SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

इंस्टाग्राम पर दोस्ती, फिर प्यार और शादी, 9 महीने बाद फंदे से लटका मिला महिला का शव, मायके वालों ने लगाया हत्या का आरोप

इंस्टाग्राम पर दोस्ती, फिर प्यार और शादी, नौ महीने बाद नवविवाहिता की संदिग्ध मौत. मुंगेर जिले की इस घटना ने इलाके में हड़कंप मच गया है. वहीं, मायके वालों ने सास और ननद पर हत्या का आरोप लगाया है. फिलहाल, एफएसएल टीम ने जांच शुरू कर दी है.

Edited By Shailendra
Published: Nov 12, 2026, 07:28 PM IST | Updated: Nov 12, 2026, 07:40 PM IST
Image Credit: मुंगेर में नवविवाहिता की संदिग्ध मौत (Photo- वीडियो ग्रैब)
Join

सोशल मीडिया पर एक साल पहले शुरू हुई दोस्ती प्यार में बदली और दोनों ने शादी कर ली, लेकिन नौ महीने बाद ही इस प्रेम कहानी का दर्दनाक अंत हो गया. मुंगेर के हवेली खड़गपुर प्रखंड की बहिरा पंचायत अंतर्गत मानपुर गांव में गुरुवार को 20 वर्षीय नवविवाहिता शिवांगी कुमारी का शव ससुराल स्थित कमरे में फंदे से लटका मिला. घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया. मृतका के मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर हत्या कर शव को फंदे से लटकाने का आरोप लगाया है. खासकर सास और ननद को घटना के लिए जिम्मेदार ठहराया है. वहीं, पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है.

बरियारपुर प्रखंड के झौआ बहियार निवासी अखिलेश मंडल की पुत्री शिवानी कुमारी की करीब एक वर्ष पहले इंस्टाग्राम के माध्यम से हवेली खड़गपुर के मानपुर गांव निवासी शंभु सिंह के पुत्र संदीप कुमार से जान-पहचान हुई थी. धीरे-धीरे दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ी और दोस्ती प्रेम संबंध में बदल गई. इसके बाद दोनों परिवारों की सहमति से करीब नौ महीने पहले उनकी शादी करा दी गई. शादी के बाद शिवांगी अपने ससुराल में रह रही थी, जबकि उसका पति संदीप भागलपुर में एक टेंट हाउस में काम करता है.

मृतका के ससुर शंभु सिंह ने बताया कि बुधवार को वह अपनी पत्नी के साथ धपड़ी बाजार गए थे. सड़क जाम रहने के कारण शाम करीब छह बजे घर लौटे. घर आने के बाद जब बहू की खोजबीन की तो वह कहीं दिखाई नहीं दी. इसके बाद कमरे में जाकर देखा तो दरवाजा अंदर से बंद था. दरवाजे के छेद से झांकने पर बहू फंदे से लटकी दिखाई दी. इसके बाद दरवाजा तोड़कर उसे नीचे उतारा गया. उस समय उसकी सांसें चल रही थी. आनन-फानन में उसे स्थानीय ग्रामीण चिकित्सक के पास ले जाया गया. वहां से ऑक्सीजन की सुविधा उपलब्ध नहीं होने के कारण खड़गपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रेफर कर दिया गया. अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया. ससुर ने कहा कि बहू ने आत्महत्या क्यों की, इसकी जानकारी उन्हें नहीं है. उन्होंने मायके वालों की ओर से लगाए गए आरोपों को गलत बताया.

मृतका के पति संदीप कुमार ने बताया कि काली पूजा के अवसर पर टेंट लगाने के काम से वह भागलपुर गया हुआ था. मंगलवार की देर रात पत्नी से फोन पर बातचीत हुई थी. उस दौरान पत्नी ने घर आने के बारे में पूछा था. उसने गुरुवार की रात तक लौटने की बात कही थी. हालांकि, बुधवार को ही काम समाप्त हो गया, जिसके बाद वह घर लौट आया. गुरुवार की सुबह उसे पत्नी की मौत की जानकारी मिली. संदीप ने बताया कि पत्नी के साथ उसका कोई विवाद नहीं हुआ था.

इधर, मृतका की मां कंचन देवी ने ससुराल वालों पर बेटी की हत्या करने का आरोप लगाया है. उन्होंने बताया कि घटना से करीब एक घंटे पहले उनकी बेटी से फोन पर बातचीत हुई थी. उस समय शिवांगी बिल्कुल सामान्य और खुश थी. इसके बाद रात में ससुराल वालों ने फोन कर सूचना दी कि उनकी बेटी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है. मां ने सवाल उठाया कि जब बेटी खुश थी और उनसे सामान्य बातचीत कर रही थी, तो अचानक ऐसी घटना कैसे हो गई. उन्होंने सास और ननद पर हत्या कर शव को फंदे से लटकाने का आरोप लगाते हुए पुलिस से निष्पक्ष जांच की मांग की है.

घटना की सूचना मिलने पर गुरुवार को शामपुर थानाध्यक्ष अभिषेक कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल, मुंगेर भेज दिया. मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल की टीम ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर बारीकी से जांच-पड़ताल की और आवश्यक साक्ष्य जुटाए. 

शामपुर थानाध्यक्ष अभिषेक कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है. एफएसएल टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए हैं. फिलहाल, किसी भी पक्ष की ओर से लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है. आवेदन मिलने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही विवाहिता की मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा.

रिपोर्ट: प्रशांत कुमार

यह भी पढ़ें: नया कपड़ा बदलने साथ गए 2 भाई, एक ही लौटा घर, दूसरे भाई की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

शैलेंद्र जी न्यूज के रीजनल चैनल, जी बिहार झारखंड की डिजिटल टीम में चीफ सब एडिटर के तौर पर काम करते हैं. वह बिहार और झारखंड की सियासत और क्राइम समेत कई समसामयिक मुद्दों पर न्यूज लिखते हैं. वह कभी-कभी राष्ट्रीय मुद्दों पर भी लिखते हैं. उनको मीडिया के तीनों प्रारूप प्रिंट, टेलीविजन और डिजिटल में काम करने का अनुभव. जनसंदेश टाइम्स, स्वतंत्र चेतना, टीवी 100, साधना न्यूज, एफएम न्यूज आदि न्यूज चैनलों से होते हुए न्यूज नेशन, इंडिया अहेड, ईटीवी भारत और न्यूज स्ट्रीट मीडिया (NYOOOZ) में अहम जिम्मेदारी निभाई. मीडिया जगत में सफर पिछले 12 सालों से बिना रुके जारी है.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES