रूस से तेल खरीदने वाले देशों पर लगाए 100% टैरिफ पर ट्रंप का यू-टर्न, भारत और चीन को बड़ी राहत
भारत और चीन के लिए राहत से जुड़ी खबर आ रही है. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रूस से संबंधित कई बैन, पाबंदियों और टैरिफ को माफ कर दिया है.
अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो के दौरे से पहले भारत के लिए बड़ी खबर आ रही है. सुबह-सुबह आई खबर को भारत-अमेरिका कारोबारी संबंधों के हिसाब से बेहद अहम माना जा रहा है. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक एग्जीक्यूटिव ऑर्डर (Executive Order) जारी कर रूस से जुड़े बैन और भारी टैरिफ पर छूट दे दी है. यदि अमेरिका की तरफ से प्रस्तावित इस कानून को पूरी तरह लागू किया जाता तो भारत जैसे देशों से अमेरिका जाने वाले सामान पर 100 प्रतिशत तक का भारी टैरिफ लग सकता था. ट्रंप की तरफ से लिये गए इस फैसला का फायदा भारत के साथ ही चीन को को भी मिलेगा.
पिछले महीने ही ट्रंप ने 'लिंडसे ओ. ग्रेहम सैंक्शनिंग रूस एंड ईरान एक्ट ऑफ 2026' पर साइन किये थे. दिवंगत सीनेटर लिंडसे ग्राहम की तरफ से लाए गए इस प्रस्ताव का मकसद रूस से तेल और गैस खरीदने वाले देशों पर शिकंजा कसना था. इसके तहत रूसी तेल के 5 बड़े खरीदार देशों पर 30 दिन के अंदर 100% तक का भारी टैरिफ (Tariff) लगाए जाने का प्रावधान किया गया था. इस विधेयक के पास होने के बाद भारत पर बड़ा फाइनेंशियल और व्यापारिक दबाव बन रहा था.
'बैन हटाने को अमेरिका के हित में बताया'
कानून के लागू होने में कुछ ही दिन बाकी रहने से पहले ही ट्रंप ने इस पर रोक लगा दी है. प्रेसीडेंट ट्रंप ने अपनी शक्तियों के जरिये इस पर रोक लगा दी है. व्हाइट हाउस की तरफ से जारी आदेश में ट्रंप ने यह भी कहा कि इस समय इन बैन, पाबंदियों और टैरिफ में छूट देना अमेरिका के 'राष्ट्रीय हित' (National Interest) में है. उन्होंने अमेरिकी संसद (कांग्रेस) को भी ऑफिशियल तौर पर इस कानून से छूट की जानकारी दे दी है. इससे भारत समेत दूसरे सहयोगी देशों को राहत मिलेगी.
रूस के प्रति नरम रुख अपना रहे ट्रंप
ट्रंप की तरफ से यह फैसला ऐसा समय में लिया गया है, जब उनका रुख रूस के प्रति लगातार नरम होता दिखा रहा है. इन दिनों ट्रंप सार्वजनिक तौर पर यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की की कड़ी आलोचना करते हुए भी नजर आ रहे हैं. यहां तक कि उन्होंने यह सुझाव भी दिया कि यूक्रेन को नए नेतृत्व और नेता की जरूरत है.
भारत की कूटनीतिक जीत
आपको बता दें भारत दुनिया के उन देशों में शामिल है, जो रूस से बड़ी मात्रा में क्रूड ऑयल की खरीदारी करते हैं. जब अमेरिका में इस विधेयक को पास किया गया तो भारत की तरफ से इस पर गहरी चिंता जताई थी. अब ट्रंप की तरफ से छूट का आदेश जारी किये जोन के बाद भारतीय निर्यातकों और एनर्जी मार्केट पर लटकी 100 प्रतिशत टैरिफ की तलवार भी हट गई है. ट्रंप के इस फैसले के बाद भारत और यूएस के आर्थिक संबंधों में मजबूती आएगी.