)
Bihar Weather Update: बिहार में मौसम का मिजाज काफी सुहाना हो रहा है. सुबह-शाम गुलाबी ठंड का एहसास होने लगा है. बात करें राज्य में बारिश की, तो मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, राज्य में आने वाले सात दिनों (16 से 22 अक्टूबर 2026) के दौरान किसी भी प्रकार की गंभीर मौसमी चेतावनी नहीं है. वहीं, राज्य के कई जिलों में तापमान और बारिश की स्थिति को लेकर मौसम विभाग ने अपडेट जारी किया है. ऐसे में आइए जानते हैं कि आज आपके जिले में मौसम का रूख कैसा रहने वाला है.
19 अक्टूबर से 22 अक्टूबर के बीच मौसम रहेगा साफ!
बारिश की बात करें तो आज यानी 17 अक्टूबर को अधिकांश जिलों में मौसम पूरी तरह शुष्क रहने की संभावना जताई गई है. हालांकि, दक्षिण-पश्चिम बिहार के कुछ स्थानों पर हल्की बारिश होने की संभावना है. इसके अलावा, 18 अक्टूबर को उत्तर-पश्चिम और उत्तर-मध्य बिहार के कुछ हिस्सों में भी छिटपुट बारिश होने के आसार है. लेकिन 19 अक्टूबर से 22 अक्टूबर के बीच पूरे बिहार में मौसम पूरी तरह से साफ, शुष्क और बारिश-मुक्त रहने की उम्मीद है, जिससे छुट्टियों या बाहरी गतिविधियों में कोई बाधा नहीं आएगी. साथ ही, अगर आप नवरात्रि मेला घूमने की योजना बना रहे हैं, तो बिना किसी परेशानी के जा सकते हैं और एंजॉय कर सकते हैं. मौसम साफ रहने से मेला जाने वालों को भी राहत मिली है.
राज्य में कैसा रहेगा तापमान का हाल
राज्य के तापमान की बात करें, तो उत्तर पश्चिम बिहार- जिसमें पश्चिम चंपारण, सीवान, सारण, पूर्वी चंपारण और गोपालगंज में अधिकतम तापमान 30 से 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 20 से 24 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है. उत्तर मध्य बिहार- सीतामढ़ी, मधुबनी, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, वैशाली, शिवहर, समस्तीपुर और उत्तर पूर्व बिहार- सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, मधेपुरा, सहरसा में अधिकतम तापमान 30 से 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 20 से 24 डिग्री सेल्सियस तक रहने की संभावना है.
इन जिलों में 34 डिग्री जाएगा पारा
साथ ही, दक्षिण पश्चिम बिहार- रोहतास, भभुआ, भोजपुर, बक्सर, अरवल और औरंगाबाद में अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 20 से 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है. दक्षिण मध्य बिहार- पटना, नालंदा, जहानाबाद, नवादा, गया, शेखपुरा, बेगूसराय, लखीसराय और दक्षिण पूर्व बिहार- भागलपुर, बांका, मुंगेर, खगड़िया, जमुई में अधिकतम तापमान 30 से 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया जा सकता है.