'क्या पुलिस कम पड़ गई थी, जो RSS के लोगों को उतारना पड़ा?': मोदी सरकार पर बरसे तेजस्वी यादव, बोले- ये लोग गुंडगर्दी कर रहे
12 अक्टूबर, 2026 दिन सोमवार को इंडिया गठबंधन वोट चोरी को लेकर प्रदर्शन करेगा. इस धरना प्रदर्शन में शामिल होने राजद नेता तेजस्वी यादव पटना से दिल्ली रवाना हुए. दिल्ली जाते-जाते तेजस्वी यादव ने मोदी सरकार पर कड़ा प्रहार किया. उन्होंने कहा कि क्या पुलिस कम पड़ गई थी, जो आरएसएस को लोगों को पुलिस की सहयोग के लिए उतारा गया.
बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पटना से दिल्ली के लिए रवाना हो गए हैं. 12 अक्टूबर, 2026 दिन सोमवार को इंडिया गठबंधन वोट चोरी को लेकर प्रदर्शन करेगा, जिसमें तेजस्वी यादव हिस्सा लेंगे. दिल्ली जाते समय मीडिया से बातचीत करते हुए तेजस्वी यादव ने कहा कि दिल्ली में महिलाओं और प्रदर्शनकारियों के साथ जिस तरह की कार्रवाई की जा रही है, उसकी जितनी भी निंदा की जाए वह कम है. उन्होंने आरोप लगाया कि आरएसएस के लोग पुलिस के सहयोग से महिला प्रदर्शनकारियों के साथ मारपीट कर रहे हैं. यह लोकतंत्र और नागरिकों के विरोध प्रदर्शन करने के अधिकार पर गंभीर सवाल खड़े करता है.
'हम वहां प्रदर्शन करने क्यों नहीं जाएं?'
तेजस्वी यादव ने कहा कि हर नागरिक को संविधान के दायरे में रहकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने का अधिकार है. जंतर-मंतर प्रदर्शन के लिए निर्धारित जगह है, तो फिर हम वहां प्रदर्शन करने क्यों नहीं जाएं? आखिर ऐसी कौन-सी अदृश्य शक्तियां हैं, जिनके दबाव में प्रदर्शनकारियों को रोका जा रहा है? एक व्यक्ति को बचाने के लिए पूरी दिल्ली को छावनी में तब्दील करने और यातायात बाधित करने का आरोप सरकार पर लग रहा है.
'नागरिक के संवैधानिक अधिकारों की रक्षा करनी चाहिए'
उन्होंने आगे कहा कि चाहे ट्रेनें रोक दी जाएं, मेट्रो बंद कर दी जाए या सड़कों पर पाबंदियां लगा दी जाएं, लोग अपनी आवाज उठाने के लिए लोकतांत्रिक तरीके अपनाते रहेंगे. दिल्ली पुलिस के खिलाफ भी शिकायतें दर्ज कराई गई हैं. हमारा कहना है कि पुलिस को कानून के दायरे में रहकर काम करना चाहिए और हर नागरिक के संवैधानिक अधिकारों की रक्षा करनी चाहिए.
'हम लोकतांत्रिक तरीके से अपनी लड़ाई जारी रखेंगे'
नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने कहा कि आज देश के हर नागरिक की जिम्मेदारी है कि वह संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए आगे आए. हम अपनी आवाज उठाते रहेंगे और इसके लिए जो भी लोकतांत्रिक संघर्ष करना पड़ेगा, उससे पीछे नहीं हटेंगे. मोदी जी और अमित शाह की सरकार को भी जवाब देना होगा. कानून अपना काम करेगा और हम लोकतांत्रिक तरीके से अपनी लड़ाई जारी रखेंगे.
तेजस्वी यादव का CJP प्रोटेस्ट पर बयान
तेजस्वी प्रसाद यादव ने कॉकरोच जनता पार्टी के प्रोटेस्ट के दौरान पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े किए. उन्होंने कहा कि पुलिस की संख्या कम पड़ गई थी, इसलिए आरएसएस के लोगों को लगा दिया गया था. इनकी गुंडागर्दी पूरा देश देख रहा है. उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने चोरी की है और उन्हें बचाने के लिए कानून बदला गया है. आरएसएस वाले गुंडागर्दी कर रहे हैं. यह वही लोग हैं, जिनका अंग्रेजों के सामने पसीना छूट जाता था. लोकतंत्र को कुचलने वाले अब बचने वाले नहीं हैं. जिन लोगों ने षड्यंत्र रचा है और चुनाव में साजिश की है, उनका पत्ता साफ होगा. नरेंद्र मोदी, अमित शाह और अन्य लोगों को बचाने वाला कोई नहीं है. जनता सड़क पर है, इन्हें जाना ही होगा.
रिपोर्ट: प्रिंस कुमार कुशवाहा