)
मुजफ्फरपुर जिले के करजा थाना क्षेत्र के प्रतापपुर में देर शाम बाइक की साइड लेने के विवाद में दो गुटों में हुई मारपीट के बाद मोहम्मदपुर ख्वाजा के रहने वाले 20 वर्षीय युवक की मौत हो गई. युवक की मौत के बाद आक्रोशित परिजन और ग्रामीण आरोपी के घर पर पहुंचकर तोड़फोड़ करते हुए घर में आग लगा दी, जिससे करीब दस घर जल कर राख हो गए. मृतक की पहचान प्रतापपुर निवासी राजेश राय के पुत्र नवनीत कुमार के रूप में हुई है. घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया और आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने आरोपी के घर पर हंगामा करते हुए आग लगा दी.
मिली जानकारी के अनुसार, नवनीत बाइक से किसी काम से चैनपुर जा रहा था. इसी दौरान बाइक से साइड लेने का विवाद होने पर चैनपुर में ही 10 से 15 लोगों ने युवक को घेर लिया और उसकी पिटाई कर दी. परिजनों का आरोप है कि हमलावरों ने गले में बेल्ट लगाकर मारपीट की, जिससे घायल नवनीत की मौत हो गई. इसके बाद परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया और लोगों ने आरोपी के घर पर पहुंचकर हंगामा किया और आगजनी की. घटना को लेकर क्षेत्र में तनाव की स्थिति बनी हुई है. घटना की सूचना मिलने के बाद करजा थाने की पुलिस के साथ ग्रामीण एसपी राजेश सिंह प्रभाकर और सरैया एसडीपीओ पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस स्थिति को नियंत्रित करने और मामले की जांच में जुटी है.
मृतक के दोस्त ने बताया कि बाइक लेकर नवनीत उधर गया था, फिर जानकारी मिली कि उसके साथ मारपीट हुई है, जिससे उसकी मौत हो गई है. वहीं, मृतक के भाई ने बताया कि मेरा भाई बाहर रहता था, परीक्षा के लिए गांव आया था, उसका किसी से कोई विवाद भी नहीं था, लेकिन प्रतापपुर में उसे बेल्ट से मारकर हत्या कर दी गई. वहीं, आरोपी के गांव प्रतापपुर में जिन लोगों के घर जलाए गए हैं, वहां के लोगों ने बताया कि कल शाम में क्या हुआ, वो हमलोगों को पता नहीं था, लेकिन सुबह में अचानक सैकड़ों लोगों की भीड़ पहुंची और लाठी-डंडों से वार कर दिया, फिर घरों में आग लगा दी, जिससे किसी को भागने तक का मौका नहीं मिल सका. कई बाइक, बकरियां भी जल गईं. गलती किसी और ने की, सजा हम निर्दोषों को मिली.
वहीं, पूरे मामले को लेकर ग्रामीण एसपी राजेश सिंह प्रभाकर ने बताया कि युवक की बेल्ट से पीटकर हत्या हुई है. मामले में परिजनों ने कई लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है, जिसमें 4 लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है. आरोप है कि मृतक पक्ष के लोगों ने आरोपी पक्ष के मोहल्ले में कई घरों को आग के हवाले कर दिया, जिसको लेकर दोनों गांव में पुलिस कैंप कर रही है, फिलहाल स्थिति सामान्य है. हत्या के आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है और अब आगजनी और उपद्रव करने वाले लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ भी कठोर कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
रिपोर्ट: मणितोष कुमार