मुजफ्फरपुर में प्रेम-प्रसंग का एक खौफनाक अंत सामने आया है. प्रेम-प्रसंग से नाराज युवती की मां और बहन पर हत्या कर उसके शव को घर के पिछवाड़े में खड्डा खोदकर दफना देने और फिर साक्ष्य छुपाने की नीयत से उसके ऊपर आम का पेड़ लगाने का मामला सामने आया है. हालांकि, परिजनों ने ही युवती के गायब होने का मामला दर्ज कराया था.
वहीं, मामला दर्ज कराते ही घटना का राज खुल जाने के डर से मृतका के परिजन घर छोड़कर फरार हो गए. जब पुलिस ने मामले की जांच शुरू की तो पूरे मामले से पर्दा उठ गया और पता चला कि गायब युवती को उसके परिजनों ने ही गायब किया है. इसके बाद पुलिस ने मृतका की मां और बहन को गिरफ्तार कर लिया, जिससे पूरे मामले का रहस्य खुला. फिर पुलिस ने दोनों से पूछताछ की, तो पता चला कि मृतका के शव को जमीन के अंदर छुपाया गया था. इसके बाद पुलिस ने जमीन खोदकर शव को निकाला और पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया है.
दरसअल, पूरा मामला मुजफ्फरपुर जिले के जजुआर थाना क्षेत्र के एक गांव का है, जहां की रहने वाली एक युवती 1 सितंबर, 2026 से लापता थी. जब पुलिस ने युवती के संबंध में जानकारी इकट्ठा करने के लिए उसके परिजनों की तलाश शुरू की, तो परिजन घर से गायब मिले. काफी दिनों तक पुलिस लापता युवती और उसके परिजनों की तलाश करती रही, लेकिन न तो युवती का कुछ पता चल पाया और न ही उसके परिजनों का. घटना के तकरीबन डेढ़ महीने के बाद, तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर पुलिस ने लापता युवती की मां, उसकी बहन के साथ मृतका के प्रेमी और एक अन्य युवक को गिरफ्तार किया.
गिरफ्तार की गई मृतका की मां और बहन से जब पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की, तो उन्होंने बताया कि पुत्री की मौत के बाद उसके शव को जमीन के अंदर दफना दिया गया था. इसके बाद पुलिस ने उनकी निशानदेही पर जेसीबी की मदद से मिट्टी के अंदर से युवती का कंकाल बरामद कर लिया. बताया जा रहा है कि शव को छुपाने के लिए उसे मिट्टी के अंदर गाड़कर उसके ऊपर आम का पौधा लगा दिया गया था. वहीं, पुलिस ने भी स्वीकार किया है कि यह पूरी घटनाक्रम प्रेम प्रसंग को लेकर ही हुआ है.
पूरे मामले को लेकर ग्रामीण एसपी राजेश सिंह प्रभाकर ने बताया कि जजुआर थाने की पुलिस ने एक गायब युवती के शव को जमीन के अंदर से खोद कर निकाला है. गिरफ्तार मृतका के परिजनों ने पूछताछ में बताया कि उसकी पुत्री ने आत्महत्या कर ली थी, जिसके बाद साक्ष्य छुपाने की नीयत से घर के पिछवाड़े में खड्डा खोदकर उसे दफना दिया गया था. वहीं, पुलिस हत्या और आत्महत्या दोनों बिंदुओं पर जांच कर रही है. साथ ही, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा होने की बात कही है. फिलहाल, पुलिस गिरफ्तार चारों आरोपियों से पूछताछ कर आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है.
इनपुट: मणितोष कुमार