App

Bihar Crime: पटना में रिटायर्ड इंजीनियर का कार में मिला शव, शरीर पर गोली के निशान, वैशाली में पति ने पत्नी का गला काटा

पटना में एक रिटायर्ड इंजीनियर का शव एक कार से बरामद होने से इलाके में सनसनी मच गई. ड्राइवर पर हत्या किए जाने का शक जताया जा रहा है. वहीं, वैशाली में एक युवक ने अपनी पत्नी की धारदार हथियार से काटकर हत्या कर दी.

Bihar Crime: पटना में रिटायर्ड इंजीनियर का कार में मिला शव, शरीर पर गोली के निशान, वैशाली में पति ने पत्नी का गला काटा
Image Credit: वैशाली में पति ने पत्नी का गला काटा (Zee Media)

राजधानी पटना के राजीव नगर थाना क्षेत्र की फ्रेंड्स कॉलोनी रोड नंबर-4 में शनिवार (3 अक्टूबर) की सुबह-सुबह एक रिटायर्ड इंजीनियर का शव एक कार से बरामद हुआ. उनके शरीर पर गोली के निशान मिले हैं. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई. मृतक की पहचान आलोक कुमार के रूप में हुई है. वह मूल रूप से मोतिहारी के रहने वाले थे और झारखंड में रहते थे. करीब पांच-छह साल पहले ही वह कोल इंडिया की कंपनी सीसीएल से रिटायर हुए थे. जानकारी के मुताबिक, आलोक कुमार तीन दिन पहले पटना में अपनी बहन से मिलने आए थे. वह विद्या विहार अपार्टमेंट में अपनी बहन के परिवार के साथ ठहरे हुए थे. शनिवार सुबह वह मॉर्निंग वॉक के लिए घर से निकले थे. कुछ देर बाद उनका शव फ्रेंड्स कॉलोनी रोड नंबर-4 में एक कार के अंदर मिला.

FSL की टीम ने मौके से जुटाए सबूत

मृतक के बहनोई विनोद कुमार ने बताया कि सुबह गार्ड ने उन्हें कार में एक व्यक्ति के होने की जानकारी दी. मौके पर पहुंचने पर उन्होंने आलोक कुमार को कार में देखा. उन्होंने बताया कि आलोक कुमार की पत्नी का पहले ही निधन हो चुका है, जबकि उनके बच्चे बाहर रहते हैं. परिवार के मुताबिक, शुक्रवार (2 अक्टूबर) रात सभी ने साथ में खाना खाया था और किसी तरह की किसी परेशानी का जिक्र नहीं किया था. घटना की सूचना मिलते ही राजीव नगर थाना पुलिस और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची.

कार के नीचे से पिस्तौल भी मिली

मामले की जानकारी देते हुए विधि-व्यवस्था ASP-2 सुषमा सागर ने बताया कि 3 अक्टूबर की सुबह करीब 6 बजे डायल-112 पर सूचना मिली थी कि फ्रेंड्स कॉलोनी रोड नंबर-4 स्थित यमुना कॉम्प्लेक्स के पास एक व्यक्ति ने खुद को गोली मार ली है. मौके पर पहुंची पुलिस ने कार की ड्राइविंग सीट से 67 वर्षीय आलोक कुमार का शव बरामद किया. उनके शरीर पर गोली लगने के निशान थे. कार के नीचे से पिस्तौल भी मिली. FSL टीम ने घटनास्थल की जांच कर हथियार और अन्य सामान जब्त किया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

वैशाली में पति ने पत्नी की गला रेता

वहीं, वैशाली में सनकी पति ने अपनी पत्नी की गला काटकर निर्मम हत्या कर दी. पत्नी की हत्या करने के बाद आरोपी ने घर के बाहर सो रही अपनी चाची पर भी धारदार हथियार से वार कर दिया, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गईं. उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद पीएमसीएच रेफर कराया गया है. घटना भगवानपुर थाना क्षेत्र के हरिवंशपुर बांथू गांव की है. बताया जा रहा है कि आरोपी पति दिलीप मांझी थोड़ा मानसिक रूप से कमजोर है. 

चाची पर भी किया जानलेवा हमला

घटना के बारे में आरोपी की बहन ने बताया कि रात को खाना खाने के बाद भाई अपनी पत्नी और बच्चों के साथ सोने चला गया था, लेकिन रात को ही अचानक उसने अपनी पत्नी चांदनी देवी का गला रेत दिया. जब खून के छींटे बेटे के ऊपर पड़े, तब उसकी नींद खुली. आरोपी पिता ने बेटे को भी डरा दिया. इसके बाद वह कमरे से बाहर निकला और सो रही अपनी चाची धनमन्ती देवी पर धारदार हथियार से कई वार कर दिया.

आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया

इतने से भी जब उसका मन नहीं भरा, तब उसने अपने पिता पर हमला करने की कोशिश की. हालांकि, पिता ने दरवाजा नहीं खोला और शोर मचाना शुरू कर दिया. इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया. सुबह लोगों ने उसे पकड़ लिया. इधर घटना की सूचना मिलते ही भगवानपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए हाजीपुर सदर अस्पताल भेज दिया है. आरोपी को भी गिरफ्तार करके आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है.

पटना से प्रकाश सिन्हा और वैशाली से राजकुमार की रिपोर्ट

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author