SpiceJet की बदहाल वित्तीय स्थिति से उड़ानों की सुरक्षा पर खतरा? ALPA इंडिया ने जताई चिंता
स्पाइसजेट की आर्थिक बदहाली को लेकर ALPA इंडिया ने फ्लाइट सेफ्टी पर चिंता जताते हुए नागरिक उड्डयन मंत्रालय और DGCA को पत्र लिखा है.
स्पाइसजेट की वित्तीय स्थिति को लेकर Airline Pilots' Association of India (ALPA) ने नागरिक उड्डयन मंत्रालय को पत्र लिखा है. एसोसिएशन ने एयरलाइन की आर्थिक मुश्किलों पर चिंता जताते हुए कहा है कि इसका असर फ्लाइट सेफ्टी, कर्मचारियों की भलाई और रेगुलेटरी निगरानी पर पड़ सकता है. ALPA ने मंत्रालय और DGCA से मामले की तत्काल जांच करने की मांग की है.
ALPA इंडिया ने अपने पत्र में कहा है कि स्पाइसजेट की आर्थिक बदहाली सिर्फ कारोबारी मामला नहीं है, बल्कि इसका सीधा असर उड़ानों की सुरक्षा पर भी पड़ सकता है. एसोसिएशन के मुताबिक, एयरलाइन में सैलरी मिलने में देरी से पायलटों पर आर्थिक दबाव और मानसिक तनाव बढ़ सकता है. इससे उड़ान के दौरान उनकी सतर्कता, एकाग्रता और फैसले लेने की क्षमता प्रभावित होने की आशंका है.
पायलटों के मानसिक तनाव और फ्लाइट सेफ्टी पर चिंता
ALPA ने कहा कि कर्मचारियों को समय पर वेतन नहीं मिलने से पायलटों पर अतिरिक्त आर्थिक दबाव बन सकता है. इसका असर उनके काम पर पड़ने की आशंका है. एसोसिएशन ने इस बात पर भी चिंता जताई कि आर्थिक तनाव के चलते पायलटों का ध्यान भटक सकता है, जो फ्लाइट ऑपरेशन के लिहाज से गंभीर स्थिति पैदा कर सकता है.
ये भी पढ़ें : इकोनॉमी की रफ्तार रहेगी बरकरार! S&P ग्लोबल ने GDP ग्रोथ का अनुमान 7% पर रखा कायम, महंगाई को बताया जोखिम
विमानों के मेंटेनेंस पर भी असर की आशंका
एसोसिएशन ने स्पाइसजेट की वित्तीय स्थिति का असर विमानों के मेंटेनेंस पर पड़ने की आशंका जताई है. ALPA के मुताबिक, एयरलाइन की आर्थिक मुश्किलों के कारण विमानों के रखरखाव से जुड़े संसाधनों पर दबाव पड़ सकता है. इसके अलावा फ्रंटलाइन स्टाफ को भी यात्रियों के दबाव और उनकी नाराजगी का सामना करना पड़ रहा है.
DGCA की निगरानी पर भी उठाए सवाल
ALPA इंडिया ने DGCA की ओर से नियमों के चुनिंदा तरीके से पालन कराए जाने को लेकर भी चिंता जताई है. एसोसिएशन ने नागरिक उड्डयन मंत्रालय और DGCA से स्पाइसजेट की वित्तीय बदहाली के फ्लाइट सेफ्टी पर पड़ने वाले संभावित असर की तत्काल जांच करने की मांग की है.
एसोसिएशन ने विमानों के मेंटेनेंस से जुड़े संसाधनों की कड़ी निगरानी सुनिश्चित करने और कर्मचारियों को समय पर वेतन देने की मांग भी उठाई है.