)
Vaisali News: बिहार के वैशाली जिले के राघोपुर में 13 अक्टूबर की रात एक बड़ा नाव हादसा हो गया. इस हादसे में 13 बच्चों की जान चली गई. इस दर्दनाक हादसे के बाद लोगों में मातम और गुस्सा साफ देखा जा सकता है. राघोपुर विधान सभा क्षेत्र के विधायक और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव इस हादसे के लगभग 24 घंटे बाद घटनास्थल पर पहुंचे. उन्होंने नाव हादसे पर गहरा शोक जताया. हादसा होने के 1 दिन बाद पहुंचने के बाद तेजस्वी यादव को आक्रोशित लोगों का तीखी विरोध भी झेलना पड़ा. एक गांव से इतने बच्चों को खोने के बाद लोगों ने तेजस्वी यादव न केवल अपनी पीड़ा बताई बल्कि उनके विधानसभा क्षेत्र में हो रही समस्या को लेकर तीखे सवाल भी किये.
आपको बता दें कि यह दुखद घटना वैशाली जिले के राघोपुर के रामपुर श्यामचंद गांव की है. हादसा होने के 1 दिन बाद जैसे ही उनके विधायक पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे. पहुंचने के बाद आक्रोशित लोगों ने उनको घेर लिया और खुलकर विरोध करने लगे. शोक मना रहे ग्रामीणों ने अपने विधायक से गांव में बुनायादी सुविधाओं को लेकर तीखा सवाल किया. ग्रामीणों का कहना है कि इतनी बड़ी घटना हो गई लेकिन उनके प्रतिनिधी को आने में 24 घंटे लग गए. आक्रोशीत लोगों ने तेजस्वी यादव से कहा कि, यहां ना सड़क है और न ही कोई सुविधा. जब आपसे कुछ नहीं हो रहा तो आप विधायक पद से इस्तीफा दे दीजिए.
ये सब सुनने के बाद भी तेजस्वी यादव ने पीड़ित परिवार से मुलाकत की और संवेदना व्यक्त की. इसके बाद तेजस्वी यादव ने मीडिया से बातचीत की. मीडिया से बात करते हुए तेजस्वी यादव ने कहा कि यह घटना बेहद दर्दनाक थी. वहां के स्थानीय प्रशासन और सरकार पर बड़ा हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि अगर अस्पताल में व्यवस्था अच्छी होती तो कुछ बच्चों की जान बच सकती थी. लेकिन अस्पताल में ऑक्सीजन और एंबुलेंस की कमी के कारण कई बच्चे की जान चली गई.
बता दें कि घटना के एक दिन बाद नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने दिल्ली से पटना पहुंचे. उन्होंने कहा कि घटना के बाद हमारी पार्टी के लोग भी रात में ही मौके पर पहुंच गए थे. साथ ही उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार को पार्टी की तरफ से आर्थिक मदद दी जाएगी. साथ ही उन्होंने सरकार से मांग की कि वह आर्थिक सहायता के साथ-साथ पीड़ित परिवारों को तीन-तीन डिसमिल जमीन भी उपलब्ध कराए.
रिपोर्ट: राजकुमार सिंह