SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

तेजस्वी यादव का जदयू पर तीखा हमला: बोले BJP ने किया हाईजैक, अब केवल दो नेताओं की रह गई पार्टी

Tejashwi Yadav: जहानाबाद में पूर्व विधायक सच्चिदानंद की श्रद्धांजलि सभा में शामिल हुए तेजस्वी यादव ने जदयू और भाजपा पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने जदयू को भाजपा के कब्जे में बताते हुए कहा कि पार्टी अब नीतीश कुमार की नहीं, बल्कि संजय झा और ललन सिंह तक सीमित रह गई है.

Reported By Zee Bihar Network Edited By Rupak Kumar
Published: Oct 04, 2026, 22:55 IST | Updated: Oct 04, 2026, 23:07 IST
Image Credit: तेजस्वी यादव, नेता प्रतिपक्ष
Join

Tejashwi Yadav: जहानाबाद के पूर्व विधायक सच्चिदानंद के निधन के बाद इमालियाचक गांव में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव शामिल हुए. उन्होंने दिवंगत पूर्व विधायक को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनकी आत्मा की शांति की कामना की. साथ ही उनके परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढाढ़स बंधाया और इस दुख की घड़ी में हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया. साथ ही एक बार फिर 13 अक्टूबर को उनके पैतृक गांव आने की बात कही.

तेजस्वी यादव ने जदयू और भाजपा पर तीखा हमला 
मीडिया से बात करते हुए तेजस्वी यादव ने जदयू और भाजपा पर तीखा हमला बोला. उन्होंने दावा किया कि जदयू अब अपनी मूल पहचान खो चुकी है और उस पर पूरी तरह भाजपा का कब्जा हो गया है. तेजस्वी यादव ने कहा,  कि जदयू अब जदयू नहीं रह गया है. इसे भाजपा के लोगों ने हाईजैक कर रखा है. यह पार्टी अब नीतीश कुमार जी की नहीं रही, बल्कि केवल संजय झा और ललन सिंह की पार्टी बनकर रह गई है.

महागठबंधन की एकजुटता कायम
वहीं, आगामी एमएलसी चुनावों में राजद और कांग्रेस द्वारा अलग-अलग प्रत्याशी उतारे जाने को लेकर उठ रहे सवालों को तेजस्वी यादव ने सिरे से खारिज किया. उन्होंने स्पष्ट किया कि स्थानीय निकाय, स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में घटक दलों का अलग चुनाव लड़ना कोई नई बात नहीं है. उन्होंने कहा कि पहले भी ऐसे चुनावों में वामपंथी दलों, कांग्रेस और राजद ने अपने-अपने उम्मीदवार उतारे हैं. पिछली बार भी हम अलग लड़े थे और पांच सीटों पर जीत हासिल की थी. इस तरह के चुनाव हम पहले से ही लड़ते आ रहे हैं, लेकिन हमारी विचारधारा और प्रतिबद्धता महागठबंधन के साथ पूरी मजबूती से कायम है.

केंद्र और राज्य सरकार पर भी निशाना साधा
वहीं, केंद्र और राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए तेजस्वी यादव ने कहा कि नरेंद्र मोदी, अमित शाह और नीतीश कुमार के नेतृत्व में देश के संविधान और चुनाव आयोग जैसी प्रमुख स्वायत्त संस्थाओं को कमजोर किया जा रहा है. उन्होंने आरोप लगाया कि विकास कार्य पूरी तरह ठप हैं, सरकारी खजाने की लूट मची है और केवल दीया जलाने जैसी प्रतीकात्मक राजनीति की जा रही है. उन्होंने जोर देकर कहा कि देश में नफरत फैलाने वाली सांप्रदायिक शक्तियों के खिलाफ महागठबंधन एकजुट होकर लड़ाई जारी रखेगा.

रिपोर्ट: मुकेश कुमार

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

ZEENEWS TRENDING STORIES