)
Samastipur News: बिहार के समस्तीपुर जिले में सड़क किनारे एक बोरे में पुरानी राइफल मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. हथियार मिलने की खबर फैलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई. स्थानीय लोगों के बीच इसे लेकर तरह-तरह की चर्चाएं होने लगीं. सूचना मिलने के बाद पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर राइफल को जब्त कर लिया. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और हथियार मिलने के कारणों का पता लगाने में जुटी है.
डगराहा पुल के पास बोरे में मिली पुरानी राइफल
मिली जानकारी के अनुसार, यह मामला समस्तीपुर जिले के चकमेहसी थाना क्षेत्र का है. यहां, परना चौक से बघला जाने वाली मुख्य सड़क पर श्रीनाथ पारन स्थित डगराहा पुल के पास एक गड्ढे में बोरे के अंदर पुरानी राइफल मिली. सड़क किनारे हथियार मिलने की खबर इलाके में तेजी से फैल गई. इसके बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए. अचानक इस तरह हथियार मिलने से स्थानीय लोगों में हैरानी और चिंता का माहौल बन गया है.
शौच के लिए गए व्यक्ति की पड़ी नजर
बताया जा रहा है कि एक व्यक्ति शौच के लिए सड़क किनारे गया था. इसी दौरान उसकी नजर गड्ढे में पड़े एक बोरे पर पड़ी. शक होने पर उसने बोरे को देखा तो उसके अंदर एक पुरानी राइफल मिली. राइफल देखकर वह हैरान रह गया.इसके बाद उसने बिना देर किए पुलिस को इसकी सूचना दी. सूचना मिलने के बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंची.
जांच में जुटी पुलिस
सूचना मिलते ही SI संजीव कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने बोरे से राइफल बरामद कर उसे जब्त कर लिया और थाने ले गई. इस संबंध में चकमेहसी थानाध्यक्ष जितेंद्र सहनी ने बताया कि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. राइफल वहां किसने और किन परिस्थितियों में रखी थी, इसका पता लगाया जा रहा है. पुलिस हथियार से जुड़ी अन्य जानकारियां जुटाने में भी लगी है. मामले में जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
रिपोर्ट: मंटुन कुमार रॉय