राष्ट्रीय युवा चेतना के संयोजक रोहित सिंह ने राघोपुर नाव हादसे में मृतकों के आश्रितों को चार-चार लाख रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का आभार जताया है. उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से संवेदना व्यक्त करने और पीड़ित परिवारों को हरसंभव मदद देने की घोषणा का भी स्वागत किया. दूसरी ओर, दिल्ली में एसआईआर और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर विपक्ष के प्रदर्शन पर तेजस्वी यादव को निशाने पर लेते हुए रोहित सिंह ने कहा कि राघोपुर चीत्कार रहा है और तेजस्वी यादव भाग रहे हैं.
उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव ट्रक पर चढ़कर प्रदर्शन कर रहे हैं, लेकिन बिहार की जनता ने उन्हें जनसमर्थन नहीं दिया. गुजरात में बैलेट से हुए चुनाव का जिक्र करते हुए रोहित सिंह ने बीजेपी के पक्ष में जनता के समर्थन का दावा किया. तेजस्वी यादव पर राघोपुर की जनता से दूर रहने का आरोप लगाते हुए लालू प्रसाद यादव के परिवार और वंशवादी राजनीति पर भी तीखी टिप्पणी की.
बिहार की कानून-व्यवस्था पर रोहित सिंह ने कहा कि पुलिस लगातार सक्रिय है और अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा रही है. उन्होंने अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के रुख का समर्थन करते हुए कहा कि अपराध करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा और राज्य में गुंडागर्दी बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
रोहित सिंह ने कहा कि सम्राट चौधरी गांव, गरीब, किसान, मजदूर, नौजवान, पिछड़े, दलित, वंचित और आदिवासी समाज के लोगों से जुड़े नेता हैं. उन्होंने लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी के शासनकाल की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि उस दौर में अपराधियों को राजनीतिक संरक्षण मिलता था. रोहित सिंह ने दावा किया कि मौजूदा सरकार के नेतृत्व में अपराधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई हो रही है.
एक दिन पहले वैशाली जिले के राघोपुर में नाव पलटने से 13 ग्रामीणों की मौत हो गई थी. राघोपुर तेजस्वी यादव का विधानसभा क्षेत्र है, इसलिए रोहित सिंह ने तेजस्वी यादव पर निशाना साधा है.
रिपोर्ट: स्वप्निल सोनल