SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

वैशाली में SSP का चला चाबुक, महुआ थाने के दो दारोगा सस्पेंड, नगर थाना के SI पर भी गिरी गाज

वैशाली के SSP ने कर्तव्यहीनता, लापरवाही और अभद्र व्यवहार के चलते महुआ थाने के अपर थानाध्यक्ष सोनू गुप्ता और PSI दीनबंधु के साथ-साथ नगर थाने के एक SI मनीष सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है. तीनों पुलिसकर्मियों पर अपनी ड्यूटी ईमानदारी के साथ नहीं निभाने के आरोप लगे हैं.

Reported By Zee Bihar Network Edited By K. Raj Mishra
Published: Oct 01, 2026, 08:48 AM IST | Updated: Oct 01, 2026, 09:21 AM IST
Image Credit: वैशाली में SSP का एक्शन (Zee Media)
Join

वैशाली के SSP ने महुआ थाना क्षेत्र निवासी प्रिंस कुमार (हीरो फिनकॉर्प में कलेक्शन एजेंट है) की शिकायत पर महुआ थाने के अपर थानाध्यक्ष सोनू गुप्ता और PSI दीनबंधु को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है. प्रिंस कुमार ने दोनों पुलिसकर्मियों पर मारपीट करने और घूस लेने के बड़े गंभीर आरोप लगाए थे. प्रिंस का आरोप था कि 27 सितंबर को अपर थानाध्यक्ष सोनू गुप्ता और PSI दीनबंधु ने उससे मारपीट की थी और बिना वजह थाने में बिठाकर रखा था. प्रिंस की शिकायत के अनुसार 20 हजार लेकर उसे थाने से छोड़ा गया था. पीड़ित की शिकायत पर SDPO महुआ से जांच कराई गई, जिसमें दोनों के आचरण को प्रथम दृष्टया संदिग्ध माना गया और अनुशासनहीनता की बात सामने आई.

PSI दीनबंधु कुमार का कथित ऑडियो भी वायरल

इसके बाद SSP ने कार्रवाई करते हुए दोनों को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया. निलंबन के साथ ही दोनों का मुख्यालय पुलिस केंद्र हाजीपुर निर्धारित किया गया है. खास बात ये है कि पूरे मामले में कथित वायरल ऑडियो भी जांच के दायरे में है. दरअसल, महुआ थाने के PSI दीनबंधु कुमार का कथित ऑडियो भी वायरल हुआ है, जिसमें वह पुलिस विभाग में फैले भ्रष्टाचार की बात कर रहे हैं. इस वायरल ऑडियो में PSI साफ बता रहे हैं कि महकमे में नीचे से ऊपर तक भ्रष्टाचार कैसे फैला है? कैसे पैसा लेकर शराब और मादक पदार्थ का कारोबार करवाया जाता है और पुलिस कैसे कुछ हजार रुपयों के लिए अपराधियों को भगाने का काम भी करती है? ऑडियो में साफ सुना जा सकता है कि किस पदाधिकारी का कितना शेयर है और कहां-कहां से पैसा आता है? इस तरह का ऑडियो वायरल होने से पूरे विभाग में हड़कंप मचा हुआ है.

नगर थाना के SI प्रमोद सिंह पर भी गाज गिरी

इसके अलावा नगर थाना में तैनात SI प्रमोद कुमार सिंह पर सस्पेंशन की गाज गिरी है. SSP कार्यालय की प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक, वर्तमान में नगर थाना वैशाली में पदस्थापित पुअनि प्रमोद कुमार सिंह को निलंबित कर दिया गया है. यह कार्रवाई शराब से जुड़े एक पुराने मामले में हुई है. दरअसल, SI प्रमोद कुमार सिंह पर आरोप है कि मुजफ्फरपुर के तुर्की थाना में थानाध्यक्ष रहते मद्यनिषेध कानून से जुड़े मामले में उनका आचरण जांच के घेरे में आया था. यह मामला वर्ष 2024 में मुजफ्फरपुर के तुर्की थाना से जुड़े एक परिवाद की जांच से सामने आया.मद्यनिषेध एवं राज्य स्वापक नियंत्रण ब्यूरो, बिहार पटना की जांच में प्रमोद कुमार सिंह के खिलाफ मद्यनिषेध कानून के उल्लंघन संबंधी आरोप प्रथम दृष्टया सत्य पाए गए हैं.

SSP के एक्शन से पुलिस महकमे में हड़कंप

जांच में थाना दैनिकी, परिस्थितिजन्य साक्ष्य और तकनीकी विश्लेषण का भी उल्लेख किया गया. जांच रिपोर्ट में पुलिस पदाधिकारी के आचरण को लेकर गंभीर टिप्पणियां की गईं. इसी जांच रिपोर्ट और प्राप्त निर्देश के आधार पर वैशाली SSP ने प्रमोद कुमार सिंह को निलंबित करते हुए विभागीय कार्रवाई शुरू करने का आदेश दिया है. खास बात ये है कि पिछले कुछ दिनों में वैशाली पुलिस में लगातार बड़ी कार्रवाई हुई है. महनार में थानाध्यक्ष समेत कई पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई के बाद महुआ में दो दरोगा निलंबित किए गए और अब नगर थाना के SI प्रमोद सिंह पर एक्शन हुआ है.

रिपोर्ट- राजकुमार

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

ZEENEWS TRENDING STORIES