SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

'पापा! अब कन्यादान कौन करेगा?' बेटी की शादी से ठीक एक महीने पहले पिता हत्या, समस्तीपुर में अपराधियों का तांडव

समस्तीपुर में शुक्रवार को बेखौफ अपराधियों का तांडव देखने को मिला. सरायरंजन थाना क्षेत्र के रायपुर पंचायत में घर से निकले पंच पति की गोली मारकर हत्या कर दी गई. बताया जा रहा है कि एक महीने बाद उनकी बेटी की शादी होनी थी. इस घटना से इलाके में सनसनी मच गई है.

Edited By Shailendra
Published: Oct 30, 2026, 11:47 PM IST | Updated: Oct 30, 2026, 11:52 PM IST
Image Credit: समस्तीपुर में अपराधियों सुबोध राय की गोली मारकर हत्या (Photo-AI)
Join

समस्तीपुर जिले में अपराधियों का तांडव थमने का नाम नहीं ले रहा है. आए दिन हो रही गोलीबारी और हत्या की घटनाओं से इलाके में दहशत का माहौल है. ताजा मामला सरायरंजन थाना क्षेत्र के रायपुर पंचायत का है, जहां अपराधियों ने सरेराह एक पंच पति की गोली मारकर हत्या कर दी. इस वारदात ने एक परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया. मृतक के घर में एक महीने बाद बेटी की शादी होनी थी और परिवार में शादी की तैयारियां चल रही थी.

मृतक की पहचान रायपुर पंचायत के रसलपुर गांव, वार्ड संख्या-1 निवासी गंगो राय के पुत्र सुबोध राय (45) के रूप में हुई है. वह पंचायत के वार्ड संख्या-1 की वर्तमान पंच धर्मशिला देवी के पति थे. मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार की देर शाम सुबोध राय किसी जरूरी काम से पंचायत के वार्ड संख्या-6 की ओर जा रहे थे. इसी दौरान सुनसान रास्ते पर पहले से घात लगाए अज्ञात हथियारबंद अपराधियों ने उन्हें घेर लिया और नजदीक से गोली मार दी. गोली लगते ही वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े. गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक अपराधी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो चुके थे. स्थानीय ग्रामीणों और परिजनों की मदद से उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई. डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया.

कल्याणपुर में अर्धनग्न अवस्था में युवती का शव मिला

दूसरी तरफ शुक्रवार को ही समस्तीपुर जिले के कल्याणपुर थाना क्षेत्र के मूसेपुर ढाव के पास सुबह अर्धनग्न अवस्था में एक युवती का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. युवती की उम्र करीब 18 से 20 वर्ष के बीच बताई जा रही है. उसका सिर किसी भारी वस्तु से कुचला गया था. शव के पास ही युवती की जींस और शर्ट रखी हुई थी, जबकि शरीर पर केवल अंदरूनी कपड़े थे. घटना की सूचना मिलते ही कल्याणपुर थाने की पुलिस और सदर डीएसपी-2 संजय कुमार मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की.

बताया जाता है कि सुबह चौर की ओर निकले लोगों की नजर शव पर पड़ी. इसके बाद उन्होंने आसपास के लोगों को जानकारी दी. कुछ ही देर में बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए. हालांकि, मौके पर मौजूद किसी व्यक्ति ने युवती की पहचान नहीं की. पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है. पुलिस के अनुसार, युवती के सिर पर गंभीर चोट के निशान हैं. आशंका है कि किसी वजनदार वस्तु से सिर पर वार कर उसकी हत्या की गई है. चोट इतनी गंभीर थी कि सिर का काफी हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया था. युवती की चप्पल भी शव के पास ही मिली है. नाक में नथिया भी थी.

घटनास्थल मुख्य सड़क से करीब 50 मीटर अंदर है. यह इलाका बांध के रास्ते समस्तीपुर-दरभंगा जाने वाली बाईपास सड़क के आसपास है. यहां सामान्य तौर पर लोगों की आवाजाही कम रहती है. ऐसे में पुलिस को आशंका है कि युवती को किसी दूसरे स्थान से यहां लाया गया और इसके बाद उसकी हत्या की गई. शव अर्धनग्न अवस्था में मिलने और कपड़े अलग पड़े होने के कारण पुलिस दुष्कर्म के एंगल से भी जांच कर रही है. हालांकि, अभी तक इसकी पुष्टि नहीं हुई है.

सदर डीएसपी-2 संजय कुमार ने बताया कि प्रथमदृष्टया ऐसा प्रतीत हो रहा है कि युवती को किसी दूसरे स्थान से यहां लाकर हत्या की गई है. रेप की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता है. शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है. पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से कई महत्वपूर्ण तथ्य सामने आएंगे. पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है. घटनास्थल बाईपास सड़क के पास है और यहां लोगों की आवाजाही कम रहती है. पुलिस आसपास के इलाकों और सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है.

रिपोर्ट: मनटुन कुमार रॉय

यह भी पढ़ें: सासाराम कोर्ट का दो बड़ा फैसला: चचेरी बहन से रेप में भाई को 20 साल की सजा, पत्नी को गोली मारने वाले पति को उम्रकैद

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

शैलेंद्र जी न्यूज के रीजनल चैनल, जी बिहार झारखंड की डिजिटल टीम में चीफ सब एडिटर के तौर पर काम करते हैं. वह बिहार और झारखंड की सियासत और क्राइम समेत कई समसामयिक मुद्दों पर न्यूज लिखते हैं. वह कभी-कभी राष्ट्रीय मुद्दों पर भी लिखते हैं. उनको मीडिया के तीनों प्रारूप प्रिंट, टेलीविजन और डिजिटल में काम करने का अनुभव. जनसंदेश टाइम्स, स्वतंत्र चेतना, टीवी 100, साधना न्यूज, एफएम न्यूज आदि न्यूज चैनलों से होते हुए न्यूज नेशन, इंडिया अहेड, ईटीवी भारत और न्यूज स्ट्रीट मीडिया (NYOOOZ) में अहम जिम्मेदारी निभाई. मीडिया जगत में सफर पिछले 12 सालों से बिना रुके जारी है.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES