जमुई की घटना पर सियासत: पुलिस ने कर ली सभी आरोपियों की पहचान, तेजस्वी ने उनमें 'गमछा' देखा तो मांझी ने 'यादव'
जमुई की घटना से पूरा बिहार स्तब्ध है. सभी एक स्वर में आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं, लेकिन राजनीति आरोपियों में जाति खोजती है और वो जाति अभी तेजस्वी यादव के वोट बैंक वाली है. खैर, आरोपियों में से एक का हाफ एनकाउंटर हुआ है और वो अस्पताल में भर्ती है.
जमुई में एक कपल से बदतमीजी और लड़की के साथ गलत हरकत करने वालों में से एक का हाफ एनकाउंटर कर दिया गया है. दो दिन पहले लड़की को उठाने वाला नंदन यादव अब अपने कदमों को भी ठीक से नहीं उठा पा रहा है. दूसरे आरोपी हरेराम यादव का पैर टूट गया है. दोनों ट्रैक्टर चलाते थे और बालू ढोने का काम करते थे. दोनों जमुई सदन थाना के प्रतापपुर गांव के रहने वाले बताए जा रहे हैं. इस बीच बिहार के डिप्टी सीएम विजय कुमार चौधरी ने एक प्रेस कांफ्रेंस करते हुए कहा कि दोषियों को सख्त सजा दी जाएगी. उनके खिलाफ POCSO एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है, जिसमें कठोर कार्रवाई का प्रावधान है. उन्होंने कहा कि इस कुकृत्य में शामिल सभी आरोपियों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की जाएगी. सभी की पहचान की जा रही है. दूसरी ओर, राज्य में राजनीति गर्म हो गई है. तेजस्वी यादव ने एक आरोपी के भगवा गमछा पहनने को लेकर सत्तारूढ़ गठबंधन पर तंज कसा था, लेकिन पुलिस की छानबीन में आरोपियों में से अधिकांश यादव जाति के हैं, जैसा कि पुलिस ने दावा किया है.
तेजस्वी जी! अपने भाइयों को सचेत कर दीजिए: मांझी
जमुई की घटना के आरोपियों के एनकाउंटर के बाद केंद्रीय मंत्री और हिन्दुस्तानी अवाम मोर्चा के संरक्षक जीतनराम मांझी ने कहा, HAM बोलते नहीं, करके दिखलाते हैं. जमुई वाले मामले की जानकारी तो सबको लग ही गई होगी पर इसमें हम आपको लेटेस्ट जानकारी दे देते हैं. तेजस्वी जी कहते रहे हैं ना कि बिहार-यूपी का हर “यादव” उनका भाई है, तो उन्हीं भाइयों में से कुछ भाइयों ने जमुई में लड़की छेड़कर वीडियो बनाया था, ताकि हमारी सरकार को बदनाम किया जा सके. अब तेजस्वी यादव कहेंगे “देखिए ना सम्राट चौधरी ने मेरे भाई को ठोकवा दिया.” मैं अभी भी कहूँगा तेजस्वी जी अपने भाइयों को सचेत कर दीजिए, नहीं तो सम्राट सरकार किसी को बख़्शने वाली नहीं है. “सम्राट का सुशासन” है भाई.
दोषियों पर सख्त कार्रवाई हो: सांसद लवली आनंद
जमुई में छात्रा के साथ हुई घटना पर शिवहर से जेडीयू सांसद लवली आनंद ने कहा, इस तरह की घटना बिल्कुल निंदनीय है. दोषियों पर सख्त कार्रवाई हो और कड़ी से कड़ी सजा दी जाए. नारी का अपमान सरकार माफ़ नहीं करेगी. मैं खुद मुख्यमंत्री से मिलकर इस घटना पर चर्चा करूंगी.
गलत काम जो भी करेगा, सजा पाएगा: जमा खान
मंत्री जमा खान ने कहा कि बिहार में जो भी गलत करेगा, गड़बड़ करेगा या कानून को अपने हाथ में लेगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी. पहले भी कार्रवाई हुई है और आज भी हो रही है. बिहार में जात, पात या बिरादरी के नाम पर किसी का शोषण नहीं होना चाहिए. गलत, गलत होता है. उसका कोई समाज, जाति या धर्म नहीं होता. इसलिए गलत करने वाले के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए और इसमें सभी को मिलकर सहयोग करना चाहिए.
एबीवीपी ने तो मुख्यमंत्री तक का इस्तीफा मांग लिया
जमुई की घटना के विरोध में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को शहर में प्रदर्शन करते हुए सड़क जाम कर दिया. कार्यकर्ताओं ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की. प्रदर्शनकारियों ने बिहार सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के इस्तीफे की मांग भी उठाई.
बिहार में बच्चियां सुरक्षित नहीं: अजीत शर्मा
जमुई की घटना के बाद विपक्ष केंद्र और राज्य सरकार पर हमलावर है. कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सह पूर्व विधायक अजीत शर्मा ने केंद्र सरकार और बिहार सरकार पर जमकर हमला बोला है. उन्होंने कहा कि एक तरफ जहां प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री कहते हैं कि बिहार में 12 बजे रात में भी महिलाएं और लड़कियां सड़क पर जाएगी तो वह सुरक्षित हैं, लेकिन लगातार महिलाओं, छात्रों के साथ दुर्व्यवहार किया जा रहा है. नीट छात्रा का मामला हो या फिर खगड़िया में 4 साल की मासूम बच्ची के साथ दरिंदगी की घटना और अब जमुई की घटना, लगातार बिहार में इस तरह की घटना देखी जा रही है. उन्होंने कहा कि इस मामले में जिले के एसपी पर भी कार्रवाई होनी चाहिए, ना कि किसी छोटे पदाधिकारी को सस्पेंड कर मामले को रफा-दफा कर दिया जाए.
यूथ कांग्रेस ने किया बिहार सरकार का पुतला दहन
जमुई की घटना के विरोध में बिहार यूथ कांग्रेस की ओर से मंगलवार को पटना के कारगिल चौक पर प्रदर्शन मार्च निकाला गया. इस दौरान कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने बिहार सरकार का पुतला दहन किया और मुख्यमंत्री के इस्तीफे की मांग की. बिहार यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष ने कहा कि लगातार महिलाओं और बच्चियों के साथ राज्य में घटनाएं सामने आ रही हैं, जबकि सरकार सुशासन का दावा करती है. उन्होंने कहा कि अब पूरा बिहार उस अगली सुबह का इंतजार कर रहा है कि आखिर सम्राट चौधरी कब इस्तीफा देंगे. उन्होंने कहा कि अगर 20 साल से सरकार सत्ता में है, तो इन 20 वर्षों में बिहार में ऐसा क्या बदलाव आया कि आज भी ‘जंगलराज’ की बात की जाती है.