मुजफ्फरपुर में मद्यनिषेध विभाग का बड़ा एक्शन: 8,545 लीटर जब्त देसी-विदेशी शराब पर चला बुलडोजर, 1 करोड़ की खेप नष्ट
Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर के छाता चौक स्थित मद्यनिषेध थाना परिसर में मजिस्ट्रेट की निगरानी में 8,545 लीटर देसी और विदेशी शराब को नष्ट किया गया. नष्ट की गई शराब की अनुमानित कीमत 1 करोड़ रुपये बताई जा रही है.
Muzaffarpur News: बिहार में शराबबंदी कानून लागू होने के तहत मुजफ्फरपुर में जब्त की गई लगभग एक करोड़ की देसी और विदेशी शराब पर बुलडोजर चलाकर उसे नष्ट किया गया. मुजफ्फरपुर के छाता चौक पर स्थित मद्यनिषेध थाना परिसर में मजिस्ट्रेट की निगरानी में कुल 8,545 लीटर जब्त शराब को नष्ट कर दिया गया. इस शराब को नष्ट करने की पूरी कार्रवाई सरकारी नियमों के तहत अधिकारियों की निगरानी में पूरी की गई.
45 जगहों से जब्त हुई थी शराब
ऐसा बताया जा रहा है कि नष्ट की गई शराब शराबबंदी कानून से जुड़े कूल 45 अलग-अलग जगह से पुलिस और मद्यनिषेध विभाग द्वारा जब्त की गई थी. इन मामलों में कार्रवाई के दौरान बरामद की गई देसी और विदेशी शराब को लंबे समय से सुरक्षित रखा गया था. अब मद्यनिषेध विभाग द्वारा जब्त की गई सारे शराब को नष्ट करने की प्रक्रिया पूरी की गई. इस दौरान एएसपी नगर सुरेश कुमार, उत्पाद इंस्पेक्टर प्रकाश कुमार और मुशहरी सीओ महेंद्र कुमार शुक्ला सहित मद्यनिषेध विभाग के कई अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे.
वीडियोग्राफी से रिकॉर्ड की गई कार्रवाई
इस कार्रवाई की पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई गई. अधिकारियों के अनुसारविनष्टीकरण की पूरी प्रक्रिया को रिकॉर्ड किया गया, ताकि कार्रवाई में पारदर्शिता बनी रहे और किसी तरह की अनियमितता की गुंजाइश न हो. उत्पाद इंस्पेक्टर प्रकाश कुमार ने बताया कि निर्धारित नियमों के तहत जब्त शराब को नष्ट किया गया है. विभाग का उद्देश्य जब्त शराब के दोबारा इस्तेमाल और इसके अवैध कारोबार में पहुंचने की संभावना को पूरी तरह खत्म करना है.
आगे भी जारी रहेगा शराब निस्तारण की प्रक्रिया
मद्यनिषेध विभाग ने स्पष्ट किया कि शराबबंदी कानून के तहत जब्त की गई शराब के निस्तारण की प्रक्रिया आगे भी इसी नियमानुसार जारी रहेगी. अधिकारियों ने बताया कि विभिन्न मामलों में जब्त शराब को कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद नियमों के अनुसार नष्ट किया जाता है. विभाग की ओर से शराबबंदी कानून के उल्लंघन के मामलों में जब्ती और निस्तारण की कार्रवाई लगातार की जा रही है.
रिपोर्ट: मणितोष कुमार