)
जनता दल यूनाइटेड में पिछले दिनों नीरज कुमार और अनंत सिंह आमने सामने आ गए थे. नीरज कुमार जेडीयू के विधान परिषद उम्मीदवार हैं और अनंत सिंह ने इनको हराने की एक तरह से कसम खा रखी है. उनका आरोप है कि 2025 के विधानसभा चुनाव में नीरज कुमार ने उनके पक्ष में प्रचार नहीं किया और हराने की पूरी कोशिश की. दोनों नेताओं ने एक दूसरे के खिलाफ ताल ठोक रखी थी. पार्टी आलाकमान ने दोनों के बीच मध्यस्थता करने की जिम्मेदारी केंद्रीय मंत्री ललन सिंह को सौंपी थी. ललन सिंह ने बीचबचाव किया भी था, लेकिन साथ ही नीरज कुमार के खिलाफ अपनी भी भड़ास निकाल दी थी और एक तरह से अनंत सिंह का पक्ष लिया था. हालांकि, उन्होंने दावा किया था कि अब दोनों नेताओं के बीच बदजुबानी नहीं होगी और अनंत सिंह, नीरज कुमार के खिलाफ वोट नहीं मांगेंगे, लेकिन उनका दावा खारिज करते हुए अनंत सिंह ने गुरुवार को पश्चिमी पटना में अनुज सिंह के समर्थन में न केवल प्रचार किया, बल्कि वोट भी मांगे.
पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से जन सुराज पार्टी के प्रत्याशी डॉ. अनुज सिंह के समर्थन में मोकामा से जेडीयू विधायक अनंत सिंह अपनी ही पार्टी के आधिकारिक उम्मीदवार नीरज कुमार के बजाय डॉ. अनुज सिंह के समर्थन में खुलकर मैदान में हैं.
अनंत सिंह पटना एम्स गोलंबर से अपने चुनावी दौरे की शुरुआत कर नौबतपुर, विक्रम और पाली क्षेत्र में पहुंचे. इस दौरान वे जन सुराज प्रत्याशी डॉ. अनुज सिंह के पक्ष में मतदाताओं से संपर्क कर मतदान की अपील कर रहे हैं. अनंत सिंह ने वोटरों से अपील की कि अनुज सिंह को वोट दीजिए और जो इनके खिलाफ चुनाव मैदान में हैं, उनकी जमानत जब्त कीजिए. उन्होंने लोगों से डॉ. अनुज सिंह को वोट देकर विजयी बनाने की अपील की.
अपने लाव लश्कर के साथ पटना के नौबतपुर पहुंचे अनंत सिंह के स्वागत के लिए सड़क पर दो दर्जन से अधिक जेसीबी से फूलों की बारिश कराई गई. इस दौरान दो किलोमीटर तक गाड़ियों का लंबा काफिला दिखाई दिया.
अनंत सिंह के इस चुनाव प्रचार को लेकर पटना स्नातक सीट का मुकाबला राजनीतिक रूप से चर्चा में आ गया है. खास बात यह है कि जेडीयू विधायक होने के बावजूद अनंत सिंह अपनी पार्टी के उम्मीदवार नीरज कुमार के बजाय जन सुराज प्रत्याशी डॉ. अनुज सिंह के समर्थन में प्रचार कर रहे हैं.
फिलहाल अनंत सिंह का चुनावी कार्यक्रम पटना के पश्चिमी क्षेत्र में जारी है, जहां वे अलग-अलग इलाकों में पहुंचकर डॉ. अनुज सिंह के समर्थन में संवाद कर रहे हैं.
इनपुट: इश्तेयाक अहमद