बिहार के वैशाली जिले के राघोपुर में बीते 13 अक्टूबर की रात हुए नांव हादसे में 13 बच्चों की मौत हो गई थी. इस बच्चों की मौत का मातम अभी थमा भी नहीं था कि दशकर्म के दिन गांव में बवाल हो गया. गांव मे शोक जताने पहुंचे जन सूराज के संस्थापक प्रशांत किशोर की मौजूदगी में बीजेपी नेता गगन राय और जेडीयू के प्रदेश सचिव अजीत यादव के बीच विवाद हो गया. देखते ही देखते कहासुनी इतनी आगे बढ़ गई की मारपीट की नौबत आ गई. इस झगड़ा में जेडीयू नेता अजीत यादव घायल हो गए. घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है. स्थिति को देखते हुए पुलिस बल की तैनाती भी बढ़ा दी गई है.
दरअसल, राघोपुर में नाव हादसे में 13 बच्चों की मौत के बाद रविवार को उनके दशकर्म के मौके पर प्रशांत किशोर पीड़ित परिवारों से मिलने पहुंचे थे. इस दौरान वह शोक संतप्त परिवारों से मिलकर अपनी संवेदना व्यक्त कर रहे थे. गांव में पहले से ही मातम का माहौल था. इसी बीच बीजेपी नेता गगन राय और जेडीयू नेता अजीत यादव के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई. वहां मौजूद लोगों को उम्मीद नहीं थी कि शोक के इस मौके पर विवाद इतना बढ़ जाएगा.
देखते ही देखते दोनों नेताओं के बीच शुरू हुआ विवाद हिंसक रूप लेने लगा और दोनों पक्षों के बीच मारपीट हो गई. इस घटना में जेडीयू के प्रदेश सचिव अजीत यादव घायल हो गए. हालांकि, विवाद किस बात को लेकर शुरू हुआ और मारपीट की स्थिति कैसे बनी, इसे लेकर विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है. घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति पैदा हो गई. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने गांव में पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी, ताकि किसी तरह की अप्रिय घटना को रोका जा सके.
वहीं, इस पूरे घटनाक्रम के दौरान जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर करीब 10 मिनट तक ही गांव में रुके और इसके बाद वहां से रवाना हो गए. दूसरी ओर, नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के भी राघोपुर पहुंचने की चर्चा थी, लेकिन उनका दौरा रद्द हो गया. नाव हादसे में 13 बच्चों की मौत के बाद पहले से ही शोक में डूबे गांव में नेताओं के बीच हुई इस झड़प ने माहौल को और तनावपूर्ण बना दिया है. फिलहाल, घटना के बाद गांव में पुलिस की सतर्कता बढ़ा दी गई.
रिपोर्ट: राजकुमार सिंह