App

लाइसेंसी राइफल की चोरी का खुलासा: जन सुराज के पूर्व प्रत्याशी राज कपूर सिंह गिरफ्तार; पुलिस पर गुमराह करने का आरोप

Samastipur News: समस्तीपुर के मोहिउद्दीननगर से जन सुराज के टिकट पर चुनाव लड़ चुके राज कपूर सिंह को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, उन्होंने अपनी लाइसेंसी राइफल निलंबित दरोगा सरोज सिंह को दी थी.

लाइसेंसी राइफल की चोरी का खुलासा: जन सुराज के पूर्व प्रत्याशी राज कपूर सिंह गिरफ्तार; पुलिस पर गुमराह करने का आरोप
Image Credit: जन सुराज के पूर्व प्रत्याशी राज कपूर सिंह गिरफ्तार (ZEE MEDIA)

Samastipur News: बिहार के समस्तीपुर जिले के मोहिउद्दीननगर विधानसभा सीट से जन सुराज के टिकट पर चुनाव लड़ चुके राज कपूर सिंह को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. मोहिउद्दीननगर थाना पुलिस ने उन्हें देर रात थाना क्षेत्र के अंदौर गांव से गिरफ्तार किया. पुलिस का आरोप है कि राज कपूर सिंह ने अपनी लाइसेंसी राइफल आपराधिक वारदात को अंजाम देने के लिए निलंबित दरोगा सरोज सिंह को दी थी. पुलिस के अनुसार, राज्य एसटीएफ की कार्रवाई में सरोज सिंह के घर से यह राइफल बरामद होने के बाद राज कपूर सिंह ने पुलिस को गुमराह करने के लिए कोर्ट में राइफल चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी. जांच में चोरी की शिकायत गलत पाई गई. बरामद राइफल का नंबर और राज कपूर सिंह की ओर से चोरी की बताई गई राइफल का नंबर एक ही निकला.

STF छापेमारी में बरामद हुए थे कई हथियार
यह पूरा मामला पिछले साल 6 जून की रात हुई एसटीएफ कार्रवाई से जुड़ा है. मोहिउद्दीननगर थाना क्षेत्र के गंगा दियारा इलाके के सुल्तानपुर गांव में राज्य एसटीएफ और जिला पुलिस की टीम ने निलंबित दरोगा सरोज सिंह के घर छापेमारी की थी. पुलिस के अनुसार, कार्रवाई के दौरान एसटीएफ और पुलिस टीम पर फायरिंग भी की गई थी. तलाशी के दौरान सरोज सिंह के घर से एके-47, इंसास राइफल, कार्बाइन और दो रेगुलर राइफल समेत कई हथियार बरामद किए गए थे. इस मामले में सरोज सिंह के अलावा उसके चाचा और भतीजे को भी गिरफ्तार किया गया था. इसी कार्रवाई के बाद राज कपूर सिंह को अपनी लाइसेंसी राइफल के बरामद होने की जानकारी मिली, जिसके बाद उन्होंने कोर्ट में उसके चोरी होने का रिपोर्ट दर्ज कराया.

जांच में चोरी की कहानी निकली गलत
पुलिस ने जब मामले की जांच आगे बढ़ाई तो बरामद राइफल का नंबर 166109096 सामने आया. जांच में यही नंबर उस राइफल का पाया गया, जिसे राज कपूर सिंह ने चोरी का बताया था. जांच में सामने आया कि राइफल चोरी नहीं हुई थी. पुलिस के अनुसार, राज कपूर सिंह ने अपनी लाइसेंसी राइफल सरोज सिंह को दी थी और इसका इस्तेमाल आपराधिक घटना को अंजाम देने के लिए किया जाना था. हालांकि, घटना को अंजाम दिए जाने से पहले ही एसटीएफ को इसकी भनक लग गई और सरोज सिंह के घर छापेमारी कर दी गई. इसी कार्रवाई में हथियार बरामद किए गए. इसके बाद वरीय अधिकारियों के निर्देश पर राज कपूर सिंह के खिलाफ अलग से प्राथमिकी दर्ज की गई और शनिवार रात उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया.

इंसास राइफल की भी सामने आई जानकारी
वहीं, फोन पर मिली जानकारी में समस्तीपुर के एसपी अरविंद प्रताप सिंह ने राज कपूर सिंह की गिरफ्तारी की पुष्टि की है. उन्होंने बताया कि जांच में सामने आया है कि राज कपूर सिंह ने अपनी लाइसेंसी राइफल आपराधिक घटना को अंजाम देने के लिए सरोज सिंह को दी थी. एसपी के अनुसार, राइफल बरामद होने के बाद उसे चोरी का बताकर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की गई. जांच के बाद इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर राज कपूर सिंह को गिरफ्तार किया गया है. हालांकि, अभी पूरा मामला की जांच की जा रही है. एसटीएफ की उस कार्रवाई में बरामद हथियारों में एक इंसास राइफल भी शामिल थी. पुलिस जांच में पता चला कि यह राइफल रोहतास जिले में लोकसभा चुनाव के दौरान ईवीएम वेयरहाउस की सुरक्षा में तैनात जवान मंटू कुमार की थी, जो ड्यूटी के दौरान चोरी हो गई थी. हालांकि, सरोज सिंह के घर से बरामद एके-47 और कार्बाइन के संबंध में पुलिस को अब तक स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी है.

रिपोर्ट: मंटुन कुमार रॉय

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author