10-20 लाख नहीं, पूरे 1,00,00,000 की विदेशी शराब: मुजफ्फरपुर पुलिस का एक्शन, 1 ट्रक और 2 पिकअप जब्त
मुजफ्फरपुर पुलिस ने 11 अक्टूबर, 2026 दिन रविवार को शराब तस्करी पर बड़ी कार्रवाई की है. पुलिस ने एक करोड़ की विदेशी शराब को बरामद किया है. साथ ही मौके से शराब लदे ट्रक और दो पिकअप को भी जब्त किया है.
पंजाब से मुजफ्फरपुर मंगाई गई एक ट्रक विदेशी शराब की बड़ी खेप को पानापुर ओपी पुलिस ने बरामद किया है. मौके से एक ट्रक और दो पिकअप पर लदी करीब एक करोड़ रुपये की विदेशी शराब को जब्त किया गया है. 11 अक्टूबर, 2026 दिन रविवार को पानापुर ओपी के थाना क्षेत्र में पुलिस ने यह कार्रवाई की है.
दुर्गा पूजा के बाद खपाने की थी साजिश, पुलिस का दावा
मुजफ्फरपुर पुलिस ने बताया कि छापेमारी की भनक लगते ही कारोबारी मौके से फरार होने में सफल रहे. पुलिस ने बताया कि दुर्गा पूजा के बाद इस शराब को खपाने की तैयारी थी.
पानापुर में एक करोड़ की विदेशी शराब लदा ट्रक और दो पिकअप वाहन जब्त
दरसअल, पानापुर ओपी के थाना प्रभारी अभिषेक कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि थाना क्षेत्र के पानापुर और कांटी बॉर्डर पर एक ट्रक पर लादकर विदेशी शराब की बड़ी खेप लाई गई है, जिसे अलग-अलग वाहनों पर लादकर अलग-अलग जगहों पर भेजने की तैयारी चल रही है.
पुलिस के आने की भनक लगते ही कारोबारी मौके से भागने में सफल रहे
सूचना मिलने के बाद, पानापुर ओपी प्रभारी अभिषेक कुमार दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और छापेमारी की, जहां से एक ट्रक और दो पिकअप पर लदी 6,820 लीटर विदेशी शराब की खेप को जब्त किया गया. हालांकि, पुलिस के आने की भनक लगते ही कारोबारी मौके से भागने में सफल रहे. अब पुलिस जब्त गाड़ियों के नंबर के आधार पर कारोबारियों की पहचान करने में जुटी हुई है.
मुजफ्फरपुर पुलिस फरार तस्करों की तलाश में जुटी
पूरे मामले को लेकर एसडीपीओ ईस्ट-1 अलय वत्स ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर पानापुर ओपी पुलिस ने एक ट्रक और दो पिकअप से 6,820 लीटर विदेशी शराब बरामद की है. छापेमारी की भनक लगते ही आरोपी मौके से फरार होने में सफल रहे, जिनके बारे में पता लगाया जा रहा है. जल्द ही कारोबारियों को चिन्हि्त कर गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
रिपोर्ट: मणितोष कुमार