App

त्योहारों से पहले समस्तीपुर में चला बुलडोजर: सड़क किनारे से हटाए गए अतिक्रमण, प्रशासन की सख्त चेतावनी

Samastipur News: समस्तीपुर के मोहिउद्दीननगर बाजार में प्रशासन ने अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाकर सड़क किनारे बने सीढ़ी, शेड, छज्जी और अन्य अस्थायी निर्माण को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया. NH-122बी को अतिक्रमणमुक्त कराने के साथ यातायात व्यवस्था सुचारु बनाने पर जोर दिया गया है.

त्योहारों से पहले समस्तीपुर में चला बुलडोजर: सड़क किनारे से हटाए गए अतिक्रमण, प्रशासन की सख्त चेतावनी
Image Credit: त्योहारों से पहले मोसमस्तीपुर में चला बुलडोजर (zee media)

Samastipur News: समस्तीपुर जिले के मोहिउद्दीननगर थाना क्षेत्र के स्थानीय बाजार में बुधवार को प्रशासन की ओर से अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया है. जिलाधिकारी के निर्देश पर दुर्गापूजा, दीपावली एवं छठ पर्व को देखते हुए चलाए गए इस अभियान के दौरान सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण को बुलडोजर से हटाया गया. प्रशासन की सख्ती के सामने अतिक्रमण करने वाले बेबस नजर आए. इस अभियान का उद्देश्य बाजार में यातायात व्यवस्था को सुचारु करना और सड़क को अतिक्रमणमुक्त कराना था.

बुलडोजर से हटाए गए अवैध निर्माण
इस अभियान के दौरान दुकानों के आगे सड़क की जमीन पर बनाई गई सीढ़ियों, शेड छज्जियों सहित अन्य अस्थायी निर्माण को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया गया. कार्रवाई के दौरान बजार में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा. प्रशासनिक अधिकारियों ने अतिक्रमणकारियों को स्पष्ट चेतावनी दी कि दोबारा सड़क अथवा सरकारी जमीन पर अतिक्रमण किए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी.

पहले दी गई थी अतिक्रमण हटाने की चेतावनी
अतिक्रमण हटाओ अभियान से पहले स्थानीय प्रशासन की ओर से NH-122बी के किनारे अतिक्रमण कर दुकान या अन्य गतिविधियां संचालित करने वालों को जगह खाली करने का निर्देश दिया गया था. इसके बावजूद कई लोगों ने अतिक्रमण नहीं हटाया. इसके बाद प्रशासन ने ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए सड़क किनारे किए गए अवैध निर्माण को हटाया. इस अभियान के दौरान सड़क को अतिक्रमणमुक्त कराने के साथ ही आवागमन को सुचारु बनाने पर जोर दिया गया.

जाम से राहत की उम्मीद
स्थानीय लोगों की लंबे समय से मांग थी कि मोहिउद्दीननगर बाजार को अतिक्रमणमुक्त कराया जाए. लोगों का कहना था कि NH-122बी के दोनों किनारों पर ठेला, खोमचा और अस्थायी दुकानें लगने के कारण अक्सर जाम की स्थिति उत्पन्न हो जाती थी. इससे आम राहगीरों के साथ-साथ वाहन चालकों को भी परेशानी होती थी. सबसे अधिक परेशानी गंभीर मरीजों को अस्पताल ले जाने के दौरान होती थी. स्थानीय लोगों ने प्रशासन की इस कार्रवाई का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि बाजार में दोबारा अतिक्रमण नहीं होने दिया जाएगा.

रिपोर्ट: मंटुन कुमार रॉय

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Rupak Kumar

Rupak Kumar

रुपक कुमार मिश्रा zee bihar Jharkhand की डिजिटल टीम में बतौर Sub-editor के तौर पर कार्यरत है. वे राजनीति, क्राइम, यूटिलिटी और रुटीन खबरों पर काम करते हैं. इसके अलावा, टेक्नोसिस मीडिया में इन्हें एक साल काम करने का अनुभव है. शिक्षा की बात करें तो राजर्षि टंडन ओपन यूनिवर्सिटी से इन्होंने मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री हासिल की है.
Read More