'इस बार टोटका नहीं चलेगा', नीरज कुमार पर फिर अनंत सिंह का प्रहार, इधर जदयू ने जारी किया लेटर
जदयू विधायक अनंत सिंह अपनी पार्टी के एमएलसी प्रत्याशी नीरज कुमार पर हमलावर हैं. उन्होंने कहा कि इस बार नीरज का टोटका नहीं चलेगा. दूसरी तरफ जदयू ने बुधवार को एक पत्र जारी किया. पत्र में शीर्ष नेताओं पर सवाल उठाने वालों पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी.
बिहार विधान परिषद चुनाव के प्रचार के अंतिम दिन जदयू विधायक अनंत सिंह ने जीत का दावा किया. साथ ही नीरज कुमार पर तंज कसा. इस बीच जदयू ने आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति जारी की. जदयू ने कहा कि संजय झा पर सवाल खड़ा करने वाले पार्टी और नीतीश जी के प्रामाणिक दुश्मन हैं. निष्कासित नेता ठेकेदारी और रंगदारी के साथ अपने निजी स्वार्थ के लिए पार्टी में शामिल थे. चलिए इस आर्टिकल में जानते हैं कि आखिर जदयू विधायक अनंत सिंह ने एमएलसी प्रत्याशी नीरज कुमार को लेकर किया कहा. वहीं, जदयू ने अपने पत्र में और क्या-क्या लिखा है.
अनंत सिंह का नीरज कुमार पर तंज
पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र एमएलसी प्रत्याशी नीरज कुमार के अस्पताल से डिस्चार्ज होने पर अनंत सिंह ने फिर से हमला बोला. उन्होंने कहा कि कल ही इस बारे में बता दिया था. जदयू विधायक ने तंज कसते हुए कहा कि नीरज कुमार टोटका करते हैं, लेकिन इस बार टोटका करने से उनका काम नहीं चलने वाला है. ये बयान उन्होंने जदयू के वरिष्ठ नेता वशिष्ठ नारायण सिंह से मुलाकात करने से पहले दिया.
जदयू ने जारी की आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति
दूसरी तरफ जदयू ने आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति जारी करके कहा कि संजय झा पर सवाल खड़ा करने वाले पार्टी और नीतीश जी के प्रामाणिक दुश्मन हैं. जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा और प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा पर निशाना साधने के साथ पार्टी के कई शीर्ष नेताओं पर सवाल खड़ा किया जा रहा है.
अपने निजी स्वार्थ के लिए पार्टी में शामिल थे कई नेता
पार्टी ने पत्र जारी कर कहा कि राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा और प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा पर टिप्पणी करने वाले निष्कासित नेता ठेकेदारी और रंगदारी के साथ अपने निजी स्वार्थ के लिए पार्टी में शामिल थे. लिहाजा, उन्हें समय रहते पहचान कर पार्टी से निष्कासित कर दिया गया, लेकिन अब आनंद मोहन के बेटे जदयू विधायक हैं और पत्नी सांसद हैं, उनकी ओर से भी सवाल खड़ा किया जा रहा है.
अनंत सिंह से लेकर आनंद मोहन तक ने खोल रखा है मोर्चा
बता दें कि जदयू विधायक अनंत सिंह के साथ होकर पार्टी के नेताओं पर लगातार सवाल खड़ा कर रहे हैं. वहीं, आनंद मोहन ने भी पार्टी के शीर्ष नेताओं के खिलाफ मोर्चा खोल रखा है और उन्होंने तो यहां तक कहा कि जिनकी हैसियत मेरे यहां चाय-पानी पिलाने तक की नहीं थी, वे आज जदयू के नीति-नियंता बने हुए हैं.
रिपोर्ट : रजनीश
यह भी पढ़ें: अस्पताल से घर लौटे नीरज कुमार, समर्थकों से कहा- मजबूती से डटे रहें, मां भगवती न्याय करेंगी