App

जमालपुर लोको शेड में लापरवाही पड़ी भारी, निलंबित किए गए चार कर्मचारी

जाहिर तौर पर, रेलवे और उसके संसाधनों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जा सकता. अगर किसी की लापरवाही निकली है तो उस पर कार्रवाई भी होनी चाहिए, क्योंकि इस हादसे में किसी की जान भी जा सकती थी.

जमालपुर लोको शेड में लापरवाही पड़ी भारी, निलंबित किए गए चार कर्मचारी
Image Credit: जमालपुर रेल कारखाने में 1 सितंबर को हुआ था हादसा (File Photo)

मुंगेर: जमालपुर लोको शेड में दो इंजनों की आमने-सामने टक्कर और एक लोको के पटरी से उतरने के मामले में मालदा रेल प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है. घटना की जांच के बाद लापरवाही के आरोप में चार रेलकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है. वहीं, गुरुवार को मालदा मंडल के डिवीजनल वित्त प्रबंधक प्रवीण कुमार ने जमालपुर लोको शेड का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया.

वित्त प्रबंधक प्रवीण कुमार ने सीनियर डीएमई डीजल केके दास के साथ शेड के विभिन्न हिस्सों का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने शंटिंग यार्ड, लोको मरम्मत व्यवस्था, सुरक्षा मानकों और स्टोर की व्यवस्थाओं की बारीकी से जांच की. उन्होंने घटना के संबंध में सीनियर डीएमई से विस्तृत जानकारी ली और भविष्य में इस तरह की घटना की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.

निरीक्षण के दौरान वित्त प्रबंधक ने स्पष्ट कहा कि लोको शेड में सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है. सुरक्षा मानकों और निर्धारित प्रोटोकॉल के पालन में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.

एक सितंबर को हुआ था हादसा

एक सितंबर को जमालपुर लोको शेड के अंदर शंटिंग के दौरान दो लोको आमने-सामने टकरा गए थे. टक्कर के बाद एक लोको पटरी से उतर गया था. घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं थी, लेकिन रेलवे की संपत्ति को नुकसान पहुंचा था.

मालदा मंडल के डीआरएम मनीष कुमार गुप्ता ने घटना को सुरक्षा में गंभीर चूक मानते हुए तत्काल जांच के आदेश दिए थे. जांच की जिम्मेदारी एएमई नीरज कुमार को सौंपी गई थी.

जांच में चार कर्मी पाए गए दोषी

जांच के दौरान हादसे के लिए चार रेलकर्मियों की लापरवाही सामने आई थी. जांच रिपोर्ट के आधार पर चारों को निलंबित करते हुए उनसे स्पष्टीकरण मांगा गया है. निलंबित कर्मचारियों में शंटर आदित्य राज और अमितेश तथा सीनियर टेक्नीशियन विजय कुमार और महेश दास शामिल हैं.

रेल सूत्रों के अनुसार शंटिंग के दौरान निर्धारित सुरक्षा मानकों और प्रक्रिया का पालन नहीं किया गया था. घटना के बाद रेल प्रशासन अब लोको शेड में सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त करने की तैयारी में है.

रिपोर्ट: प्रशांत कुमार

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author