App

मल्लिकार्जुन खड़गे 25 अक्टूबर को पटना में: श्रीकृष्ण सिंह जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित समारोह का उद्घाटन करेंगे

बिहार विधानसभा चुनाव के बाद यह पहला मौका होगा, जब कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे बिहार के दौरे पर आ रहे हैं. दिल्ली में 1 नवंबर को कांग्रेस की मेगा रैली है और उससे पहले उनका यह दौरा महत्वपूर्ण माना जा रहा है.

मल्लिकार्जुन खड़गे 25 अक्टूबर को पटना में: श्रीकृष्ण सिंह जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित समारोह का उद्घाटन करेंगे
Image Credit: मल्लिकार्जुन खड़गे, कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष (File Photo)

बिहार के प्रथम मुख्यमंत्री डॉ. श्रीकृष्ण सिंह की 147वीं जयंती के उपलक्ष्य में बिहार कांग्रेस की ओर से विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है. वैसे तो श्रीकृष्ण सिंह की जयंती 21 अक्टूबर, 1887 है, लेकिन बिहार कांग्रेस की ओर से 25 अक्टूबर को कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है. इस कार्यक्रम का उद्घाटन कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे करेंगे. कार्यक्रम का आयोजन पटना के बापू सभागार में किया जा रहा है. राज्यसभा सांसद अखिलेश प्रसाद सिंह और बिहार प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम ने प्रेस वार्ता कर राष्ट्रीय अध्यक्ष के कार्यक्रम के बारे में विस्तार से जानकारी दी.

समारोह में कांग्रेस के सांसद, विधायक, पूर्व सांसद, पूर्व विधायक और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को आमंत्रित किया गया है. आयोजकों ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और पूर्व लोकसभा अध्यक्ष मीरा कुमार को भी निमंत्रण देने की बात कही है.

राज्यसभा सांसद अखिलेश प्रसाद सिंह ने प्रेस कांफ्रेंस के दौरान कहा कि डॉ. श्रीकृष्ण सिंह ने स्वतंत्रता आंदोलन से लेकर आधुनिक बिहार के निर्माण तक महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी. उन्होंने जमींदारी प्रथा के उन्मूलन और सामाजिक समानता की दिशा में श्री बाबू के योगदान को याद करते हुए कहा कि नई पीढ़ी को उनके व्यक्तित्व और कृतित्व से परिचित कराना इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य है.

वहीं, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम ने श्रीकृष्ण सिंह के सामाजिक परिवर्तन से जुड़े कार्यों और देवघर मंदिर में दलितों के प्रवेश के प्रसंग का उल्लेख किया. उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी श्री बाबू के विचारों और उनकी विरासत को जन-जन तक पहुंचाने का काम करती रहेगी.

अखिलेश प्रसाद सिंह ने बताया कि कार्यक्रम को लेकर बिहार के 20 से अधिक जिलों के लोगों को आमंत्रित किया गया है. दोनों नेताओं ने लोगों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं से बड़ी संख्या में समारोह में शामिल होने की अपील की.

डॉ. श्रीकृष्ण सिंह के बारे में

आधुनिक बिहार के निर्माता कहे जाने वाले श्रीकृष्ण सिंह का जन्म 21 अक्टूबर, 1887 को नवादा के खनवां गांव में हुआ था. 1937 में श्रीकृष्ण सिंह के नाम बिहार के पहले प्रधानमंत्री बनने का गौरव भी हासिल है. उस समय प्रांतीय सरकारों के मुखिया को प्रधानमंत्री कहा जाता था.

1946 से 31 जनवरी, 1961 तक श्रीकृष्ण सिंह 15 साल तक बिहार के मुख्यमंत्री रहे थे. बिहार के लोग उन्हें प्यार से बिहार केसरी और श्री बाबू कहती रही है.

श्रीकृष्ण सिंह के नेतृत्व में बिहार ने देश में सबसे पहले जमींदारी उन्मूलन किया था. देवघर के बाबा वैद्यनाथ धाम मंदिर में दलितों के प्रवेश को लेकर उन्होंने सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष किया और खुद उनके साथ मंदिर में प्रवेश किया था.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author