)
EPFO News: अगर आप भी सैलरीड क्लास हैं तो यह खबर आपके काम की है. जी हां, नौकरी करने वाले करोड़ों लोगों के लिए ईपीएफओ (EPFO) जल्द ही शानदार सुविधा शुरू करने जा रहा है. इस सुविधा के शुरू होने के बाद आप यूपीआई (UPI) के जरिये अपना पीएफ का पैसा निकाल सकेंगे. इसका मकसद अभी पीएफ का पैसा निकालने में लगने वाले समय को कम करना है. इसके बाद लंबे प्रोसेस से छुटकारा मिलेगा और यह प्रोसेस घटकर कुछ ही सेकेंड का रह जाएगा. कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) ने देश के चुनिंगदा बैंकों के साथ मिलकर यूपीआई के जरिये पीएफ निकासी को लेकर टेस्टिंग भी शुरू कद दी है.
मनीकंट्रोल में प्रकाशित खबर के अनुसार इस तकनीक से जुड़ने के बाद करोड़ों सब्सक्राइबर्स को अपना पीएफ का पैसा निकालने के लिए लंबी कागजी कार्रवाई करने की जरूरत नहीं पड़ेगी. खबर में दावा किया गया कि इस सुविधा के इस साल दिसंबर के आखिर तक ऑफिशियल रूप से लॉन्च किये जाने की उम्मीद है.
अभी यदि किसी को पीएफ अकाउंट में जा पैसे को निकालना है तो यूएएन पोर्टल पर जाकर ऑनलाइन क्लेम करना होता है. आवेदन पर ऑनलाइन अप्रूवल मिलता है और इसके बाद पैसा आपके बैंक अकाउंट में आता है. नए सिस्टम के तहत ईपीएफओ (EPFO) यूएएन पोर्टल को सब्सक्राइबर्स के यूपीआई अकाउंट से जोड़ देगा. यह पूरा सिस्टम सही तरीके से काम करें, इसके लिये नया मोबाइल ऐप लाया जाएगा. इस ऐप को भीम ऐप और दूसरे यूपीआई प्लेटफॉर्म से लिंक किया जाएगा.
मौजूदा नियम के अनुसार इमरजेंसी जरूरतों जैसे बच्चों की पढ़ाई, शादी या घर खरीदने के लिए सब्सक्राइबर्स अपने कुल फंड का 75 प्रतिशत एक बार में निकाल सकते हैं. बाकी का 25 प्रतिशत हिस्सा पीएफ अकाउंट में रखना जरूरी है. इस पर ईपीएफओ की तरफ से टैक्स फ्री ब्याज मिलता रहता है. नई यूपीआई व्यवस्था के जरिये आप शर्तों के अनुसार इस 75 प्रतिशत रकम को आसानी से निकाल पाएंगे. इसके लिए आपको किसी तरह की कागजी कार्रवाई नहीं करनी होगी.
मौजूदा समय में ईपीएफओ के पास करीब 30 करोड़ रजिस्टर्ड सब्सक्राइबर्स हैं. इनमें से साढ़े 7 करोड़ एक्टिव सब्सक्राइबर्स हैं, जिनका नियमित कॉन्ट्रीब्यूशन उनके पीएफ अकाउंट में जमा हो रहा है. ईपीएफओ का कुल कॉर्पस करीब 26 लाख करोड़ रुपये का है. यूपीआई बेस्ड इस सुविधा से देश के करोड़ों नौकरीपेशा लोगों को अपने पैसों तक पहुंच बनाने में बहुत आसानी होगी और पूरा प्रोसेस बेहद तेज हो जाएगा.