 45,536 करोड़ रुपए के इक्विटी शेयर बेचे. हालांकि, प्राइमरी बाजार में उनकी रुचि बनी रही और उन्होंने सितंबर के दौरान 9,676 करोड़ रुपए का निवेश किया है.

मार्केट विशेषज्ञों के अनुसार, हाल के दिनों में विदेशी निवेशकों की बिकवाली में तेज बढ़ोतरी देखने को मिली है. इसकी प्रमुख वजह अमेरिकी 10-वर्षीय बॉन्ड यील्ड का 5.2 प्रतिशत से ऊपर पहुंचना और कच्चे तेल की कीमतों के लंबे समय तक ऊंचे बने रहने की आशंका रही है.

विदेशी बिकवाली ने शेयर बाजार को किया कमजोर

जियोजित इन्वेस्टमेंट्स लिमिटेड के मुख्य निवेश रणनीतिकार डॉ वीके विजयकुमार ने कहा कि लगातार विदेशी बिकवाली ने भारतीय शेयर बाजार को काफी कमजोर किया है. इसी दबाव के चलते बाजार लगातार 8 सप्ताह तक गिरावट के साथ बंद हुआ. उन्होंने कहा कि इस वर्ष 13 प्रतिशत कम बारिश वाले कमजोर मानसून ने भी निवेशकों की धारणा पर असर डाला है.

हालांकि, हालिया करेक्शन के बाद बड़ी कंपनियों यानी लार्ज-कैप शेयरों के वैल्यूएशन अब अधिक आकर्षक दिखाई देने लगे हैं. विशेषज्ञों का मानना है कि गुणवत्ता वाली बड़ी कंपनियों के शेयरों में लॉन्ग टर्म निवेशकों के लिए अवसर बन सकते हैं. 

विश्लेषकों का कहना है कि विदेशी निवेशकों की बिकवाली में ठहराव या वापसी के लिए कुछ सकारात्मक संकेत आवश्यक होंगे. इनमें कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट और अमेरिकी बॉन्ड यील्ड में नरमी प्रमुख कारक होंगे.

विदेशी निवेशकों की निकासी और तेज हुई 

रिपोर्ट के अनुसार, जुलाई और अगस्त में कच्चे तेल की कीमतों में संभावित गिरावट की उम्मीदों के कारण विदेशी निवेशकों का रुख सकारात्मक हुआ था. लेकिन, वह रुझान अस्थायी साबित हुआ. 28 सितंबर से 1 अक्टूबर के बीच केवल चार कारोबारी सेशन में ही विदेशी निवेशकों ने लगभग 34,965 करोड़ रुपए की अस्थायी इक्विटी बिकवाली की, जबकि इसी अवधि के लिए रिपोर्ट की गई गतिविधि के लिए निर्धारित इक्विटी बिकवाली 27,962 करोड़ रुपए रही. इससे स्पष्ट है कि महीने के अंत में और अक्टूबर की शुरुआत में विदेशी निवेशकों की निकासी और तेज हो गई.

चॉइस वेल्थ के मुख्य निवेश रणनीति अधिकारी धीरज गौर ने कहा, 'सेकेंडरी बाजार में बिकवाली और प्राथमिक बाजार में निवेश इस बात का संकेत है कि विदेशी निवेशक भारत से पूरी तरह दूर नहीं जा रहे हैं, बल्कि निवेश के अवसरों के चयन में अधिक सावधानी बरत रहे हैं. उनका मानना है कि यह रुझान अक्टूबर में भी जारी रह सकता है.'

 DII ने मजबूत समर्थन दिया

दूसरी ओर, घरेलू संस्थागत निवेशकों (DII) ने बाजार को मजबूत समर्थन दिया है. सितंबर 2026 में DII ने नकद इक्विटी बाजार में 76,030 करोड़ रुपए की खरीदारी की. इस मजबूत घरेलू निवेश ने विदेशी बिकवाली के प्रभाव को काफी हद तक संतुलित किया.

बाजार विशेषज्ञों का कहना है कि घरेलू संस्थागत निवेशक और खुदरा निवेशकों की लगातार खरीदारी ने बाजार को बड़ी गिरावट से बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है. अगर ये समर्थन नहीं होता, तो बाजार में और गहरी कमजोरी देखने को मिल सकती थी. बाजार की दिशा काफी हद तक वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही के नतीजों पर निर्भर करेगी. विश्लेषकों का मानना है कि जिन कंपनियों के नतीजे उम्मीद से बेहतर रहेंगे और जिनका प्रबंधन भविष्य को लेकर सकारात्मक दृष्टिकोण पेश करेगा. उनके शेयरों में निवेशकों की खरीदारी देखने को मिल सकती है.

(IANS के इनपुट के साथ)

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

जी न्यूज में सीनियर सब-एडिटर हैं और वर्तमान में बिजनेस व फाइनेंशियल न्यूज कवर करते हैं.  देश की राजनीति से लेकर दुनिया के बनते-बिगड़ते सत्ता समीकरणों और घटनाओं को कवर कर चुके हैं  पढ़ाई-लिखाई की बात करें तो UPTU से इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग में ग्रेजुएशन किया है. उत्तर प्रदेश से ताल्लुक रखने वाले गौरव ने अपने करियर की शुरुआत डिजिटल मीडिया से की और पिछले 6 वर्षों से लगातार इस क्षेत्र में सक्रिय हैं. आप गौरव सिंह से Gaurav.Singh@India.Com पर ईमेल के जरिए सीधे जुड़ सकते हैं. 
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES