अनंत सिंह का यू-टर्न: जदयू विधायक बोले- 'गलत चलाया गया हमारा बयान, लालू राज में मारे गए थे मेरे 9 आदमी'
बाहुबली विधायक अनंत सिंह ने नीतीश कुमार पर दिए गए अपने बयान से यू-टर्न ले लिया है. उन्होंने कहा कि हम नीतीश जी के साथ हुए, तो लालू की पार्टी वालों ने मेरे 9 आदमी को मार दिया.
मोकामा से जदयू के बाहुबली विधायक अनंत सिंह ने नीतीश कुमार पर दिए गए अपने बयान पर पूरी तरह से यू-टर्न ले लिया है. उन्होंने कहा कि हमारी बात को गलत चलाया है. अनंत सिंह ने कहा कि लालू राज में मेरे 9 आदमी मारे गए थे. एसटीएफ ने गोली चलाई थी और मुझे भी गोली लगी थी.
'भाई मेरे दूसरी तरफ थे और हम इस तरफ थे'
विधायक अनंत सिंह ने कहा कि गांव पर हम काम किया करते थे. इस दौरान नीतीश जी ने कहा कि हमें मदद करिए, इस पर हमने उनसे कहा कि हमारे भाई को टिकट दे दीजिए. लालू जी से बात कर नीतीश जी ने मेरे भाई को टिकट दिलवाया. बाद में हम पार्टी से हट गए थे, इसके बाद ललन सिंह और नीतीश जी वापस से मेरे पास पहुंचे. भाई मेरे दूसरी तरफ थे और हम इस तरफ थे.
'एसटीएफ ने गोली चलाई, मुझे भी गोली लगी और मेरे 9 आदमी उसमें मारे गए'
उन्होंने कहा कि एसटीएफ ने गोली चलाई, मुझे भी गोली लगी और मेरे 9 आदमी उसमें मारे गए. लालू की सरकार में मेरे 9 लोग मारे गए, तब नीतीश जी की सरकार नहीं थी. नीरज कुमार जो बोलता है, उसने पार्टी के लिए क्या किया है? कौन सी कुर्बानी दी है?
'हमने नीतीश जी को चांदी के सिक्कों से तोला था'
जदयू के बाहुबली विधायक अनंत सिंह ने कहा कि लालू जी ने उन लोगों के साथ यानी नीतीश जी के साथ मीटिंग में नहीं जाना है, इस पर अनंत सिंह ने कहा कि हम जाएंगे और उस समय हमने नीतीश जी को चांदी के सिक्कों से तौला था.
लालू की पार्टी वालों ने मेरे 9 आदमियों को मार दिया'
अनंत सिंह ने कहा कि जो बयान दिया था, वह उल्टा चल गया. हम नीतीश जी के साथ हुए, तो लालू की पार्टी वालों ने मेरे 9 आदमियों को मार दिया. जो लोग न्यूज चला रहे हैं, वे गलत चला रहे हैं, वे बात को समझ नहीं पाए.
कौन से बयान पर पलटे अनंत सिंह, जानिए
दरअसल, जब उनसे पूछा गया था कि क्या वे अभी भी अपनी पार्टी का समर्थन करते हैं, तो JDU विधायक अनंत सिंह ने कहा कि मेरे जितने बलिदान किसने दिए हैं? उस समय नीतीश कुमार कुछ भी नहीं थे, वे यहां-वहां घूमा करते थे. उस दौर में, नीतीश कुमार के साथ रहते हुए मैंने 9 लोगों की हत्या करवाई थी.
रिपोर्ट: प्रिंस कुमार कुशवाहा
यह भी पढ़ें: 'नीतीश कुमार के साथ रहते हुए करवाए थे 9 मर्डर', जदयू विधायक अनंत सिंह का सनसनीखेज बयान